Top 7 Richest Tennis Players: टेनिस दुनिया का एक बेहद चर्चित और कमाई वाला खेल है। इस खेल ने कई दिग्गज खिलाड़ियों को शोहरत और दौलत दोनों दी है। हालांकि, कोर्ट पर शानदार प्रदर्शन करने वाले सितारे अपनी ब्रांड वैल्यू के चलते भी करोड़ों की कमाई करते हैं। इनमें से कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं जिन्होंने रिटायरमेंट के बाद भी बिजनेस या अन्य क्षेत्रों में बड़ी सफलता पाई है।
विंबलडन 2025 का रोमांच करीब आ रहा है और इस टूर्नामेंट में कई खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरते हुए नजर आएंगे। इसी मौके पर आइए जानते हैं उन 7 टेनिस खिलाड़ियों के बारे में जो सबसे ज्यादा संपत्ति के मालिक हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर और राफेल नडाल जैसे मौजूदा दिग्गज भी शामिल हैं, लेकिन नंबर 1 पर इनसे भी बड़ा नाम मौजूद है।
ये हैं दुनिया के 7 सबसे अमीर टेनिस खिलाड़ी
7. पीट सैम्प्रस (Pete Sampras) – 160 मिलियन डॉलर
1990 के दशक में टेनिस पर राज करने वाले अमेरिका के पीट सैम्प्रस भी इस सूची में जगह बनाते हैं। 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले सैम्प्रस अपने दौर में Nike और Wilson जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ बड़े करार करते थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने रियल एस्टेट में अच्छा खासा निवेश किया और अब उनका एक बड़ा बिजनेस एम्पायर है। उनकी कुल संपत्ति 160 मिलियन डॉलर (लगभग 1,350 करोड़ रुपये) है।
6. एंडी मरे (Andy Murray) – 165 मिलियन डॉलर
ब्रिटेन के एंडी मरे भी इस लिस्ट में शामिल हैं। तीन ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले मरे दो बार ओलंपिक गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। मरे कोर्ट के बाहर स्कॉटलैंड में एक लग्जरी होटल के मालिक हैं और प्रॉपर्टी में भी उनका बड़ा निवेश है। हालांकि, वह लंबे समय से चोटों से जूझते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने एक मजबूत फाइनेंशियल पोर्टफोलियो तैयार कर लिया है। उनकी कुल संपत्ति 165 मिलियन डॉलर (लगभग 1,390 करोड़ रुपये) के आसपास है।
5. आंद्रे अगासी (Andre Agassi) – 175 मिलियन डॉलर
अमेरिका के आंद्रे अगासी 90 के दशक के सबसे बड़े टेनिस सितारों में से एक रहे। 8 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले अगासी अपने दौर के स्टाइल आइकन भी माने जाते थे। उनकी शादी हॉलीवुड एक्ट्रेस ब्रुक शील्ड्स से भी काफी चर्चा में रही थी। रिटायरमेंट के बाद अगासी शिक्षा और बिजनेस के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने कई स्मार्ट इन्वेस्टमेंट किए हैं और ब्रांड डील्स से भी अच्छी कमाई भी की है। उनकी कुल संपत्ति 175 मिलियन डॉलर (लगभग 1,470 करोड़ रुपये) है।
4. राफेल नडाल (Rafael Nadal) – 220 मिलियन डॉलर
स्पेन के राफेल नडाल को ‘क्ले कोर्ट का किंग’ कहा जाता है। उन्होंने अब तक 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। Nike जैसी दिग्गज कंपनी के वह सालों से चेहरा रहे हैं। इसके अलावा Kia समेत कई ब्रांड्स से उनकी बड़ी कमाई होती है। नडाल का खुद का टेनिस एकेडमी भी है जहां वह युवाओं को ट्रेनिंग देते हैं। उन्होंने स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी में भी निवेश किया है जिससे उनकी संपत्ति बढ़ी है। उनकी कुल संपत्ति 220 मिलियन डॉलर (लगभग 1,850 करोड़ रुपये) के करीब है।
3. नोवाक जोकोविच (Novak Djokovic) – 250 मिलियन डॉलर
सर्बिया के नोवाक जोकोविच मौजूदा दौर के सबसे बड़े टेनिस सितारों में से एक हैं। 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले जोकोविच टेनिस के इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। उन्होंने Lacoste और Asics जैसी चुनिंदा कंपनियों के साथ ब्रांड डील्स की हैं। साल 2024 में उन्होंने अपनी खुद की हेल्थ ब्रांड ‘SILA by Novak Djokovic’ लॉन्च की, जो इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक क्यूब्स बनाती है। उनकी कुल संपत्ति 250 मिलियन डॉलर (लगभग 2,100 करोड़ रुपये) है।
2. रोजर फेडरर (Roger Federer) – 550 मिलियन डॉलर
स्विट्जरलैंड के दिग्गज रोजर फेडरर का नाम टेनिस के सबसे बड़े सितारों में लिया जाता है। 20 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले फेडरर ने करीब दो दशकों तक टेनिस पर राज किया। कोर्ट से बाहर भी उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के साथ करार किए। Rolex और Uniqlo जैसे ब्रांड्स से उनकी कमाई करोड़ों में होती रही। इसके अलावा उन्होंने On Running नामक कंपनी में निवेश किया, जिससे उनकी संपत्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ। आज उनकी कुल संपत्ति 550 मिलियन डॉलर (लगभग 4,600 करोड़ रुपये) के करीब है।
1. आयोन तिरिएक (Ion Tiriac) – 1.2 बिलियन डॉलर
आयोन तिरिएक भले ही आज के युवा फैंस के लिए अनजान नाम हों, लेकिन उनका कद टेनिस इतिहास में काफी बड़ा है। रोमानिया के इस खिलाड़ी ने न सिर्फ टेनिस बल्कि आइस हॉकी में भी अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, उनकी असली सफलता कोर्ट के बाहर आई जब उन्होंने बैंकिंग और बिजनेस के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। आज वह टेनिस जगत के इकलौते अरबपति हैं। उनकी कुल संपत्ति 1.2 बिलियन डॉलर (लगभग 10 हजार करोड़ रुपये) से ज्यादा है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







