US Open 2024: Sumit Nagal set to become first Indian man in singles to play in main draw of all four Grand Slams in a year since 2019
भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल यूएस ओपन 2024 में इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। वह इस साल चौथी बार ग्रैंड स्लैम इवेंट के मेन ड्रॉ में खेलते हुए नजर आएंगे। नागल पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद यूएस ओपन 2024 में खेलते हुए नजर आने वाले हैं।
बता दें कि, नागल ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन, फ्रेंच ओपन और विम्बलडन के मेन ड्रॉ खेला है। वह ऑस्ट्रेलियन ओपन में दूसरे राउंड तक पहुंचे थे, जबकि फ्रेंच ओपन और हाल ही में समाप्त हुए विंबलडन में पहले राउंड में ही हारकर बाहर हो गए थे। अब वह यूएस ओपन 2024 के मेन ड्रॉ में खेलने को तैयार हैं।
इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने को तैयार हैं सुमित नागल

सुमित नागल टेनिस में नई उपलब्धियां हासिल करने में जुटे हैं। इस साल के यूएस ओपन में सिंथेटिक कोर्ट पर उतरकर वह 2019 के बाद से सिंगल्स में एक साल में सभी चार ग्रैंड स्लैम खेलने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे।
गौरतलब हो कि, साल 2019 में प्रजनेश गुणेश्वरन ने सभी चार ग्रैंड स्लैम में खेला था, लेकिन सभी इवेंट्स में उन्हें पहले राउंड में ही हारकर बाहर होना पड़ा था। उनसे पहले 2018 में युकी भांबरी ने भी यह कारनामा किया था।
भारत के चौथे आल टाइम हाइएस्ट रैंकिंग वाले प्लेयर बन चुके हैं सुमित नागल

विम्बलडन 2024 में पहले राउंड में हारकर बाहर होने के बाद भी सोमवार को जारी हुए लेटेस्ट एटीपी रैंकिंग में नागल ने एक बार फिर बड़ी छलांग लगाई। नागल अपने करियर की हाइएस्ट एटीपी रैंकिंग 68 पर पहुंच चुके हैं और इसी के साथ वह 1973 में रैंकिंग सिस्टम लागू होने के बाद से सिंगल्स में भारत के लिए आल टाइम हाइएस्ट रैंकिंग प्लेयर भी बन गए।
सुमित नागल ने स्वीडिश ओपन 2024 में अंतिम 16 में बनाई जगह

भारतीय खिलाड़ी सुमित नागल इस समय बास्टाड में स्वीडिश ओपन खेल रहे हैं। सिंगल्स में भारत के नंबर 1 खिलाड़ी ने पहले राउंड में इलियास यमेर को स्ट्रेट सेट्स में हराकर अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की कर ली थी। हालांकि, राउंड ऑफ 16 स्टेज में उन्हें मारियानो नवोने से स्ट्रेट सेट्स में हारने बाद बाहर होना पड़ा।
पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने को तैयार हैं सुमित नागल
सुमित नागल आगामी पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। यहाँ टेनिस के मैच रोलांड गैरोस में खेले जाएंगे, जहां फ्रेंच ओपन आयोजित किया गया था। 26 वर्षीय नागल, लिएंडर पेस (1992-2000) के बाद लगातार समर ओलंपिक के सिंगल्स इवेंट में जगह बनाने वाले मात्र दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं।







