दक्षिण अफ़्रीकी टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है और तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेल रही है। इस सीरीज़ के दौरान दक्षिण अफ़्रीका से एक अहम जानकारी सामने आई है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है, जिसमें पाकिस्तान के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के अंतिम मैच के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रुबेन हरमन को टीम में जगह दी है।
चोटिल ब्रेविस की जगह हरमन को मिला मौका

हरमन को चोटिल डेवाल्ड ब्रेविस के स्थान पर टीम में शामिल किया गया है, जो तीसरे टी-20 मैच में फील्डिंग करते समय कंधे में चोट लगने के कारण वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे। हालांकि, ब्रेविस भारत के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की तैयारी के लिए अफ्रीका की टीम के साथ पाकिस्तान में ही रहेंगे। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 14 नवंबर से भारत में होगी।
हरमन का हालिया प्रदर्शन
दरअसल रुबेन हरमन फिलहाल इंडिया ए के खिलाफ चल रही दो मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ए टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने पहले टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक भी लगाया था। हालाँकि इंडिया ए ने यह मैच आखिरी में तीन विकेट से जीत लिया था।
28 वर्षीय युवा बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के लिए टी20 में इंटरनेशनल डेब्यू कर चुके हैं और छह टी20 मैच भी खेल चुके हैं, लेकिन अभी तक वनडे में डेब्यू नहीं किया है। छोटे फॉर्मेट में खेले 6 मैचों में 25.50 की औसत से 153 रन बनाए जिसमें 1 अर्धशतक शामिल है और उनका बेस्ट स्कोर 63 है।
बड़े खिलाड़ियों को दिया गया आराम
पाकिस्तान में खेल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम में पहले से ही कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं। एडेन मार्कराम, कागिसो रबाडा, टेम्बा बावुमा, केशव महाराज, डेविड मिलर, गेराल्ड कोएट्ज़ी, रयान रिकेल्टन और ट्रिस्टन स्टब्स को आराम दिया गया है। ताकि भारत के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में यह सभी खेल सकें।
साउथ अफ्रीका की टीम फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस है और उनकी शुरुआत भी इस साइकिल में मिली-जुली रही है। पहले मैच में उन्हें पाकिस्तान ने धूल चटाई थी जबकि दूसरे मैच में उन्होंने बदला पूरा करते हुए पाकिस्तान को न सिर्फ मैच हराया बल्कि सीरीज भी बराबर कर ली थी। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज उनकी अगली और सबसे बड़ी सीरीज में से एक है। टेम्बा बावुमा भी उसमें खेलते हुए दिखेंगे क्योंकि वो फिट हो चुके हैं।

