क्रिकेट हमेशा से ही ऐसे खिलाड़ियों का खेल रहा है जिन्होंने अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। कुछ दिग्गजों ने इस खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उनका नाम दशकों तक याद रखा जाएगा। सचिन तेंदुलकर, डॉन ब्रैडमैन या जेम्स एंडरसन जैसे खिलाड़ी आज भी फैंस के दिलों में जिंदा हैं।
लेकिन इस खेल में कुछ ऐसे नाम भी रहे जिन्होंने शुरुआत में धमाकेदार प्रदर्शन किया, इंटरनेशनल क्रिकेट में छाप छोड़ी, लेकिन फिर अचानक से कहीं गायब हो गए। हैरानी की बात यह है कि ये क्रिकेटर अब लीजेंड्स लीग जैसी प्रतियोगिताओं में भी नजर नहीं आते। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के बारे में।
इंटरनेशनल क्रिकेट के वो 5 सितारे जो अब कहीं नजर नहीं आते
1. मोहम्मद आसिफ (पाकिस्तान)
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए मशहूर रहे। शोएब अख्तर तक ने कहा था कि अगर आसिफ लंबे समय तक खेलते तो दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में उनका नाम जरूर होता। उन्होंने सिर्फ 44 टेस्ट पारियों में 106 विकेट हासिल किए थे। लेकिन करियर विवादों और प्रतिबंध के चलते बिगड़ गया। सजा पूरी होने के बाद भी वो वापसी नहीं कर पाए और अब पूरी तरह क्रिकेट से दूर हैं।
2. डेमियन मार्टिन (ऑस्ट्रेलिया)
ऑस्ट्रेलिया के डेमियन मार्टिन को भारत के खिलाफ 2003 वर्ल्ड कप फाइनल में उनकी नाबाद 88 रनों की पारी के लिए हमेशा याद किया जाता है। उसी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 359 का विशाल स्कोर खड़ा किया था और भारत को हार का सामना करना पड़ा था। मार्टिन ने अपने इंटरनेशनल करियर में लगभग 9872 रन बनाए। लेकिन 2006 के बाद से वो शायद ही कभी मैदान पर लौटे और धीरे-धीरे क्रिकेट की दुनिया से दूर हो गए।
3. जेम्स फॉकनर (ऑस्ट्रेलिया)
जेम्स फॉकनर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए भले ही सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला हो, लेकिन व्हाइट बॉल क्रिकेट में उनकी छाप गहरी रही। उन्होंने वनडे और टी20 को मिलाकर 132 विकेट चटकाए। उनकी बल्लेबाजी भी उतनी ही यादगार रही, खासकर भारत के खिलाफ मोहाली में खेली गई पारी जब उन्होंने 29 गेंदों पर 64 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। फॉकनर की उस पारी ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया का मैच फिनिशर बना दिया था। लेकिन 2022 के बाद से वो किसी भी बड़ी लीग या इंटरनेशनल मैच में नजर नहीं आए हैं और धीरे-धीरे क्रिकेट से दूर हो गए।
4. नाथन मैक्कुलम (न्यूजीलैंड)
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर नाथन मैक्कुलम ने भी कई मौकों पर अपनी टीम को जीत दिलाई। उन्होंने 121 विकेट लेकर अपने देश के लिए अहम योगदान दिया। लेकिन 2016 में रिटायरमेंट के बाद उन्होंने कोई भी प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट नहीं खेला। दिलचस्प बात यह है कि उनके भाई ब्रेंडन मैक्कुलम आज भी सुर्खियों में रहते हैं और इंग्लैंड टीम के हेड कोच भी हैं, जबकि नाथन पूरी तरह से क्रिकेट से दूर हैं।
5. मार्वन अटापट्टू
श्रीलंका के पूर्व कप्तान मार्वन अटापट्टू का नाम भी इस सूची में आता है। उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने 2004 एशिया कप जीता था। उन्होंने 90 टेस्ट में 5502 और 268 वनडे में 8529 रन बनाए। 2007 तक वो इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते रहे, लेकिन जैसे ही टी20 क्रिकेट का दौर शुरू हुआ, वो मैदान से गायब हो गए। रिटायरमेंट के बाद भी अटापट्टू मीडिया और क्रिकेट लीग्स से दूर ही रहे।
ये सभी खिलाड़ी कभी अपने-अपने दौर के बड़े सितारे रहे, लेकिन अब क्रिकेट मैदान पर नजर नहीं आते। जहां कई पूर्व क्रिकेटर लीजेंड्स लीग या कोचिंग से जुड़े रहते हैं, वहीं इनका नाम सुनने को भी कम मिलता है। शायद यही वजह है कि फैंस इन्हें मिस करते हैं और सोचते हैं कि आखिर ये खिलाड़ी अब कहां हैं।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

