ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड ने एशेज 2025 में पर्थ में खेले गए टेस्ट मैच में मात्र 69 गेंदों पर शतक पूरा करके सबसे तेज टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया।
टेस्ट क्रिकेट को लंबे समय तक ऐसा फॉर्मेट माना गया, जो धैर्य, रक्षात्मक बल्लेबाजी और गहरी तकनीक पर आधारित होता है। लेकिन इतिहास में कुछ ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज भी सामने आए, जिन्होंने गेंदबाजों पर पूरी तरह से अटैक करते हुए तेजी से रन बनाए। इन खिलाड़ियों ने कम गेंदों में शतक लगाकर यह साबित किया कि टेस्ट मैच सिर्फ लंबी पारी खेलने का ही नहीं, बल्कि मैच की रफ्तार बदल देने का भी मंच है।
यही वजह है कि जब कोई खिलाड़ी सौ गेंदों से काफी पहले शतक पूरा कर देता है, तो वह पारी चर्चा का हिस्सा बन जाती है और क्रिकेट प्रेमी उसे सालों तक याद रखते हैं। इसी क्रम में यहाँ हम आपको टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
10. रॉय फ्रेड्रिक्स – 71 गेंदें बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1976
रॉय फ्रेड्रिक्स ने पर्थ की तेज पिच पर 71 गेंदों में शतक लगाकर वेस्टइंडीज की झंडा बुलंद बल्लेबाजी का परिचय दिया। उन्होंने 145 गेंदों में 169 रन बनाए और इसमें 27 चौके और एक छक्का शामिल रहा। यह पारी उस दौर की सबसे आक्रामक टेस्ट पारियों में गिनी जाती है।
9. क्रिस गेल – 70 गेंदें बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2010
क्रिस गेल टी20 में अपनी हिटिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उन्होंने पर्थ में टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 70 गेंदों में शतक जड़कर अकेले दम पर लड़ने वाली पारी खेली। गेल ने उस पारी में 72 गेंदों में 102 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 6 छक्के थे।
8. डेविड वॉर्नर – 69 गेंदें बनाम भारत, 2012
भारतीय गेंदबाजों के लिए पर्थ टेस्ट की यह पारी बेहद कठिन साबित हुई, जब डेविड वॉर्नर ने शुरुआत से ही अटैक करना शुरू किया। उन्होंने WACA की तेज पिच पर सिर्फ 69 गेंदों में शतक पूरा किया और 159 गेंदों में 180 रन बनाए। उनकी पारी में 20 चौके और पांच छक्के शामिल थे और उन्होंने भारत को मैच की शुरुआत से ही दबाव में डाल दिया, जिससे यह इनिंग लंबे समय तक याद रखी जाती है।
7. शिवनारायण चंद्रपॉल – 69 गेंदें बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2003
शिवनारायण चंद्रपॉल अपनी टिकाऊ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे, लेकिन जॉर्जटाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने बिल्कुल अलग अंदाज दिखाया। उस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 53 रन पर पांच विकेट खो दिए थे, लेकिन चंद्रपॉल ने परिस्थिति भांपते हुए काउंटर अटैक करने का तरीका चुना और केवल 69 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने 72 गेंदों पर 100 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और दो छक्के शामिल थे।
6. ट्रैविस हेड – 69 गेंदें बनाम इंग्लैंड, 2025
एशेज 2025 26 के दौरान पर्थ टेस्ट में ट्रैविस हेड ने ऐसी पारी खेली, जिसने दबाव को अवसर में बदल दिया। पहले दिन कुल 19 विकेट गिरने के बाद दूसरे दिन इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 205 रनों का लक्ष्य दिया और उस्मान ख्वाजा के चोटिल होने के चलते हेड को ओपन करने भेजा गया।
हेड ने शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक रवैया अपनाया और सिर्फ 69 गेंदों में शतक जड़ दिया। उन्होंने 83 गेंदों में 123 रन बनाए और उनकी पारी में 16 चौके और चार छक्के शामिल थे।
5. जैक ग्रेगरी – 67 गेंदें बनाम दक्षिण अफ्रीका, 1921
जैक ग्रेगरी ने 1921 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 67 गेंदों में शतक बनाकर टेस्ट इतिहास में तेजी की नई परिभाषा लिखी। उस दौर में तेज बल्लेबाजी की कल्पना भी मुश्किल थी, लेकिन ग्रेगरी ने महज 85 मिनट बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाकर गेंदबाजों पर जोरदार दबदबा बनाया। यह रिकॉर्ड लगभग 65 सालों तक कायम रहा।
4. एडम गिलक्रिस्ट – 57 गेंदें बनाम इंग्लैंड, 2006
एडम गिलक्रिस्ट ने पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ ऐसी धमाकेदार पारी खेली जिसने मैच का रुख ही बदल दिया। पहली पारी में बिना खाता खोले आउट होने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में सिर्फ 57 गेंदों में शतक जड़ दिया। गिलक्रिस्ट ने केवल 59 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए थे, जिससे यह पारी एशेज इतिहास की सबसे यादगार इनिंग्स में शामिल हो गई।
3. मिस्बाह उल हक – 56 गेंदें बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2014
मिस्बाह उल हक को आमतौर पर शांत और संयमित बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन अबू धाबी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए टेस्ट में उन्होंने बिल्कुल विपरीत अंदाज दिखाया। उन्होंने दूसरी पारी में सिर्फ 56 गेंदों में शतक पूरा किया और विव रिचर्ड्स के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
2. विव रिचर्ड्स – 56 गेंदें बनाम इंग्लैंड, 1986
विव रिचर्ड्स ने 1986 में एंटीगा में इंग्लैंड के खिलाफ 56 गेंदों में शतक लगाकर लगभग 65 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह लगभग तीस सालों तक यह सबसे तेज टेस्ट शतक के रूप में रिकॉर्ड बुक में टॉप पर बना रहा, जिसे बाद में मिस्बाह उल हक ने बराबर किया।
1. ब्रेंडन मैक्कुलम – 54 गेंदें बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2016
ब्रेंडन मैक्कुलम ने अपने आखिरी टेस्ट मैच में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को चकित कर दिया। उन्होंने क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केवल 54 गेंदों में शतक पूरा किया था और सबसे तेज टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए थे। मैक्कुलम ने उस पारी में 79 गेंदों में 145 रन बनाए थे, जिसमें 21 चौके और 6 छक्के शामिल थे।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







