Sports Digest Hindi द्वारा चुनी गई साल 2025 की बेस्ट T20I XI उन खिलाड़ियों की है, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर आधुनिक T20 क्रिकेट की नई परिभाषा लिखी।
साल 2025 पुरुषों के T20 इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए खास साबित हुआ, क्योंकि इस वर्ष स्ट्राइक रेट और पॉवरप्ले में दबदबा बनाने की सोच ने बल्लेबाजी की दिशा बदल दी और गेंदबाजों को विकेट लेने की क्षमता के आधार पर आंका गया। भारत ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा किया, जबकि कई एसोसिएट खिलाड़ियों ने इतनी मजबूती दिखाई कि रिकॉर्ड बुक नए नंबरों और नामों से भर गई।
इसी दौरान देश बदलते रहे, लेकिन एक चीज नहीं बदली और वह थी निरंतरता और प्रभाव का महत्व। Sports Digest Hindi ने इन्हीं दो आधारों पर साल 2025 की बेस्ट T20I XI तैयार की है, जो आंकड़ों और योगदान दोनों को संतुलित करते हुए बनी है।
ये है Sports Digest Hindi द्वारा चुनी गई साल 2025 की बेस्ट T20I XI
1. अभिषेक शर्मा (भारत) – 21 मैच, 859 रन, औसत 42.95, बेस्ट स्कोर 135
अभिषेक शर्मा ने साल 2025 में T20I ओपनिंग की परिभाषा बदल दी और 859 रन बनाकर आईसीसी टी20 बैटिंग रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया। उनकी 42.95 की औसत और इंग्लैंड के खिलाफ 135 रनों की करियर बेस्ट पारी ने यह दिखाया कि वह पॉवरप्ले में ही मैच की दिशा तय कर सकते हैं।
इसके अलावा, अभिषेक शर्मा की गेंदों के हिसाब से टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी बनना उनकी पारी की गति और आक्रामकता दोनों के चरम को दर्शाता है। इसीलिए, वह इस साल किसी भी प्लेइंग XI में सबसे ज्यादा रन बनाने के दावेदार हैं।
2. पथुम निसांका (श्रीलंका) – 18 मैच, 625 रन, औसत 36.76, सर्वाधिक स्कोर 107
निसांका ने इस साल टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 625 रन बनाए। इस दौरना उनका 36.76 की औसत यह बताती है कि उन्होंने सधी हुई शुरुआत देकर टीम को मजबूती दी। भारत के खिलाफ एशिया कप 2025 में लगभग मैच जिताऊ 107 रनों की पारी ने बताया कि वह दबाव में भी लंबे समय तक सकते हैं। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी के साथ उनका संयम इस XI की ओपनिंग को संतुलन देता है।
3. जोस बटलर (इंग्लैंड) – 15 मैच, 480 रन, औसत 34.28, सर्वाधिक स्कोर 96
इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर ने 480 रन बनाकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी को पॉवरप्ले और बीच के ओवरों में बैलेंस और तेजी से रन बनाकर दिया। उनकी 34.28 की औसत और अच्छे स्ट्राइक रेट ने उन्हें नंबर तीन के लिए आदर्श विकल्प बनाया है, क्योंकि वह अपनी पारी को स्थिति के अनुसार संभालते हैं और बड़े शॉट्स भी लगाते रहते हैं। उनका अनुभव कठिन मौकों में टीम को स्थिर कर देता है।
4. तिलक वर्मा (भारत) – 20 मैच, 567 रन, औसत 47.25, सर्वाधिक स्कोर 73
तिलक वर्मा ने 20 मैचों में 567 रन बनाकर भारीतय मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी और इस दौरान उनकी 47.25 की औसत यह बताती है कि वह पारी संभालने के साथ अंत तक खेलने वाले बल्लेबाज हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनकी 73 रनों की निर्णायक पारी ने यह दिखाया कि वह कड़े मुकाबलों में जिम्मेदारी उठा सकते हैं।
तिलक ने एशिया कप 2025 फाइनल में भी जिस दबाव में शानदार बल्लेबाजी करके टीम को जीत दिलाई, उसने यह साबित कर दिया कि वह मिडिल ऑर्डर में भारतीय टीम के सबसे बड़े गेमचेंजर और मैच विनर बल्लेबाज हैं।
5. डेवाल्ड ब्रेविस (दक्षिण अफ्रीका) – 17 मैच, 464 रन, औसत 30.93, सर्वाधिक स्कोर 125 नाबाद
