टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए मुकाबले में रन और छक्कों की बारिश के बीच कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बने।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। इस मैच में रन और छक्कों की ऐसी बारिश हुई कि कई बड़े रिकॉर्ड टूट गए। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 253 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी और भारत ने 7 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।
यह मुकाबला सिर्फ रोमांचक ही नहीं रहा, बल्कि आंकड़ों के लिहाज से भी बेहद खास साबित हुआ। इस मैच में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बने, जिनमें टीम के स्कोर से लेकर छक्कों और व्यक्तिगत प्रदर्शन तक कई उपलब्धियां शामिल रहीं।
भारत का स्कोर बना टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर
- भारत का 253/7 का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का चौथा सबसे बड़ा स्कोर बन गया। इतना ही नहीं, यह टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।
- इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप के किसी नॉकआउट मुकाबले में 200 से ज्यादा का स्कोर सिर्फ एक बार बना था, जब 2012 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 205/4 रन बनाए थे।
- इसके साथ ही भारत ने टी20 क्रिकेट में छठी बार 250 से ज्यादा का स्कोर बनाया, जो किसी भी टीम द्वारा सबसे ज्यादा है। साल 2026 में यह भारत का तीसरा 250 से ज्यादा का टी20 इंटरनेशनल स्कोर भी है।
मैच में बने 499 रन, टी20 इंटरनेशनल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा टोटल
- भारत और इंग्लैंड के इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 499 रन बनाए। भारत ने 253 रन बनाए जबकि इंग्लैंड ने 246 रन बनाए।
- यह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में दोनों टीमों द्वारा मिलकर बनाया गया दूसरा सबसे ज्यादा रन है। इससे पहले 2023 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच में कुल 517 रन बने थे। वहीं टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में इससे पहले सबसे ज्यादा 459 रन 2016 में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के मैच में बने थे।
छक्कों की भी हुई रिकॉर्ड बारिश
- इस मुकाबले में कुल 34 छक्के लगाए गए, जिनमें भारत ने 19 और इंग्लैंड ने 15 छक्के लगाए। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के किसी भी मैच में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है।
- भारत के 19 छक्के भी संयुक्त रूप से किसी एक टीम द्वारा टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में लगाए गए सबसे ज्यादा छक्कों की बराबरी है। इससे पहले नीदरलैंड और वेस्टइंडीज की टीम भी एक मैच में 19 छक्के लगा चुकी है।
- इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत अब तक 88 छक्के लगा चुका है, जो किसी भी टी20 टूर्नामेंट में एक टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं।
आदिल राशिद और जोफ्रा आर्चर के नाम अनचाहे रिकॉर्ड
- इस मैच में इंग्लैंड के स्पिनर आदिल राशिद (Adil Rashid) के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ। वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 से ज्यादा छक्के खाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए।
- वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) ने इस मैच में 7 छक्के खाए, जो टी20 वर्ल्ड कप के किसी एक मैच में किसी गेंदबाज द्वारा खाए गए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा छक्कों की बराबरी है।
जैकब बेथेल ने रचा इतिहास
- इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल (Jacob Bethell) ने इस मैच में शानदार शतक लगाया। उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
- बेथेल ने सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी है।
- इसके साथ ही उन्होंने एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने पहले फर्स्ट क्लास, लिस्ट ए और टी20 शतक बनाने वाले इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए।
- हालांकि बेथेल की शानदार पारी के बावजूद इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ तीसरी बार हुआ है जब किसी बल्लेबाज का शतक टीम की हार के साथ समाप्त हुआ।
वरुण चक्रवर्ती के नाम भी दर्ज हुआ महंगा स्पेल
- भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakaravarthy) ने इस मैच में 4 ओवर में 64 रन खर्च किए। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी गेंदबाज का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे महंगा स्पेल है।
- इतना ही नहीं, यह भारतीय गेंदबाज द्वारा टी20 इंटरनेशनल में डाले गए सबसे महंगे स्पेल में भी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







