टेस्ट क्रिकेट को हमेशा से बल्लेबाज़ों की असली परीक्षा माना जाता है, और इस फॉर्मेट में सबसे ज़्यादा रन बनाना किसी भी खिलाड़ी के लिए खास उपलब्धि होती है। इस समय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के दिग्गज बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। लेकिन अब इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज़ जो रूट इस रिकॉर्ड के करीब पहुंचते जा रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 13,417 रन पूरे कर लिए हैं, जिससे वे इस सूची में अब दूसरे नंबर पर पहुंच चुके हैं। अब सवाल यह है कि क्या जो रूट सचिन तेंदुलकर के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे?
सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड से कितने रन पीछे हैं जो रूट?
सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर में 15,921 रन बनाए थे। वहीं, जो रूट अब तक 13,417 रन बना चुके हैं। यानी उन्हें तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए अभी 2,505 रन और बनाने होंगे।
यह फासला बहुत ज़्यादा नहीं कहा जा सकता, खासकर तब जब कोई बल्लेबाज़ शानदार फॉर्म में हो और नियमित तौर पर टेस्ट क्रिकेट खेल रहा हो। जो रूट की फिटनेस और उनके खेलने की निरंतरता को देखते हुए यह लक्ष्य पूरी तरह मुमकिन लग रहा है।
क्या जो रूट बना सकते हैं नया रिकॉर्ड?
जो रूट की उम्र अभी 34 साल है और वे इंग्लैंड टेस्ट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने हाल ही में भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी करके यह साबित कर दिया है कि उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है। अगर वे अगले दो से तीन साल तक नियमित टेस्ट क्रिकेट खेलते रहे और औसतन 800 से 1,000 रन सालाना बनाते रहे, तो वे यह रिकॉर्ड आसानी से तोड़ सकते हैं।
अब तक किन खिलाड़ियों ने बनाए हैं सबसे ज़्यादा टेस्ट रन?
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने की सूची में सचिन तेंदुलकर के बाद इस सूची में कई दिग्गज नाम हैं, जिन्होंने अपने दौर में टेस्ट क्रिकेट पर राज किया। नीचे जानिए टेस्ट इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज़ों के नाम और उनके आंकड़े:
1. सचिन तेंदुलकर – 15,921 रन
2. जो रूट – 13,417 रन*
3. रिकी पोंटिंग – 13,378 रन
4. जैक्स कैलिस – 13,289 रन
5. राहुल द्रविड़ – 13,288 रन
तेंदुलकर का रिकॉर्ड क्यों है खास?
सचिन तेंदुलकर ने 24 साल लंबे करियर में 200 टेस्ट मैच खेले और 15,000 से ज़्यादा रन बनाए। उनके बाद कई खिलाड़ी आए, लेकिन कोई भी इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया। अब जब जो रूट इस लिस्ट में तेजी से ऊपर चढ़ते जा रहे हैं, तो उम्मीद की जा रही है कि वह इस ऐतिहासिक कीर्तिमान को चुनौती दे सकते हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

