भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि एक धर्म की तरह है और यहाँ पर अन्य खेलों को उतनी प्राथमिकता नहीं मिलती है। हालाँकि, यह अब बीती हुई बात हो गई है। क्योंकि, अब यहाँ पर हर खेल को बराबर महत्व दिया जा रहा है।
भारत एक स्पोर्टिंग नेशन तभी बनेगा जब उसमें सभी खेलों को बराबरी से महत्व दिया जाएगा, जो पिछले कुछ समय में हो रहा है। फुटबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस और अब वॉलीबॉल की भी लीग हो रही है ताकि खिलाड़ियों को एक्सपोजर मिल सके और वे अपना नाम कमा सकें। इसी कड़ी में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ने भी प्रो वॉलीबॉल लीग में टीम खरीदी है ताकि वे इस खेल को और ऊँचाईयों तक ले जा सकें।
प्राइम वॉलीबॉल लीग में केएल राहुल ने खरीदी टीम

टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज केएल राहुल ने प्रो वॉलीबॉल लीग में टीम ली है। हालांकि, उन्होंने इसमें पूरी हिस्सेदारी नहीं खरीदी, बल्कि वे सह-मालिक हैं। उन्होंने भारत के पहले वॉलीबॉल टूर्नामेंट, प्रो वॉलीबॉल लीग में गोवा गार्डियंस की टीम में हिस्सेदारी ली है। चौथे सीजन में यह टीम लीग में अपना डेब्यू कर रही है।
केएल राहुल ने नेटएनरिच के मालिक राजू चेकुरी के साथ मिलकर टीम खरीदी है। यह पहला मौका है जब वे किसी लीग में टीम के मालिक होंगे। इससे पहले कई भारतीय सुपरस्टार खिलाड़ी अन्य खेलों की लीग में टीम खरीद चुके हैं। 33 वर्षीय बल्लेबाज ने टीम खरीदने के बाद बहुत खुशी जताई है। वे न सिर्फ लीग को, बल्कि इस खेल को ग्लोबली पहचान दिलाना चाहते हैं।
गोवा गार्डियंस की टीम करेगी इस साल लीग में डेब्यू
आपको बता दें, कि प्रो वॉलीबॉल लीग का यह चौथा सीजन है। इस सीजन गोवा गार्डियंस की टीम अपना डेब्यू कर रही है। साल 2022 में शुरू होने वाली यह लीग अब बड़ी होती जा रही है। प्राइम वॉलीबॉल लीग में अब 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो राउंड रॉबिन फॉर्मेट में खेलेंगी। इस टूर्नामेंट का आयोजन हैदराबाद में 3 अक्टूबर से होगा।
केएल राहुल ने प्राइम वॉलीबॉल लीग में गोवा गार्डियंस की खरीदी हिस्सेदारी
केएल राहुल ने टीम की हिस्सेदारी लेने के बाद कहा कि, “मेरे लिए यह एक पूर्ण चक्र जैसा क्षण है। पीवीएल भारत में इस खेल के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है। असल मुद्दा वॉलीबॉल को सुर्खियों में लाना और स्क्रीन पर समय देना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें और इस खेल से प्यार कर सकें।”
33 वर्षीय खिलाड़ी ने आगे कहा कि, “मैं गोवा गार्डियंस के साथ जुड़कर न सिर्फ एक समर्थक के रूप में, बल्कि एक सह-मालिक के रूप में भी रोमांचित हूँ। वॉलीबॉल हमेशा से एक ऐसा खेल रहा है जिसका मैंने आनंद लिया है, और मैं देश में इस खेल को आगे बढ़ाने में अपनी आवाज़ उठाने और अपनी भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हूँ।”
राजू चेकुरी ने जताई राहुल के ओनर बनने की खुशी
गोवा गार्डियंस के मुख्य ओनर राजू चेकुरी ने कहा कि, “हमें केएल राहुल के हमारे स्वामित्व समूह में शामिल होने पर खुशी है। वॉलीबॉल के प्रति उनका जुनून और इसकी क्षमता में उनका विश्वास हमें एक ऐसी फ्रैंचाइज़ी बनाने में मदद करेगा जो प्रशंसकों को प्रेरित करे और एथलीटों को सशक्त बनाए। वॉलीबॉल दुनिया में सबसे अधिक खेले जाने वाले खेलों में से एक है, और सही मंच के साथ, यह भारत की अगली ओलंपिक सफलता की कहानी बन सकता है।”

