टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कई खिलाड़ियों ने पहली बार शानदार प्रदर्शन करके अपनी अलग पहचान बनाई।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कई बड़े सितारों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इस टूर्नामेंट ने कुछ नए खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान दिलाई। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा और पहली बार बड़े मंच पर खुद को साबित किया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में कई युवा खिलाड़ियों ने ऐसे प्रदर्शन किए, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। नीचे उन खिलाड़ियों के बारे में जानिए जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार बड़ा नाम बनाया।
T20 World Cup 2026 में इन खिलाड़ियों ने पहली बार बनाया बड़ा नाम
1. संजू सैमसन (भारत)
संजू सैमसन इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे। उन्होंने सिर्फ पांच पारियों में 321 रन बनाए और उनका औसत 80.25 रहा। उनकी स्ट्राइक रेट 199.37 की रही, जो पूरे टूर्नामेंट में सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक रही।
सैमसन ने लगातार तीन अर्धशतक लगाए और भारत को कई मैचों में तेज शुरुआत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया। हालांकि, सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2024 विजेता भारतीय टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
2. टिम सैफर्ट (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सैफर्ट भी इस टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक रहे। उन्होंने आठ पारियों में 326 रन बनाए और उनका औसत 46.57 रहा।
सैफर्ट ने पूरे टूर्नामेंट में चार अर्धशतक लगाए और न्यूजीलैंड को फाइनल तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने फाइनल में भी 52 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, लेकिन 256 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही कीवी टीम के अन्य बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके।
3. जैकब बेथेल (इंग्लैंड)
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल ने इस टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबको प्रभावित किया। उन्होंने आठ मैचों में 280 रन बनाए। उन्होंने इस टूर्नामेंट में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया।
बेथेल ने मुंबई में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 105 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जहाँ 254 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड को मात्र 7 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।
4. शैडली वान शाल्कविक (यूएसए)
यूएसए के तेज गेंदबाज शैडली वान शाल्कविक इस टूर्नामेंट के सबसे चौंकाने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे। उन्होंने सिर्फ चार पारियों में 13 विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। उनकी गेंदबाजी की बदौलत यूएसए ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन किया और कई मजबूत टीमों को कड़ी टक्कर दी।
शाल्कविक फाइनल मुकाबले से पहले तक इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, लेकिन फाइनल में जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने क्रमशः 4 और 2 विकेट लेकर 14-14 विकेट के साथ उन्हें पीछे छोड़ दिया।
5. साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान)
पाकिस्तान के ओपनिंग बल्लेबाज साहिबजादा फरहान इस टूर्नामेंट के सबसे बड़े सरप्राइज खिलाड़ियों में से एक रहे। उन्होंने सात मैचों में छह पारियां खेलते हुए 383 रन बनाए और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने।
इस दौरान उनका औसत 76.60 और स्ट्राइक रेट 160.25 रहा। फरहान ने इस टूर्नामेंट में दो शतक और दो अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन रहा। साहिबजादा फरहान के नाम अब एक टी20 वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने और सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो चुका है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि कई नए सितारों के उभरने की कहानी भी रहा। इन खिलाड़ियों ने बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया भर के क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा। आने वाले समय में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में और भी बड़ी पहचान बना सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







