US Open 2025: स्पेन के स्टार टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने जिरि लेहेका को 6-4, 6-2, 6-4 से हराकर यूस ओपन 2025 पुरुष एकल वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके बाद अब उनका सेमीफाइनल में सामना 24 बार के ग्रैंडस्लैम और सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच से होने वाला है। इसके अलावा दो साल पहले यहां अपना पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के बाद से अल्काराज हार्डकोर्ट पर पहली बार ग्रैंडस्लैम सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब हुए हैं।
यूस ओपन खिताब जीतते ही सिनर को पछाड़ देंगे अल्काराज :- इससे पहले कार्लोस अल्काराज को जोकोविच ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन 2025 के क्वार्टर फाइनल में हराया था। इसके अलावा अल्काराज अगर अमेरिकी ओपन खिताब जीत जाते हैं तो वह एटीपी रैंकिंग में जैनिक सिनर को पछाड़कर शीर्ष पर काबिज हो जाएंगे। जबकि इससे पहले जोकोविच ने अपने क्वार्टर फाइनल मैच में टेलर फ्रिट्ज को हराया था। इस मैच में जीत हासिल करने के बाद उन्होंने फ्रिट्ज की हौसलाअफजाई करते हुए प्रशंसकों की ओर चुंबनों की बौछार कर दी थी।
जोकोविच ने दी थी फ्रिट्ज को मात :-
इसके अलावा नोवाक जोकोविच ने अपने क्वार्टर फाइनल मैच में टेलर फ्रिट्ज को 6-3, 7-5, 3-6, 6-4 से हराया था। जबकि पिछले साल के उपविजेता फ्रिट्ज के खिलाफ अब जोकोविच का जीत का रिकॉर्ड 11-0 हो गया है। इसके अलावा जोकोविच रिकॉर्ड 53वीं बार किसी ग्रैंडस्लैम के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।

इनमें से उन्होंने अमेरिकी ओपन में 14वीं बार अंतिम चार में जगह बनाई है। इस मैच के बाद उन्होंने कहा कि, “आखिर में तो जीत मायने रखती है। मुझे गर्व है कि मैंने जुझारूपन दिखाया। मैं काफी जुनून के साथ खेलता हूं और मुझे खेल का मजा आ रहा है।”
अल्काराज-जोकोविच हेड टु हेड रिकॉर्ड :-
कार्लोस अल्काराज और नोवाक जोकोविच के बीच अभी तक कुल 8 मैच खेले गए हैं। इन मैचों में खेलते हुए पांच में जोकोविच को जीत मिली है। जबकि इस बीच तीन मैच अल्काराज ने जीते हैं।

इसके अलावा इस बार चौथी वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज के हारने के साथ ही साल 2003 के बाद से किसी ग्रैंडस्लैम पुरूष एकल वर्ग में अमेरिकी खिलाड़ियों के खिताब नहीं जीत पाने का सिलसिला भी जारी रहा है। क्यूंकि साल 2003 में एंडी रॉडिक ने अमेरिकी ओपन खिताब जीता था।
भांबरी पहली बार पहुंचे ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में :-
भारतीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। इस बार उन्होंने माइकल वीनस के साथ मिलकर अमेरिकी ओपन पुरुष युगल के अंतिम आठ में अपनी जगह बना ली है। इसके चलते हुए भारत के भांबरी और न्यूजीलैंड के वीनस की 14वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने जर्मनी के केविन क्रावीत्ज और टिम पुएत्ज की जोड़ी को एक घंटे 23 मिनट तक चले मैच में 6-4, 6-4 से हराया है।

इसके बाद अब उनका सामना क्रोएशिया के निकोला मेकटिच और अमेरिका के राजीव राम से होने वाला है। इसके अलावा चोटों से प्रभावित अपने एकल करियर में वह कभी पहले दौर से आगे नहीं जा सके थे। लेकिन युगल में वह इस साल फ्रेंच ओपन और विंबलडन के तीसरे दौर तक पहुंचने में सफल रहे थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

