Tuesday, February 17

टेनिस के इतिहास में कई खिलाड़ी अपनी फिटनेस और लंबे करियर के लिए याद किए जाते हैं, लेकिन उम्र के आखिरी पड़ाव पर भी ग्रैंड स्लैम जीतना सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी केन रोज़वॉल अब तक सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 1972 में यह कारनामा किया था।

अब सर्बिया के दिग्गज और 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके नोवाक जोकोविच इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब हैं। इस समय जोकोविच की उम्र 37 साल है और अगर वह यूएस ओपन जीतते हैं तो 52 साल पुराना रोज़वाल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। इसी क्रम में आइए जानते हैं टेनिस इतिहास के सात सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम चैंपियंस के बारे में।

टेनिस इतिहास के सात सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम चैंपियंस

7. रोजर फेडरर – 35 साल, 10 महीने, 26 दिन (विंबलडन 2017)

स्विट्ज़रलैंड के महान खिलाड़ी रोजर फेडरर ने विंबलडन 2017 में अपने करियर का 19वां ग्रैंड स्लैम और आठवां विंबलडन खिताब जीता था। खास बात यह रही कि, फेडरर ने बिना एक भी सेट गंवाए खिताब पर कब्ज़ा किया। उन्होंने फाइनल में क्रोएशिया के मारिन सिलिच को आसानी से हराया था और उस समय उनकी उम्र 35 साल, 10 महीने, 26 दिन थी।

6. राफेल नडाल – 35 साल, 11 महीने, 19 दिन (फ्रेंच ओपन 2022)

स्पेनिश स्टार राफेल नडाल ने 2022 में फेडरर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपना 14वां फ्रेंच ओपन और कुल 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। उन्होंने सेमीफाइनल में जोकोविच को हराया और फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड को स्ट्रेट सेट्स में मात देकर खिताब पर कब्ज़ा किया था। उस समय उनकी उम्र 35 साल, 11 महीने और 19 दिन थी।

5. नोवाक जोकोविच – 36 साल, 6 दिन (फ्रेंच ओपन 2023)

सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने 36 साल, 6 दिन की उम्र में अपने करियर का 23वां ग्रैंड स्लैम जीता था। उन्होंने फ्रेंच ओपन 2023 के  फाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड को स्ट्रेट सेट्स में हराया था और नडाल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज्यादा पुरुष ग्रैंड स्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बने थे।

4. नोवाक जोकोविच – 36 साल, 3 महीने, 6 दिन (यूएस ओपन 2023)

जोकोविच ने 2023 में ही 36 साल, 3 महीने, 6 दिन की उम्र में यूएस ओपन खिताब जीतकर अपने ग्रैंड स्लैम की संख्या 24 तक पहुंचा दी थी। उन्होंने फाइनल में रूस के डेनियल मेदवेदेव को हराया था और चौथी बार यूएस ओपन चैंपियन बने थे।

3. केन रोज़वॉल – 36 साल, 4 महीने, 5 दिन (ऑस्ट्रेलियन ओपन 1971)

ऑस्ट्रेलिया के केन रोज़वॉल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 1971 में शानदार प्रदर्शन किया और बिना एक भी सेट गंवाए खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने फाइनल में दिग्गज खिलाड़ी आर्थर ऐश को हराकर यह कारनामा किया था। उस समय उनकी उम्र 36 साल, 4 महीने, 5 दिन थी।

2. रोजर फेडरर – 36 साल, 5 महीने, 7 दिन (ऑस्ट्रेलियन ओपन 2018)

2018 में रोजर फेडरर ने करियर का 20वां और आखिरी ग्रैंड स्लैम जीता था। उन्होंने फाइनल मुकाबले में सिलिच को पांच सेटों के रोमांचक मैच में हराया था और छठी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बने थे। उस समय उनकी उम्र 36 साल, 5 महीने, 7 दिन थी।

1. केन रोज़वॉल – 37 साल, 1 महीना, 24 दिन (ऑस्ट्रेलियन ओपन 1972)

केन रोज़वॉल ने 37 साल, 1 महीना, 24 दिन की उम्र में ऑस्ट्रेलियन ओपन 1972 जीतकर इतिहास रचा था और सबसे उम्रदराज ग्रैंड स्लैम चैंपियन बन गए थे। उन्होंने फाइनल में अपने हमवतन मैल्कम एंडरसन को हराकर अपना आठवां और आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

Q1. सबसे उम्रदराज पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन कौन हैं?

केन रोज़वॉल अब तक के सबसे उम्रदराज पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। उन्होंने 37 साल, 1 महीना और 24 दिन की उम्र में ऑस्ट्रेलियन ओपन 1972 का ख़िताब जीता था।

Q2. क्या नोवाक जोकोविच सबसे उम्रदराज पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन बन सकते हैं?

हाँ, जोकोविच की उम्र 37 साल हो चुकी है और अगर वे यूएस ओपन 2025 जीतते हैं, तो वे रोज़वॉल का 52 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर सबसे उम्रदराज पुरुष ग्रैंड स्लैम चैंपियन बन जाएंगे।

Q3. रोजर फेडरर ने आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब कब जीता था?

रोजर फेडरर ने अपना आखिरी (20वां) ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन 2018 में जीता था।

Q4. राफेल नडाल का सबसे उम्रदराज खिताब कौन सा है?

राफेल नडाल ने 2022 में 35 साल, 11 महीने की उम्र में अपना 14वां फ्रेंच ओपन खिताब जीता था।

Q5. नोवाक जोकोविच के नाम कितने ग्रैंड स्लैम खिताब हैं?

सितंबर 2023 तक, नोवाक जोकोविच के नाम कुल 24 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं, जो पुरुष खिलाड़ियों में सबसे अधिक हैं।

टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version