ओलंपियन अंतिम पंघाल ने क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में हो रही वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत को पहला पदक दिलाया। उन्होंने गुरुवार को महिलाओं की 53 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता। अंतिम ने स्वीडन की दो बार की यूरोपीय चैंपियन योना माल्मग्रेन को ब्रॉन्ज मेडल मैच में 9-1 से हराया। इसके साथ ही वह विनेश फोगाट के बाद दूसरी भारतीय महिला पहलवान बन गईं।
अंतिम ने इससे पहले 2023 बेलग्रेड वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता था, जहां उन्होंने इसी प्रतिद्वंद्वी को 16-6 से हराकर पोडियम पर जगह बनाई थी।भारतीय महिला पहलवानों ने लगातार तीन वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक जीतने का सिलसिला बनाए रखा है।
इस चैंपियनशिप में अंतिम की शुरुआत शानदार रही। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में स्पेन की कार्ला जौमे सोलर को 10-0 से हराया। फिर क्वार्टर फाइनल में चीन की झांग जिन को 9-8 से मात दी। हालांकि, सेमीफाइनल में उन्हें पेरिस 2024 की रजत पदक विजेता लूसिया येपेज़ से 5-3 से हार का सामना करना पड़ा।
भारत के ग्रीको-रोमन पहलवानों का प्रदर्शन भी इस चैंपियनशिप में निराशाजनक रहा। गुरुवार को खेले गए चारों मुकाबलों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
- 55 किग्रा वर्ग में अनिल मोर को अज़रबैजान के चार बार के विश्व चैंपियन एल्दानिज अज़िज़ली से 8-0 से हार मिली।
- 77 किग्रा वर्ग में अमन को जापान के ओलंपिक चैंपियन नाओ कुसाका से 8-0 से हार मिली।
- 82 किग्रा वर्ग में राहुल को कजाकिस्तान के आलमिर तोलेबायेव से 7-1 से हार मिली।
- 130 किग्रा वर्ग में सोनू को क्रोएशिया के ओलंपियन मार्को कोशचेविक से 8-0 से हार मिली।
इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में पुरुष और महिला फ्रीस्टाइल के साथ ग्रीको-रोमन वर्ग में कुल 30 स्वर्ण पदक दांव पर हैं। भारत ने हर वेट कैटेगरी में पूरी टीम उतारी थी, लेकिन पुरुष फ्रीस्टाइल में कोई भी पहलवान पदक नहीं जीत सका है।

