क्रिकेट में मैदान पर कई ऐसे रिकॉर्ड बनते हैं जो इतिहास में याद रखे जाते हैं। आपने यह तो सुना ही होगा कि मैच के दौरान शानदार बल्लेबाज़ी या बेहतरीन गेंदबाज़ी करने वाले खिलाड़ी को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हुए हैं, जिन्होंने ना तो विकेट हासिल किया और ना ही ज़्यादा रन बनाए, फिर भी उन्हें क्षेत्ररक्षण के शानदार प्रदर्शन की वजह से ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला है।
1. गस लोगी (3 कैच, 2 रन आउट, बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी नहीं की)
गस लोगी ने इस मैच में शानदार फील्डिंग की। उन्होंने तीन कैच पकड़े और दो रन आउट किए। उनकी फील्डिंग की वजह से पाकिस्तान की टीम सिर्फ़ 143 रन पर आउट हो गई। लोगी ने जावेद मियांदाद जैसे बड़े खिलाड़ी को रन आउट किया, जो उस समय पारी संभालने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने न तो बल्लेबाज़ी की और न ही गेंदबाज़ी, फिर भी उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला।
2. विवियन रिचर्ड्स (3 कैच, बल्लेबाज़ी नहीं की, गेंदबाज़ी: 4 ओवर, 21 रन, 0 विकेट)
इस मैच में वेस्टइंडीज़ की जीत में बल्लेबाज़ों हेन्स (64 रन) और रिचर्डसन (58* रन) ने अहम भूमिका निभाई। गेंदबाज़ों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन विवियन रिचर्ड्स को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने बल्लेबाज़ी में कुछ नहीं किया और गेंदबाज़ी में भी कोई विकेट नहीं लिया। इसके बावजूद उन्हें उनकी शानदार फील्डिंग और तीन कैच की वजह से यह पुरस्कार मिला।
3. जोंटी रोड्स (5 कैच, 40 रन, गेंदबाज़ी नहीं की)
जोंटी रोड्स ने इस मैच में 40 रन बनाए और फील्डिंग में कमाल कर दिखाया। उन्होंने पाँच कैच पकड़े, जो वनडे मैचों में एक फील्डर द्वारा पकड़े गए सबसे ज़्यादा कैच हैं। इसलिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला, जबकि इस मैच में डेरिल कलिनन ने उनसे ज़्यादा रन बनाए थे। विकेटकीपर के लिए एक पारी में तीन-चार कैच लेना आम बात है, लेकिन आउटफील्ड में पाँच कैच लेना बहुत खास बात होती है। जोंटी रोड्स का यह रिकॉर्ड कई सालों तक कोई नहीं तोड़ सका।

