Friday, March 20

तीन साल पहले मार्केटा वोंद्रोसोवा (Marketa Vondrousova) ने टोक्यो ओलंपिक में अपने देश के लिए सिल्वर मेडल जीता था, लेकिन चेक गणराज्य की इस बाएं हाथ की खिलाड़ी को पेरिस ओलंपिक2024 (Paris Olympics 2024) में पोडियम पर खड़े होने के लिए खेलने का मौका नहीं मिलेगा। वोंद्रोसोवा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आगामी ओलंपिक टेनिस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की।

हाथ की चोट के चलते पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा नहीं ले पाएंगी मार्केटा वोंद्रोसोवा

Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024
Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024/ Getty Images

मार्केटा वोंद्रोसोवा ने अपने इन्स्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि, हाथ की चोट की समस्याओं के चलते वह पेरिस ओलम्पिक 2024 में हिस्सा नहीं ले रही हैं। हालाँकि, वह कम से कम डबल्स में हिस्सा लेने के लिए सोच रहीं थीं, लेकिन यह भी संभव नहीं हो सका। अब वह लगभग 5 सप्ताह बाद शुरू होने वाले यूएस ओपन 2024 तक ठीक होकर कोर्ट पर वापसी पर ध्यान केन्द्रित कर रहीं हैं।

25 वर्षीय खिलाड़ी ने इन्स्टाग्राम पर अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे बहुत खेद है, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से मैं इस साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक गेम्स में भाग नहीं ले रही हूँ।”

उन्होंने आगे लिखा, “मैं आखिरी क्षण तक उम्मीद कर रही थी कि, कम से कम डबल्स में जा सकती हूँ, लेकिन मेरे हाथ की समस्याओं ने मुझे कोर्ट पर नहीं जाने दिया। मैं अब यूएस ओपन में ठीक होने पर ध्यान केंद्रित कर रही हूं, मैं दूर से ही फ्रांस के सभी चेक प्रतिनिधियों के लिए अपनी उंगलियां क्रॉस करके रखूंगी। उम्मीद है कि जल्द ही कोर्ट पर वापस आऊंगी।”

बता दें कि, पेरिस ओलम्पिक 2024 का टेनिस इवेंट शानिवार से रोलैंड गैरोस में शुरू होगा, जहाँ विंबलडन का आयोजन होता है। तीन साल पहले अपने पहले ओलंपिक (टोक्यो 2020) में गैर-वरीयता प्राप्त वोंद्रोसोवा ने अन्य खिलाडियों के अलावा उस समय की वर्ल्ड नंबर 2 नाओमी ओसाका को हराया था, लेकिन गोल्ड मेडल मैच में वह बेलिंडा बेनकिक से हार गई थी।

सिंगल्स में कैटरीना सिनियाकोवा और डबल्स में लिंडा नोस्कोवा लेंगी Marketa Vondrousova की जगह

Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024
Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024/ Getty Images

विंबलडन 2023 चैंपियन 25 वर्षीय मार्केटा वोंद्रोसोवा (Marketa Vondrousova) से उम्मीद थी कि, वह सिंगल्स इवेंट के साथ-साथ कैरोलिन मुचोवा (Karolina Muchova) के साथ डबल्स में भी हिस्सा लेंगी। हालाँकि, उनके नाम वापस लेने के बाद, कैटरीना सिनियाकोवा (Katerina Siniakova) सिंगल्स में उनकी जगह लेंगी, जबकि डबल्स में लिंडा नोस्कोवा (Linda Noskova) मुचोवा के साथ जोड़ी बनाएंगी। यह भी बता दें कि, हाल ही में विंबलडन 2024 की चैंपियन बनी बारबोरा क्रेजिकोवा चेक रिपब्लिक की टेनिस टीम में शामिल हैं।

वोंद्रोसोवा के हटने का मतलब है कि टोक्यो ओलंपिक 2020 की तीन पदक विजेताओं में से दो पेरिस ओलंपिक में नहीं खेलेंगी। बता दें कि, गोल्ड मेडलिस्ट बेलिंडा बेनकिक, जिन्होंने अप्रैल में अपनी बेटी बेला को जन्म दिया था, पहले से ही मैटरनिटी लीव पर हैं। हालाँकि, यूक्रेन की टॉप खिलाड़ी एवं ब्रॉन्ज विजेता एलिना स्वितोलिना पेरिस ओलंपिक में हिस्सा लेंगी।

Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024
Marketa Vondrousova Paris Olympics 2024/ Getty Images

गौरतलब हो कि, अक्सर चोटिल रहने वाली चेक रिपब्लिक की महिला टेनिस खिलाड़ी मार्केटा वोंद्रोसोवा को कूल्हे में चोट लगी थी। यह चोट उन्हें बर्लिन में ग्रास कोर्ट में गिरने की वजह से लगी थी। विंबलडन 2023 टाइटल विजेता को विंबलडन 2024 में पहले राउंड में स्पेन की जेसिका बौज़ास मानेरो के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

इसी के साथ, वह ओपन एरा में दूसरी ऐसी महिला बन गईं थीं, जिन्हें पिछले साल खिताब जीतने के बाद विंबलडन के पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा था। उस हार के चलते वोंद्रोसोवा डब्ल्यूटीए रैंकिंग में 6वें स्थान से 18वें स्थान पर खिसक गयी।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version