Saturday, February 7

WPL 2026 फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने इतिहास रचते हुए पहली पारी में 203 रन ठोक दिए।

वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 (WPL 2026) के फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स वीमेन (DCW) ने इतिहास रच दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु वीमेन (RCBW) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवरों में 4 विकेट पर 203 रन बनाए, जो WPL फाइनल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है।

वडोदरा के कोटाम्बी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दिल्ली की बल्लेबाजी शुरुआत से ही आत्मविश्वास से भरी हुई दिखी और हर ओवर के साथ दबाव RCB पर बढ़ता गया।

पॉवरप्ले में तेज शुरुआत, लेकिन फिर गिरे दो अहम विकेट

इस मुकाबले में दिल्ली की शुरुआत आक्रामक रही और पहले छह ओवरों में टीम ने 53 रन जोड़ दिए। शेफाली वर्मा ने 13 गेंदों पर 20 रन बनाए और तेजी से रन जुटाए, लेकिन वह पॉवरप्ले में ही आउट हो गईं। इसके बाद लिजेल ली ने एक छोर संभाले रखा और 30 गेंदों पर 37 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसमें उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। हालांकि, लिजेल ली भी सातवें ओवर में आउट हो गईं, लेकिन तब तक दिल्ली की रन गति मजबूत बनी हुई थी।

वुल्वार्ट और जेमिमाह की साझेदारी ने बदला मैच का रुख

मिडिल ऑर्डर में लौरा वुल्वार्ट और कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने पारी को पूरी तरह संभाल लिया। लौरा ने 25 गेंदों पर 44 रन बनाए और अपनी टाइमिंग से मैदान के हर हिस्से में रन बटोरे। दूसरी ओर जेमिमाह ने कप्तानी पारी खेलते हुए जिम्मेदारी और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। इन दोनों के बीच हुई साझेदारी ने दिल्ली को बड़े स्कोर की ओर तेजी से बढ़ाया और RCB की गेंदबाजी पर लगातार दबाव बनाए रखा।

जेमिमाह रोड्रिग्स का रिकॉर्ड अर्धशतक

जेमिमाह रोड्रिग्स ने इस फाइनल में 37 गेंदों पर 57 रन बनाए और यह पारी कई मायनों में खास रही। यह WPL फाइनल में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है और उन्होंने यह अर्धशतक सिर्फ 32 गेंदों में पूरा किया। यह WPL नॉकआउट इतिहास का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इससे तेज अर्धशतक सिर्फ पिछले सीजन एलिमिनेटर में नैट सिवर-ब्रंट ने 29 गेंदों में लगाया था।

पूरे WPL 2026 सीजन में जेमिमाह और लौरा की जोड़ी दिल्ली के लिए बेहद अहम रही है। दोनों ने इस सीजन 8 पारियों में मिलकर 354 रन बनाए। इन पारियों में उनका औसत 44.25 का रहा और इस दौरान चार बार अर्धशतकीय साझेदारियां देखने को मिलीं। यह आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की बल्लेबाजी की रीढ़ यही जोड़ी रही है।

आखिरी ओवरों में सिनेल हेनरी का तूफानी फिनिश

डेथ ओवर्स में सिनेल हेनरी ने दिल्ली की पारी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। उन्होंने सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 230 से ज्यादा रहा। आखिरी ओवरों में हेनरी की इस आक्रामक बल्लेबाजी की वजह से दिल्ली का स्कोर तेजी से बढ़ा और टीम 200 के पार पहुंचने में सफल रही।

WPL फाइनल इतिहास में नया अध्याय

दिल्ली कैपिटल्स वीमेन का 203 रन का स्कोर WPL फाइनल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। इससे पहले किसी भी फाइनल में 200 रन का आंकड़ा पार नहीं हुआ था।

इसके अलावा, अगर WPL फाइनल में सबसे बड़ी पारियों पर नजर डालें तो, 2025 फाइनल में हरमरनप्रीत कौर के 66 रन, 2023 फाइनल में नैट सिवर-ब्रंट के नाबाद 60 रन बनाए थे, लेकिन अब 2026 फाइनल में जेमिमाह रोड्रिग्स के 57 रन भी इस लिस्ट में शामिल हो गए हैं। इस लिहाज से यह फाइनल WPL इतिहास के सबसे यादगार मुकाबलों में शामिल हो चुका है।

WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version