Thursday, March 12

Carlos Alcaraz secures 2025 year-end World No 1 ranking after beating Musetti: कार्लोस अल्काराज ने एक बार फिर दिखा दिया कि वह पुरुष टेनिस की नई ताकत बन चुके हैं और इसी निरंतरता ने उन्हें साल 2025 का वर्ल्ड नंबर 1 रैंकिंग दिला दी। अल्काराज ने एटीपी फाइनल्स 2025 में इटली के लोरेन्जो मुसेट्टी पर बेहतरीन जीत दर्ज की और इसी जीत के साथ उन्होंने यानिक सिनर से यह रेस छीन ली।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास हो जाती है, क्योंकि उन्होंने अपने करियर में दूसरी बार साल के अंत में नंबर 1 बनने का कारनामा किया और ऐसा 23वें जन्मदिन से पहले करने वाले वह लेयटन ह्यूइट के बाद केवल दूसरे खिलाड़ी बने।

अल्काराज ने सिनर को कैसे पछाड़ा

यह सीजन अल्काराज और सिनर की कड़ी प्रतिद्वंद्विता का गवाह बना और दोनों खिलाड़ी एक दूसरे को लगातार चुनौती देते हुए आगे बढ़ते रहे। यूएस ओपन फाइनल में सिनर को हराने के बाद अल्काराज ने नंबर 1 की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा लिए थे, लेकिन सिनर ने इसके बाद चीन ओपन, वियना ओपन और पेरिस मास्टर्स जीतकर रेस को फिर रोमांचक बना दिया।

इसी वजह से अल्काराज को एटीपी फाइनल्स में अपने तीनों ग्रुप मैच जीतना जरूरी हो गया था। यह काम आसान नहीं लग रहा था, क्योंकि हाल के महीनों में इनडोर कोर्ट पर उनका प्रदर्शन स्थिर नहीं था और दबाव भी काफी अधिक था।

मुसेट्टी के खिलाफ जीत ने दिलाया बड़ा मुकाम

मुस्सेटी जैसे खिलाड़ी के सामने उतरना हमेशा चुनौती होती है, लेकिन अल्काराज ने शुरुआत से आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए मैच को अपने नियंत्रण में रखा। उन्होंने 6-4, 6-1 के सीधे सेटों में जीत हासिल की और इसी के साथ वर्ल्ड नंबर 1 रैंकिंग भी पक्की कर ली।

मैच के बाद उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआत में दबाव काफी था और घबराहट भी महसूस हुई, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और लय पाने के बाद शानदार खेल दिखाया। उनकी साफ झलक मिल रही थी कि यह मैच उनके लिए सिर्फ एक जीत का नहीं, बल्कि एक इतिहास रचने का मौका था।

नंबर 1 बनने पर अल्काराज की प्रतिक्रिया

अल्काराज ने कहा कि साल की शुरुआत में नंबर 1 बनना काफी दूर नजर आ रहा था, क्योंकि सिनर लगभग हर टूर्नामेंट जीत रहे थे लेकिन सीजन के मध्य के बाद उन्हें लगा कि वह इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें सिनर के करीब पहुंचाया और आखिर में एटीपी फाइनल्स ने फैसले की घड़ी तय कर दी। उन्होंने कहा कि सिनर के खिलाफ यह रेस बेहद कठिन थी और आखिर में नंबर 1 हासिल करना उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है।

फेडरर, नडाल और जोकोविच से आगे निकले

अल्काराज का यह कारनामा इसलिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि रोजर फेडरर, राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी 23 साल की उम्र से पहले दो बार साल के अंत में नंबर 1 नहीं बन पाए थे।

इसका मतलब है कि अल्काराज जिस गति और निरंतरता से आगे बढ़ रहे हैं, वह उन्हें भविष्य के महान खिलाड़ियों की सूची में मजबूती से खड़ा कर रही है। यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग नहीं, बल्कि उनके करियर के बढ़ते प्रभाव की मजबूत गवाही है।

आगे की चुनौती और उम्मीदें

हालांकि, सिनर अभी भी शानदार फॉर्म में हैं और इटली में खेले जा रहे एटीपी फाइनल्स में उन्हें घरेलू समर्थन भी मिल रहा है, लेकिन यह साल समाप्त होने तक नंबर 1 रैंकिंग अब अल्काराज के नाम हो चुकी है।

इसके अलावा, अल्काराज एटीपी फाइनल्स 2025 के सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं और उनका लक्ष्य अब खिताब जीतकर सीजन को बेहतरीन अंदाज में समाप्त करना है। वह कह चुके हैं कि अभी काम पूरा नहीं हुआ है और वह हर मैच में बेहतर प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।

टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version