Saturday, February 14

Azlan Shah Cup 2025: पाकिस्तान हॉकी को एक और अंतरराष्ट्रीय बेइज्जती का सामना करना पड़ा है। मलेशियाई हॉकी फेडरेशन ने पाकिस्तान को अजलान शाह कप 2025 में आमंत्रित करने से इनकार कर दिया है। वजह है, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) द्वारा 10,349 अमेरिकी डॉलर (लगभग 8.83 लाख रुपये) का बकाया भुगतान ना करना।

यह टूर्नामेंट 22 से 29 नवंबर तक मलेशिया के इपोह में खेला जाएगा। लेकिन अब पाकिस्तान की टीम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से बाहर कर दी गई है।

आलीशान होटल में रुके अधिकारी और परिवार, खर्चा नहीं चुकाया

Pakistan Hockey Team
Pakistan Hockey Team/Getty Images

पूरा मामला अक्टूबर 2023 के जोहर हॉकी कप से जुड़ा है, जब पाकिस्तान की टीम मलेशिया गई थी। उस दौरान PHF के कई अधिकारी और उनके परिवार भी टीम के साथ गए थे। वे भी उसी फाइव स्टार होटल में ठहरे, जहां टीमें ठहरी थीं। मगर आयोजकों की ओर से पहले ही कह दिया गया था कि अधिकारियों को अपने खर्च खुद उठाने होंगे।

PHF ने इन खर्चों का भुगतान आज तक नहीं किया। अब जोहर हॉकी संघ ने इस मसले को मलेशियाई महासंघ और इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) तक ले जाने की धमकी दी है।

मलेशियाई हॉकी फेडरेशन का सख्त रुख

जोहर हॉकी संघ ने PHF को औपचारिक पत्र भेजकर सख्त लहजे में बकाया चुकाने की मांग की थी। जब इसका जवाब नहीं मिला, तो अजलान शाह कप के आयोजकों ने पाकिस्तान को टूर्नामेंट से ही बाहर कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, मलेशियाई फेडरेशन पाकिस्तान के गैरजिम्मेदार रवैये से खफा है और अब वह इस मामले को FIH के पास भी ले जाने की तैयारी में है।

PHF की आर्थिक तंगी और बढ़ी मुश्किलें

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन पहले ही गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। सूत्रों की मानें तो मौजूदा PHF अध्यक्ष और उनकी टीम इस मसले से परेशान हैं, क्योंकि इन खर्चों की जिम्मेदारी पूर्व अधिकारियों की थी, जिन्होंने अपने परिवारों के साथ बिना भुगतान किए मलेशिया में रहना पसंद किया। अब ये विवाद मौजूदा नेतृत्व के सिर फूट पड़ा है, जिससे पाकिस्तान हॉकी की साख को गहरा झटका लगा है।

क्या इंटरनेशनल हॉकी में पाकिस्तान की वापसी होगी मुश्किल?

एक समय पर हॉकी की दुनिया पर राज करने वाला पाकिस्तान अब न सिर्फ मैदान पर कमजोर दिखता है, बल्कि प्रबंधन स्तर पर भी शर्मनाक स्थिति में पहुंच चुका है। टूर्नामेंट से बाहर होना केवल एक शुरुआत हो सकती है, क्योंकि अगर FIH इस पर कार्रवाई करता है, तो पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय हॉकी में वापसी और भी मुश्किल हो सकती है।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Sports Content Writer शिव मंगल सिंह (Shiv Mangal Singh) एक स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं, जो खेलों की दुनिया की बारीकियों को समझने और उसे सरल, सटीक और प्रभावशाली अंदाज में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वे क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस और अन्य खेलों की ख़बरें लिखने में महारत रखते हैं। उनकी लेखनी का उद्देश्य पाठकों को ताजा और सटीक जानकारियों के साथ अपडेट रखना है।

Leave A Reply

Exit mobile version