एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत के युवा भालाफेंक खिलाड़ी सचिन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 85.16 मीटर का थ्रो किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यह उनके करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हालांकि, उन्हें गोल्ड मेडल के लिए पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी टक्कर मिली, जिन्होंने 86.40 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया।

कौन है जैवलिन थ्रो का नया स्टार सचिन यादव?

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकरा गांव से ताल्लुक रखने वाले 25 वर्षीय सचिन यादव किसान परिवार से आते हैं। इससे पहले उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84.39 मीटर था, जिसे उन्होंने इस मुकाबले में पीछे छोड़ दिया। इस इवेंट में भारत के यशवीर सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 82.57 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर पांचवां स्थान हासिल किया।

अनिमेष कुजुर ने 200 मीटर दौड़ में बनाया नेशनल रिकॉर्ड

स्प्रिंटर अनिमेष कुजुर ने पुरुषों की 200 मीटर रेस में ब्रॉन्ज मेडल जीता और साथ ही एक नया नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने यह दौड़ 20.32 सेकंड में पूरी की, जो उनके खुद के पुराने रिकॉर्ड 20.40 सेकंड से बेहतर है। इससे पहले उन्होंने यह समय नेशनल फेडरेशन सीनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हासिल किया था।

इस रेस में जापान के टोवा उज़ावा ने 20.12 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि सऊदी अरब के अब्दुलअज़ीज अब्दु इअताफी ने 20.31 सेकंड में दौड़ पूरी कर सिल्वर मेडल हासिल किया।

विथ्या रामराज ने 400 मीटर हर्डल रेस में हासिल किया ब्रॉन्ज

भारतीय महिला एथलीट विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर हर्डल रेस में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। तमिलनाडु की 26 वर्षीय विथ्या ने यह दौड़ 56.46 सेकंड में पूरी की। यह उनकी इस सीजन की मजबूत वापसी मानी जा रही है।

इस रेस में चीन की मो जियाडी ने 55.31 सेकंड में दौड़ पूरी कर गोल्ड मेडल जीता, जबकि बहरीन की ओलुवाकेमी अडेकोया 55.32 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। भारत की दूसरी धाविका अनु राघवन इस रेस में 57.46 सेकंड के साथ सातवें स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 200 मीटर रेस में ज्योति और निथ्या का प्रदर्शन

महिलाओं की 200 मीटर फाइनल रेस में ज्योति यार्राजी ने 23.47 सेकंड के साथ पांचवां स्थान हासिल किया, जबकि निथ्या गांधे ने 23.90 सेकंड में रेस पूरी कर सातवां स्थान पाया। हालांकि, इस बार वे मेडल नहीं जीत पाईं, लेकिन ज्योति इससे पहले सप्ताह में 100 मीटर हर्डल रेस में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version