इस बार महिला वर्ल्ड कप 2025 का आगाज़ 30 सितंबर को गुवाहाटी में होने वाला है। इस बीच BCCI ने यह जानकारी देते हुए कहा है कि असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग को ओपनिंग सेरेमनी के दौरान श्रद्धांजलि देने का फैसला किया है। सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुए हादसे में जुबिन गर्ग की मौत हो गई थी। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जुबीन के निधन से असम में गहरा शोक है। असम क्रिकेट एसोसिएशन और BCCI ने उद्घाटन समारोह में उनके लिए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया है।
जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि कब और कहाँ दी जाएगी
महिला वर्ल्ड कप 2025 का आगाज़ 30 सितंबर को किया जाएगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि ओपनिंग सेरेमनी में जुबीन
गर्ग की श्रद्धांजलि पर 40 मिनट का कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं इस सेरेमनी में बॉलीवुड की मशहूर सिंगर श्रेया घोषाल भी अपने पॉपुलर गीत और टूर्नामेंट के ऑफिशियल सॉन्ग BRING IT HOME की प्रस्तुति देंगी। बता दें कि वीमेंस वर्ल्ड कप 2025 का उद्घाटन मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। इस बार वर्ल्ड कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका में की जाएगी। इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट फैन्स बहुत खुश हैं।
भारतीय टीम के खिताब जीतने की उम्मीद लगाई जा रही है
इस बार महिला वर्ल्ड कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जा रहा है। वहीं BCCI सचिव ने उम्मीद जताई कि इस बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ICC वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज़ में भारत ने शानदार खेल दिखाया, हालांकि सीरीज़ 1-2 से हार गया। अभी तक भारतीय महिला टीम कोई भी ICC ट्रॉफी नहीं जीत पाई है और यह बड़ा मौका है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। महिला क्रिकेट अब नए मुकाम पर पहुँच चुका है।







