IND-W vs PAK-W Match Report: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप मैच में भारतीय महिला टीम ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान महिला टीम को 64 रनों से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 44 गेंदों पर 68 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा (12 रन और 5/10) ने अकेले दम पर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी।
बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 170/6 का मजबूत स्कोर बनाया। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई और 17 ओवरों में 106 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
स्मृति मंधाना ने खेली मैच विनिंग पारी
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इसके बाद स्मृति मंधाना ने पारी को संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
इस बीच जेमिमाह रोड्रिग्स जल्दी आउट हो गईं, लेकिन मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर (35 गेंदों पर 36 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी करके भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
फिर अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों पर 34 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौका और एक छक्का शामिल था। उनके अलावा, दीप्ति शर्मा 9 गेंदों पर 12* रन बनाकर नाबाद रहीं, जिससे भारत 170 रन तक पहुंचने में सफल रहा।
पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत के बाद बिखरी बल्लेबाजी
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने तेज शुरुआत की। मुनीबा अली ने एक छोर संभाले रखा और 35 गेंदों में 41 रन बनाए। पहले विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी भी हुई, जिससे पाकिस्तान एक समय इस मुकाबले में बना हुआ लग रहा था।
हालांकि, इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। आयशा जफर, सायरा जबीन और नतालिया परवेज जैसी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पाकिस्तान की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और लक्ष्य से काफी दूर रह गई।
IND-W vs PAK-W: दीप्ति शर्मा ने पांच विकेट लेकर मचाई तबाही
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवरों में सिर्फ 10 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। उनकी सटीक लाइन और लेंथ के सामने पाकिस्तान की बल्लेबाज पूरी तरह असहाय नजर आईं।
दीप्ति के अलावा श्री चरणी ने भी बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा ने भी एक विकेट हासिल किया।
पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंची भारतीय टीम
पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में 64 रनों से बड़ी जीत हासिल करने के बाद भारतीय महिला टीम ग्रुप A के पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब उनके खाते में 2 अंक हो गए हैं, जबकि नेट रन रेट भी +3.20 हो गया है।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 65 रनों से बड़ी जीत हासिल करने के बाद इस ग्रुप के पॉइंट्स टेबल में 2 अंकों और +3.25 के नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर काबिज है। दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम इस हार के बाद 0 अंक और -3.20 के नेट रन रेट के साथ पांचवें स्थान पर है।
अब भारतीय महिला टीम को अपना अगला मुकाबला नीदरलैंड महिला टीम के खिलाफ 17 जून को लीड्स में खेलना है। यह मुकाबला उनके लिए काफी आसान हो सकता है, क्योंकि भारतीय टीम के पास डच टीम के पास मुकाबले अधिक अनुभव और क्षमता मौजूद है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान महिला टीम को अपना अगला मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ 17 जून को इसी मैदान पर खेलना है। ये दोनों टीमें अपने पिछले मुकाबले में बड़ी हार झेलकर रही हैं, इसीलिए यह देखना दिलचस्प रहेगा कि वह इस मुकाबले में कैसा प्रदर्शन करती हैं।
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 की लेटेस्ट न्यूज के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

