FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप का ड्रॉ वाशिंगटन डीसी में हुआ। इस बार पहली बार 48 टीमें खेलेंगी, इसलिए टूर्नामेंट पहले से बड़ा और लंबा होगा। सबसे ज़्यादा चर्चा उस ग्रुप की हुई जिसमें फ्रांस, नॉर्वे और सेनेगल साथ आए हैं। फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड जैसे दो बड़े खिलाड़ी इसी ग्रुप में आमने-सामने होंगे। सेनेगल भी बहुत मजबूत टीम है, इसलिए इस ग्रुप को “सबसे मुश्किल ग्रुप” कहा जाने लगा है। इस ग्रुप की चौथी टीम अभी तय नहीं है। यूक्रेन, स्वीडन, पोलैंड और अल्बानिया में से जो भी प्लेऑफ़ जीतकर आएगा, वही इस ग्रुप में शामिल होगा।
टूर्नामेंट का पहला मैच कौन-सी टीम खेलेगी?
वर्ल्ड कप का पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच होगा। यह मैच दोनों टीमों के लिए बहुत ज़रूरी होगा, क्योंकि उनके ग्रुप ‘A’ में साउथ कोरिया और यूरोपियन प्लेऑफ़ जीतकर आने वाली टीम भी मौजूद है।
ब्राजील- मोरक्को एक ही ग्रुप में
ग्रुप ‘C’ भी काफी मजबूत है। पिछले वर्ल्ड कप में सभी को चौंकाने वाली टीम मोरक्को अब पांच बार की विजेता ब्राजील से भिड़ेगी। स्कॉटलैंड और हैती के लिए इस ग्रुप से आगे बढ़ना बहुत मुश्किल होगा।
इंग्लैंड- क्रोएशिया के बीच खेला जाएगा फाइनल जैसा मुकाबला
ग्रुप ‘L’ में इंग्लैंड और क्रोएशिया आमने-सामने होंगे। दोनों ही टीमों को खिताब का मजबूत दावेदार माना जाता है, इसलिए उनकी टक्कर ग्रुप स्टेज के सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक मानी जा रही है। पनामा और घाना के लिए इस ग्रुप से आगे बढ़ना लगभग नामुमकिन लगता है।
इटली का भाग्य प्लेऑफ़ तय करेगा
अगर इटली यूरोपियन प्लेऑफ़ जीतता है, तो वह कनाडा, कतर और स्विट्ज़रलैंड वाले ग्रुप ‘B’ में शामिल होगा। इटली के आने से इस ग्रुप की ताकत और मुकाबले का पूरा संतुलन बदल सकता है।
कौन सी टीम किस ग्रुप में हैं मौजूद
ग्रुप A : मेक्सिको, दक्षिण अफ्रीका, यूरोप प्लेऑफ डी विजेता और साउथ कोरिया
ग्रुप B: कनाडा, यूरोप प्लेऑफ ए विजेता, कतर, स्विट्जरलैंड
ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, स्कॉटलैंड और हैती
ग्रुप D: अमेरिका, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप प्लेऑफ सी विजेता
ग्रुप E: कुराकाओ, जर्मनी, कोट द’ईवोआर और इक्वाडोर
ग्रुप F: नीदरलैंड, जापान, यूरोप प्लेऑफ बी विजेता, ट्यूनीशिया
ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
ग्रुप H: स्पेन, केप वर्डे, सऊदी अरब, उरुग्वे
ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, अंतरमहाद्वीपीय प्लेऑफ 2 विजेता, नॉर्वे
ग्रुप J: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया और जॉर्डन
ग्रुप K: पुर्तगाल, अंतरमहाद्वीपीय प्लेऑफ 1 विजेता, उज्बेकिस्तान, कोलंबिया
ग्रुप L: इंग्लैंड, घाना, पनामा और क्रोएशिया







