Tuesday, February 24

हेटमायर और पॉवेल की तूफानी पारियों के बाद गुडाकेश मोती और अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन कर वेस्टइंडीज को 107 रनों की बड़ी जीत दिलाई।

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने वानखेड़े स्टेडियम में एकतरफा प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 107 रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कैरेबियाई टीम ने 254 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर बनाया और फिर गेंदबाजों ने दबाव बनाकर विपक्षी टीम को 147 रनों पर समेट दिया। यह जीत न सिर्फ बड़े अंतर से आई, बल्कि पॉइंट्स टेबल की तस्वीर भी पूरी तरह बदल गई।

हेटमायर की विस्फोटक पारी से वेस्टइंडीज ने बनाया पहाड़ जैसा स्कोर

इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत साधारण रही। ब्रैंडन किंग (12 गेंदों में 9 रन) और कप्तान शाई होप (12 गेंदों में 14 रन) जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद शिमरॉन हेटमायर ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 34 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 250 से भी ज्यादा रहा और उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

रोवमैन पॉवेल ने भी शानदार साथ देते हुए 35 गेंदों में 59 रन बनाए। दोनों के बीच 52 गेंदों पर 122 रनों की बड़ी साझेदारी ने टीम को 250 के पार पहुंचाने की बड़ी नींव रखी।

लोअर ऑर्डर ने किया धमाकेदार फिनिश

अंतिम ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड (13 गेंदों में 31 रन नाबाद) ने तेज रन बनाकर स्कोर को 250 के पार पहुंचाया। रोमारियो शेफर्ड (10 गेंदों में 21 रन) और जेसन होल्डर (4 गेंदों में 13 रन) ने भी बड़े शॉट लगाए। अंत में वेस्टइंडीज ने 20 ओवरों में 6 विकेट पर 254 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

जिम्बाब्वे की शुरुआत में ही टूटा मनोबल

254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। उन्होंने सिर्फ 20 रनों पर 3 विकेट गंवा दिए, जिससे मैच लगभग वहीं खत्म हो गया।

तदिवानाशे मारुमानी (8 गेंदों में 14 रन) और ब्रायन बेनेट (5 गेंदों में 5 रन) जल्दी आउट हो गए, जबकि रायन बर्ल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।

स्पिन गेंदबाजों ने पूरी तरह पलटा मैच

बीच के ओवरों में वेस्टइंडीज के स्पिनरों ने मैच पर पूरी तरह कब्जा कर लिया। गुडाकेश मोटी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए और जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी। एकील होसैन ने भी 4 ओवरों में 28 रन देकर 3 विकेट झटके और लगातार दबाव बनाए रखा। मैथ्यू फोर्ड ने 2 विकेट लेकर शुरुआत में ही झटका दिया।

जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने अंत में 21 गेंदों में 43 रनों की पारी खेलकर कुछ देर तक मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 5 शानदार छक्के लगाए। इवांस के लिए यह उनके टी20 अन्तर्राष्ट्रीय करियर का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। हालांकि, मैथ्यू फोर्ड की स्लोवर गेंद पर टॉप एज लगने के चलते वह शॉर्ट थर्ड मैन को कैच थमा बैठे, जिसके चलते उनकी मनोरंजक पारी समाप्त हो गई। अंततः 17.4 ओवरों में 147 रनों पर ऑलआउट हो गई।

पॉइंट्स टेबल में बड़ा बदलाव, वेस्टइंडीज 107 रनों से जीतकर पहुंचा पहले स्थान पर

वेस्टइंडीज की इस बड़ी जीत के बाद सुपर 8 ग्रुप 1 की पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर हो गया है। कैरेबियाई टीम अब 2 अंकों और +5.35 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के खाते में भी 2 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रन रेट +3.80 है, जिससे वो दूसरे स्थान पर खिसक गया है।

इसके अलावा, ग्रुप स्टेज में अजेय रहा जिम्बाब्वे इस हार के बाद 0 अंक और -5.35 के नेट रन रेट के साथ ग्रुप में अंतिम स्थान पर पहुंच गया है।

टीम इंडिया की मुश्किलें और भी बढ़ीं

वेस्टइंडीज की 107 रनों से जीत के चलते अब टीम इंडिया की मुश्किलें और भी बढ़ गई हैं। दरअसल, टीम इंडिया को अपने पहले सुपर 8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जिसके चलते भारत के खाते में 0 अंक और नेट रन रेट -3.80 है।

भारत को अब 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने बाकी दोनों मुकाबले खेलने हैं, जो सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए बेहद अहम होंगे।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version