IPL 2025 का लीग स्टेज अब समाप्त होने के कगार पर है। इस बार यह सीजन बारिश से काफी प्रभावित रहा है। कई मैच या तो रद्द हुए हैं या फिर ओवर घटाकर खेले गए हैं। ऐसे में BCCI और IPL मैनेजमेंट ने एक बड़ा फैसला लिया है, जिससे टूर्नामेंट के बाकी बचे मैच पूरे हो सकें।
IPL के नियमों में बदलाव करते हुए अब बचे हुए सभी लीग मैचों में 120 मिनट यानी 2 घंटे का एक्स्ट्रा टाइम जोड़ा गया है। पहले यह सुविधा केवल प्लेऑफ मैचों के लिए थी, लेकिन अब यह नियम लीग मैचों में भी लागू किया गया है।
अब लीग मैचों में भी मिलेगा ज्यादा समय
आमतौर पर हर IPL लीग मैच के लिए बारिश या किसी रुकावट के चलते 60 मिनट तक का एक्स्ट्रा टाइम दिया जाता है। लेकिन अब बचे हुए 9 मैचों में 2 घंटे यानी 120 मिनट का एक्स्ट्रा टाइम मिलेगा।
IPL ने यह फैसला इसलिए लिया है क्योंकि हाल ही में पूरे देश में मॉनसून की शुरुआत हो चुकी है और कई शहरों में भारी बारिश हो रही है। इसके साथ ही टूर्नामेंट को एक हफ्ते के लिए रोका भी गया था, जिससे समय की भी कमी हो गई है।
शाम और दोपहर के मैचों के लिए नए समय तय
बता दें कि, IPL 2025 में अब तक 63 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इस दौरान बचे हुए 7 मैचों में से 6 शाम को खेले जाएंगे और एक मैच दोपहर में होगा। सिर्फ गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाने वाला मुकाबला 25 मई को दोपहर में होगा, जबकि अन्य सभी मैच रात में खेले जाएंगे।
IPL के नियमों के अनुसार, शाम के मैचों के समाप्त होने का निर्धारित समय रात 10:50 बजे और दोपहर के मैच के समाप्त होने का समय शाम 6:50 बजे होता है। लेकिन अब एक्स्ट्रा टाइम मिल जाने से शाम का मैच 9:30 बजे से और दोपहर का मैच 5:30 बजे तक भी 20-20 ओवरों का शुरू हो सकता है।
इसके अलावा, 5-5 ओवरों के मैच के लिए दोपहर के मैच का कटऑफ टाइम 7:56 बजे और शाम के मैच का कटऑफ टाइम 11:56 बजे तय किया गया है।
अब तक 3 मैच पूरी तरह से रद्द, 2 मैचों में ओवर हुए कम
इस सीजन में बारिश के चलते अब तक तीन मुकाबले पूरी तरह रद्द हो चुके हैं। कोलकाता में पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला, हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स का मैच और बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच अब तक पूरी तरह से बारिश के चलते रद्द हुए हैं।
इसके अलावा दो मुकाबले ओवर घटाकर कराए गए। उन मुकाबलों में, पंजाब किंग्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को हराया था, जबकि गुजरात टाइटंस ने मुंबई इंडियंस को हराया था। इस मैच में कई बार बारिश के चलते खेल रोका गया।
बेंगलुरु का आखिरी मैच अब होगा लखनऊ में
भारतीय मौसम विभाग ने बेंगलुरु में येलो अलर्ट जारी किया है और गुरुवार तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसी को देखते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का आखिरी घरेलू मुकाबला, जो 23 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला जाना था, अब लखनऊ में कराया जाएगा।
IPL मैनेजमेंट ने मौसम को ध्यान में रखते हुए एक समय पर और समझदारी भरा फैसला लिया है। बारिश के कारण किसी भी मुकाबले को रद्द होने से बचाने के लिए अब हर मुमकिन कोशिश की जाएगी। दर्शकों और टीमों दोनों के लिए यह राहत की खबर है कि अब बचे हुए मैचों में पूरा खेल देखने को मिल सकता है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

