WPL 2026 फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन ने ट्रेंड को बरकरार रखते हुए टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी।
वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन (RCBW) और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW) के बीच वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पूरे टूर्नामेंट के बाद खिताब की तस्वीर साफ होने वाली है। इस मुकाबले में RCBW ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। पूरे टूर्नामेंट में पहले गेंदबाजी का ट्रेंड रहा है और फाइनल में भी स्मृति मंधाना ने भी उसी रास्ते को चुना।
टॉस के बाद कप्तानों की सोच
RCB वीमेन की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतने के बाद कहा कि अच्छी पिच पर लक्ष्य पता होना हमेशा मददगार रहता है। उन्होंने बताया कि ब्रेक के दौरान टीम ने खुद को तरोताजा रखा और पिछले कुछ दिनों में फाइनल की तैयारी पर पूरा फोकस किया गया। स्मृति ने साफ कहा कि टीम वही क्रिकेट खेलेगी जो पूरे सीजन काम आया है।
दिल्ली कैपिटल्स वीमेन की कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने कहा कि बड़े मैचों में टॉस हारना कई बार फायदेमंद भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि टीम ने चीजों को बहुत सरल रखा है और एलिमिनेटर इसी मैदान पर खेलने का फायदा जरूर मिलेगा। दिल्ली की टीम इस फाइनल में बिना किसी बदलाव के उतरी है।
पिच रिपोर्ट और मैदान की स्थिति
फाइनल मुकाबला पिच नंबर पांच पर खेला जा रहा है, जो इसी मैदान पर खेले गए एलिमिनेटर की सतह जैसी ही है। पिच में दरारें जरूर दिख रही हैं, लेकिन घास ज्यादा नहीं है। इससे बल्लेबाजों को टाइमिंग मिलने की उम्मीद है, खासकर चौकों के लिए यह सतह अच्छी है।
इस मैदान के एक साइड की बाउंड्री करीब 54 मीटर है, जबकि दूसरी तरफ 58 मीटर की दूरी है। सीधे शॉट्स के लिए करीब 66 मीटर का फासला है। इस मैदान पर छक्कों से ज्यादा चौके देखने को मिलते हैं। नई गेंद से तेज गेंदबाजों को पॉवरप्ले में हल्की मदद मिल सकती है, जबकि बीच के ओवरों में स्पिन भी असर डाल सकती है।
RCBW vs DCW WPL 2026 Final: दोनों टीमों की प्लेइंग XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन (RCBW): ग्रैस हैरिस, स्मृति मंधाना, जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष, राधा यादव, नादिन डी क्लर्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, सयाली सतघरे, श्रेयंका पाटिल, लॉरेन बेल
दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW): लिजेल ली, शेफाली वर्मा, लौरा वुल्वार्ट, जेमिमाह रोड्रिग्स, मारिजान कैप, सिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
फाइनल से उम्मीदें
एक तरफ RCB वीमेन है, जिसने सीजन की शुरुआत दमदार अंदाज में की और सीधे फाइनल में पहुंची। दूसरी तरफ दिल्ली कैपिटल्स वीमेन है, जो लगातार चौथी बार WPL फाइनल खेल रही है और इस बार खिताब जीतने के इरादे से उतरी है।
टॉस के बाद गेंदबाजी चुनकर RCB ने दबाव दिल्ली पर डाल दिया है। अब देखना होगा कि फाइनल के बड़े मंच पर कौन सी टीम अपने प्लान को बेहतर तरीके से अंजाम दे पाती है।
WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







