Players Who Reached All Four Grand Slam Finals in a Season:टेनिस इतिहास के ओपन एरा में बहुत ही कम खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स के फाइनल तक का सफर तय किया है। अब इस सूची में यानिक सिनर का नाम भी दर्ज हो चुका है, क्योंकि वह 2025 के सीजन में चारो ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने का रिकॉर्ड बना चुके हैं।
यूएस ओपन 2025 के फाइनल में जगह बनाते ही यानिक सिनर एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले मात्र चौथे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले तीन दिग्गज खिलाड़ियों ने यह कारनामा किया था, जिसमें से दो खिलाड़ी 3-3 बार एक सीजन में सभी ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल चुके हैं। यहाँ हम आपको ओपन एरा के उन सभी खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल चुके हैं।
ये हैं एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले खिलाड़ी
1. रॉड लेवर – 1969
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रॉड लेवर टेनिस इतिहास के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जो एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम जीतने का कारनामा कर चुके हैं। वह ओपन एरा में कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले अब तक के एकमात्र खिलाड़ी हैं। इतना ही नहीं, वह 1962 में अमेच्योर एरा में भी कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने का कारनामा कर चुके हैं।
लेवर ने साल 1969 में सभी चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट्स के फाइनल में जगह बनाई थी और खिताब भी जीता था। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन 1969 फाइनल में एंड्रीज गिमेनो को, फ्रेंच ओपन फाइनल में केन रोजवेल को, विंबलडन फाइनल में जॉन न्यूकॉम्ब को और यूएस ओपन फाइनल में टोनी रोच को हराया था।
2. रोजर फेडरर – 2006, 2007, 2009
स्विस दिग्गज रोजर फेडरर ने अपने करियर में तीन अलग-अलग सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने का कारनामा किया था। उन्होंने 2006 में पहली बार यह उपलब्धि हासिल की थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में मार्कोस बगदातिस को, विंबलडन में राफेल नडाल को और यूएस ओपन में एंडी रॉडिक को हराया था, जबकि फ्रेंच ओपन में वे नडाल से हार गए थे।
इसके अलावा, फेडरर 2007 के फ्रेंच ओपन फाइनल में नडाल से हार गए, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में फर्नांडो गोंजालेज को, विंबलडन फाइनल में लगातार दूसरे साल नडाल को और यूएस ओपन फाइनल में नोवाक जोकोविच को हराया।
उन्होंने 2009 में तीसरी बार यह उपलब्धि हासिल की, जब वे ऑस्ट्रेलियन ओपन में नडाल से और यूएस ओपन में जुआन मार्टिन डेल पोत्रो से हार गए, लेकिन फ्रेंच ओपन फाइनल में रॉबिन सोडरलिंग और विंबलडन में रॉडिक को हराया।
3. नोवाक जोकोविच – 2015, 2021, 2023
सर्बियाई दिग्गज नोवाक जोकोविच भी फेडरर की तरह तीन अलग-अलग सीजन सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2015 में यह उपलब्धि हासिल की थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में एंडी मरे को हराया था और फिर फ्रेंच ओपन फाइनल में स्टेन वावरिंका से हार गए थे, लेकिन फिर विंबलडन और यूएस ओपन दोनों के फाइनल में फेडरर के खिलाफ जीत हासिल की थी।
जोकोविच ने 2021 में एक बार फिर चारो ग्रैंड स्लैम में पहुँचने का कारनामा किया, लेकिन कैलेंडर ग्रैंड स्लैम से एक जीत दूर रह गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में डेनियल मेदवेदेव, फ्रेंच ओपन फाइनल में स्टेफानोस त्सित्सिपास और विंबलडन फाइनल में माटेओ बेरेटिनी को हराया। हालाँकि, इससे पहले वह यूएस ओपन फाइनल में मेदवेदेव से हार गए थे।
इसके बाद जोकोविच 2023 में चारों प्रमुख फाइनल में पहुंचे, जहाँ वह विंबलडन फाइनल में कार्लोस अल्काराज़ से हार गए, लेकिन ऑस्ट्रेलियन ओपन में त्सित्सिपास, फ्रेंच ओपन में कैस्पर रूड और यूएस ओपन में मेदवेदेव को हराया।
4. यानिक सिनर – 2025
इटली के युवा सनसनी यानिक सिनर ने 2025 के सीजन में सभी चारो ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुँचने के बाद इस सूची में अपनी जगह बनाई। अब वह ओपन एरा के बाद एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेलने वाले चौथे खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन के फाइनल में पहुँचे। हाल ही में वह यूएस ओपन के फाइनल में भी पहुँचे हैं, जहाँ उनका सामना कार्लोस अल्काराज से होगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न 1: क्या यानिक सिनर ने अब तक सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं?
उत्तर: हाँ, यानिक सिनर यूएस ओपन 2025 के फाइनल में पहुँचने के बाद ओपन एरा में ऐसे चौथे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हों।
प्रश्न 2: ओपन एरा में सबसे पहले एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल कौन खेला था?
उत्तर: ओपन एरा में यह ऐतिहासिक उपलब्धि सबसे पहले 1969 में ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी रॉड लेवर ने हासिल की थी। खास बात यह है कि उन्होंने सिर्फ फाइनल तक का सफर तय नहीं किया, बल्कि चारों ग्रैंड स्लैम जीतकर कैलेंडर ग्रैंड स्लैम भी पूरा किया था। वह ओपन एरा में अब तक ऐसा करने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।
प्रश्न 3: रोजर फेडरर ने कितनी बार एक सीजन में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं?
उत्तर: टेनिस के स्विस दिग्गज रोजर फेडरर ने यह कारनामा एक या दो बार नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग सीजन (2006, 2007 और 2009) में किया था। इन सालों में फेडरर लगातार चारों प्रमुख टूर्नामेंट्स के फाइनल तक पहुँचे और कई खिताब भी जीते।
प्रश्न 4: नोवाक जोकोविच ने किन सालों में सभी चार ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले हैं?
उत्तर: नोवाक जोकोविच ने अपने करियर में तीन बार यह उपलब्धि हासिल की है। पहली बार उन्होंने 2015 में चारों ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले, फिर 2021 में कैलेंडर ग्रैंड स्लैम के करीब पहुँचे लेकिन यूएस ओपन फाइनल हार गए। इसके बाद 2023 में भी उन्होंने सभी ग्रैंड स्लैम फाइनल खेले और तीन खिताब जीते।
प्रश्न 5: ओपन एरा में कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाला एकमात्र खिलाड़ी कौन है?
उत्तर: ओपन एरा में कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले एकमात्र खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के रॉड लेवर हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि 1969 में हासिल की थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन चारों खिताब अपने नाम किए। इतना ही नहीं, वह एमेच्योर एरा में 1962 के सीजन में भी कैलेंडर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था।
टेनिस से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