दक्षिण अफ्रीका के बेबी एबी कहे जाने वाले डेवाल्ड ब्रेविस ने इस साल 17 मैचों में 464 रन बनाकर T20I मंच पर अपनी पहचान पक्की की और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी 125* रनों की नाबाद पारी ने उन्हें नई पीढ़ी का मैच बदलने वाला बल्लेबाज बना दिया। वह तेज रन बनाते हुए भी शॉट सिलेक्शन पर कंट्रोल रखते हैं और इसी वजह से विरोधी गेंदबाज उन्हें रोकना मुश्किल समझते हैं।
6. टिम डेविड (ऑस्ट्रेलिया) – 14 मैच, 395 रन, औसत 49.37, सर्वाधिक स्कोर 102 नाबाद
ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने इस साल कई अहम मैचों में टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने इस साल टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 395 रन बनाया और डेथ ओवरों में अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान उनका औसत 49.37 रहा, जो उनके दबाव में खेलने की क्षमता दर्शाती है। डेविड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए 102 रनों की एक नाबाद पारी भी खेली थी, जो यह बताता है कि वह अटैकिंग बल्लेबाजी करते हुए बड़ी पारी खेलने की भी क्षमता रखते हैं।
7. हार्दिक पांड्या (भारत) – 15 मैच, 302 रन, औसत 33.55, सर्वाधिक स्कोर 63 और 12 विकेट, औसत 29.08, बेस्ट बॉलिंग 2/33
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 15 मैचों में 302 रन बनाकर लोअर मिडिल ऑर्डर को मजबूती दी और 12 विकेट लेते हुए ऐसे मैच खत्म किए, जहां टीम को दोनों भूमिकाओं की जरूरत थी। उन्होंने इस साल T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी और विकेट दोनों लेने का रिकॉर्ड बनाया और यह दिखाया कि उनका ऑलराउंड प्रदर्शन अब भी कितना कीमती है।
8. मोहम्मद नवाज (पाकिस्तान) – 26 मैच, 36 विकेट, औसत 13.61, बेस्ट बॉलिंग 5/19 रन
पाकिस्तान के स्पिनर मोहम्मद नवाज ने इस साल 13.61 की औसत से 36 विकेट लेकर पाकिस्तान की गेंदबाजी में संतुलन दिया, जो यह साबित करती है कि उन्होंने पारी के बीच में लगातार विकेट निकालकर विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा। निचले क्रम में रन जोड़कर उन्होंने इस XI में अतिरिक्त मजबूती दी। इतना ही नहीं उन्होंने इस साल एक मैच में हैट्रिक भी लिया।
9. जैकब डफी (न्यूजीलैंड) – 21 मैच, 35 विकेट, औसत 15.08, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 4 विकेट 14 रन
डफी ने 35 विकेट लेकर न्यूजीलैंड के लिए रिकॉर्ड बनाते हुए यह दिखाया कि वह नई गेंद से और डेथ ओवरों में दोनों में असर डाल सकते हैं। उनकी 15.08 की औसत यह बताती है कि उन्होंने लगातार विकेट निकालकर बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया।
10. वरुण चक्रवर्ती (भारत) – 20 मैच, 36 विकेट, औसत 13.19, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 5 विकेट 24 रन
भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 36 विकेट लेकर भारत की गेंदबाजी में नई जान भरी और 13.19 की औसत उनका कंट्रोल और वैराइटी दोनों दर्शाती है। उनकी गेंदों की रफ्तार और लाइन ने बल्लेबाजों को लगातार भ्रमित किया और उनकी 5/24 का स्पेल उनके असर की ऊंचाई दिखाती है।
11. मुस्तफिजुर रहमान (बांग्लादेश) – 20 मैच, 26 विकेट, औसत 17.65, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 3 विकेट 11 रन
बांग्लादेश के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने 20 मैचों में 26 विकेट लेकर यह दिखाया कि T20 क्रिकेट में कटर्स और स्लोअर्स आज भी कारगर हैं। इसके अलावा, उनकी 17.65 की औसत उनकी सटीक गेंदबाजी और लगातार साझेदारी तोड़ने की क्षमता को साबित करती है।
Sports Digest Hindi की साल 2025 की बेस्ट T20I XI यह दिखाती है कि आज की T20I दुनिया सिर्फ बड़े शॉट्स और तेज गेंदों पर निर्भर नहीं है, बल्कि आंकड़ों, प्रभाव, स्थिति समझ और भूमिका निभाने पर आधारित है। इस XI ने साल भर यह साफ किया कि T20 क्रिकेट में बदलाव भले तेज हों, लेकिन असली सफलता वही पाएगा जो आंकड़ों के साथ मैच प्रभाव में भी निरंतरता बनाए रखेगा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

