Athletics: अगले महीने टोक्यो में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में लगभग 15 भारतीय खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। जबकि साल 2023 में हंगरी में हुई विश्व चैंपियनशिप में भारत की तरफ से 28 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इसके अलावा साल 2023 में बुडापेस्ट में खेली गई विश्व चैंपियनशिप में भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके चलते हुए आगामी 28 अगस्त को भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन टीम चयन को लेकर बैठक करेगी।
भारत की रिले टीम क्वालीफाई से चुकी :-

इस बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की तरफ से रिले दौड़ के लिए टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई है। इसके चलते हुए विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने वाले भारतीयों की संख्या में कमी आई है। क्यूंकि इससे पहले साल 2023 में भारत ने पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले के लिए सात धावक नामित किए थे और तब भारतीय चौकड़ी ने तत्कालीन एशियाई रिकॉर्ड कायम किया था। वहीं उस समय भारतीय चौकड़ी ने पांचवां स्थान हासिल किया था।
भाला फेंक में तीन भारतीय ले सकते हैं हिस्सा :-
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 के पिछले सत्र की तरह इस बार टोक्यो में भी पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में कम से कम तीन भारतीयों के प्रतिस्पर्धा करने की संभावना है। क्यूंकि बीते रविवार को चेन्नई में खेली गई राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले रोहित यादव अगर विश्व रैंकिंग कोटा में आगे बढ़ते हैं तो यह संख्या बढ़कर चार हो सकती है। जबकि नीरज को मौजूदा चैंपियन होने के चलते वाइल्ड कार्ड मिल चुका है। वहीं बीते रविवार को विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफिकेशन की अंतिम तिथि के अनुसार सचिन यादव और यशवीर सिंह 36 एथलीटों की सूची में हैं।

इस बीच नीरज चोपड़ा ने 85.50 मीटर का स्वत: क्वालिफिकेशन मार्क भी पार कर लिया था। वहीं इस बार विश्व एथलेटिक्स की ‘रोड टू टोक्यो’ सूची 27 अगस्त को आएगी। इसके बाद यह स्थिति और भी साफ हो जाएगी। इसके अलावा विश्व एथलेटिक्स द्वारा प्रत्येक स्पर्धा के लिए पहले से निर्धारित संख्या को पूरा करने के बाद बाकी बची हुई जगहें विश्व रैंकिंग कोटा के माध्यम से दी जाएंगी।
पारुल और गुलवीर से भी रहेगी उम्मीद :-
स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा के अलावा भारत की मशहूर धावक पारुल चौधरी (महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज), गुलवीर सिंह (पुरुष 5,000 मीटर) और प्रवीण चित्रवेल (पुरुषों की त्रिकूद) ने भी स्वत: क्वालिफिकेशन मार्क पार किया है। जबकि इस बार क्वालिफिकेशन हासिल करने वाले अविनाश साबले चोट और उसके बाद की सर्जरी के कारण बाहर हो गए हैं।

इसके अलावा विश्व रैंकिंग कोटा के माध्यम से इस बार दावेदारी में शामिल भारतीय खिलाड़ियों में अन्नू रानी (महिला भाला फेंक), प्रियंका गोस्वामी (महिला 35 किमी रेस वॉक), अनिमेष कुजुर (पुरुष 200 मीटर), अब्दुल्ला अबूबकर (पुरुष त्रिकूद), सेर्विन सेबेस्टियन और अक्षदीप सिंह (दोनों पुरुष 20 किमी रेस वॉक), राम बाबू (पुरुष 35 किमी रेस वॉक), सचिन, यशवीर और रोहित (सभी पुरुष भाला फेंक) के नाम शामिल है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







