टीम इंडिया के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे मैच में नहीं खेले थे। इसके पीछे उनका चोटिल होना या रेस्ट नहीं बल्कि वो पर्सनल रीजन से घर गए हुए थे। हालाँकि इस मुकाबले में भारतीय टीम को उनके न खेलने की कमी नहीं खली।
कंडीशन तेज गेंदबाजों के मुफीद थी और उन्होंने उसका भरपूर फायदा उठाते हुए अफ्रीकी टीम को कम स्कोर पर ढेर कर दिया और आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। हालाँकि आगे आने मुकाबले काफी सपाट विकेट पर खेले जाने हैं और उसमें उनका खेलना अहम हो जाता है। तो चलिए जानते हैं कि वो बचे हुए दो मैचों में खेलेंगे या फिर नहीं?
बुमराह ने पर्सनल रीजन के चलते नहीं खेला था तीसरा मुकाबला

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कल मैच के दौरान टॉस में ही बता दिया था कि जसप्रीत पर्सनल रीजन से घर गए हुए हैं। इसलिए वो इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। हालाँकि वो कब तक वापस आएंगे इसकी जानकारी उन्होंने नहीं दी थी।
बीसीसीआई ने भी सोशल मीडिया साइट पर बुमराह के स्क्वाड में न होने की बात बताई थी। बुमराह के टीम में जुड़ने को लेकर बीसीसीआई ने बताया है कि वो जल्द अपडेट देंगे।
आखिरी मैच में खेल सकते हैं बुमराह
इंडिया और अफ्रीका के बीच आखिरी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। अगर बुमराह के घर में सब कुछ सही रहा तो वो आखिरी मैच में खेल सकते हैं। क्योंकि उनका घर भी अहमदाबाद में है और वो आसानी से वहां ट्रैवल कर सकते हैं। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है और सीरीज का चौथा मुकाबला 17 दिसंबर को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम, इकाना में खेला जाएगा।
भारतीय गेंदबाजों के चलते सस्ते स्कोर में सिमटी अफ्रीका
टीम इंडिया ने पिछले मुकाबले में 7 विकेट से आसानी से जीत दर्ज कर ली। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। गेंदबाजों ने कंडीशन का फायदा उठाते हुए अफ्रीका को 10 ओवर के अंदर 5 विकेट झटक लिए थे और उनका स्कोर 50 रन भी नहीं पहुंचा था।
कप्तान ऐडन मार्करम ने एक तरफ से छोर संभालते हुए पचासा लगाया और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले जाने में सफलता हासिल की। अफ्रीकी टीम 20 ओवरों में 117 रन बना सकी।
टीम इंडिया ने दर्ज की आसान जीत
अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में अच्छी शुरुआत दिलाई और मैच को वहीं पर खत्म कर दिया। हालाँकि अफ्रीका ने कुछ विकेट जरूर झटके और मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की लेकिन वो उसमें सफल नहीं हुए और टीम इंडिया ने आसानी से मैच जीत लिया।

