टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन की 77 रन की पारी ने उन्हें भारत बनाम पाकिस्तान T20I इतिहास की सबसे बड़ी पारियों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंचा दिया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि भावनाओं, दबाव और बड़े मंच का संगम होता है, इसलिए यहां बड़ी व्यक्तिगत पारियां और भी खास बन जाती हैं। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इस हाई वोल्टेज टक्कर में शानदार बल्लेबाजी की है और अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ 40 गेंदों 77 रन बनाए। हालांकि, वह शतक से पहले आउट हो गए, लेकिन उनकी यह पारी अब भारत बनाम पाकिस्तान T20I इतिहास की सबसे बड़ी पारियों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। इसी कड़ी में यहाँ हम आपको भारत बनाम पाकिस्तान T20I मैचों में खेली गई 5 सबसे बड़ी पारियों की जानकारी देने जा रहे हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान T20I मैचों में खेली गई 5 सबसे बड़ी पारियां
5. गौतम गंभीर – 75 रन (2007)
टी20 वर्ल्ड कप 2007 के फाइनल में गौतम गंभीर ने पाकिस्तान के खिलाफ 54 गेंदों पर 75 रनों की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने शुरुआत में विकेट गिरने के बावजूद एक छोर संभालकर रखा और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी यह पारी भारत की ऐतिहासिक जीत की नींव साबित हुई और भारत ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को मात्र 4 रन से हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता।
4. ईशान किशन – 77 रन (2026)
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ईशान किशन ने कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए दबाव भरे मुकाबले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने बड़ी बाउंड्री वाले इस मैदान पर 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
3. विराट कोहली – 78* रन (2012)
विराट कोहली लंबे समय से पाकिस्तान के खिलाफ बड़े मैच खिलाड़ी माने जाते हैं और 2012 में कोलंबो में उन्होंने इसका शानदार उदाहरण पेश किया। उन्होंने 129 के रन चेज में 61 गेंदों पर 78 रन की नाबाद पारी खेली और भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई थी। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने यह मैच 18 गेंदें शेष रहते हुए आराम से जीत लिया था।
2. मोहम्मद रिजवान – 79* रन (2021)
टी20 वर्ल्ड कप 2021 में दुबई में खेले गए मैच में मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी। 152 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 55 गेंदों पर 6 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 79 रन बनाए और बाबर आजम के साथ मिलकर 152 रनों की नाबाद और बड़ी साझेदारी की थी। इस पारी की बदौलत पाकिस्तान ने बिना कोई विकेट गंवाए ऐतिहासिक जीत हासिल की थी, जो किसी भी फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ उनकी पहली जीत थी।
1. विराट कोहली – 82* रन (2022)
भारत बनाम पाकिस्तान T20I इतिहास की सबसे बड़ी पारी विराट कोहली के नाम है, जो उन्होंने 2022 टी20 वर्ल्ड कप में मेलबर्न में खेली थी। उन्होंने उस मुकाबले में 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 53 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए थे और मुश्किल परिस्थितियों में टीम को जीत दिलाई थी। एक समय 35 के स्कोर पर 4 विकेट गंवा चुके थे और उसके बाद कोहली के आखिरी ओवरों में लगातार बड़े शॉट्स ने मैच को पूरी तरह पलट दिया और भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को हरा दिया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







