Ind Vs SA: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक बार फिर हमें इंटरनेशनल क्रिकेट की गूंज सुनाई देने वाली है। क्यूंकि आगामी 17 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाने वाला है। तभी तो अब लंबे इंतजार के बाद लखनऊ में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो रही है। इससे पहले साल 2023 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए यहां मैच खेला गया था। वहीं इसके बाद अब यह दूसरा मौका होने वाला है जब इकाना स्टेडियम में टीम इंडिया अपना अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगी।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग हुई शुरू :-
01 दिसंबर, 2025 सोमवार को इकाना स्टेडियम में टिकट लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसके साथ ही टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। वहीं इस बार इकाना स्टेडियम में मैच देखने के लिए टिकट की कीमतें 999 रुपये से शुरू होकर 25,000 रुपये तक निर्धारित की गई हैं।

यानि कि यहां सबसे कम रेट की टिकट 999 रुपए और सबसे अधिक रेट की टिकट 25000 रुपए की है। इसके अलावा सभी क्रिकेट प्रेमी टिकट जोमैटो के ‘डिस्ट्रिक्ट’ प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं। जबकि ऑफलाइन बिक्री के लिए बॉक्स ऑफिस की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं और कुछ दिनों में काउंटर से भी टिकट उपलब्ध हो जाएंगे।
यूपीसीए के सेक्रेटरी ने दी खास जानकारी :-
इकाना स्टेडियम प्रबंधन के अनुसार इस बार टिकट व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। यहां पर सुरक्षा से लेकर दर्शकों की आवाजाही और बैठने की व्यवस्था तक, हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसके चलते हुए यहां पर दर्शकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो पाए। इसके अलावा यूपीसीए के सेक्रेटरी प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया है कि टिकट लॉन्च होते ही सीट बुकिंग शुरू हो गई है और शुरुआती प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक रही है।

इसके आगे उन्होंने कहा कि लगभग दो साल बाद होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बीच हमें पूरी उम्मीद है कि यह स्टेडियम खचाखच भरा रहेगा। इस बार उन्होंने उम्मीद जताई है कि बड़ी संख्या में दर्शक इस मैच का लुत्फ उठाने स्टेडियम पहुंचने वाले हैं।
यहां 2023 में कैसा था टीम इंडिया का प्रदर्शन :-
इस बीच हम आपको बता देना चाहते हैं कि साल 2023 में लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच धमाकेदार मैच खेला गया था। उस समय इन दोनों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर 1-1 से बराबरी कर ली थी।

इसके अलावा उस मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। इसके चलते हुए तब यह कीवी टीम अपने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर केवल 99 रन ही यहां पर बना पाई थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने 100 रन के लक्ष्य को 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया था। इस तरह से यह इकाना स्टेडियम टीम इंडिया के लिए एक अच्छे अवसर से कम नहीं रहा है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







