BBL 15 में मेलबर्न रेनेगेड्स ने सिडनी थंडर के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में मोहम्मद रिजवान को रिटायर्ड आउट कर दिया।
बिग बैश लीग का 15वां सीजन (BBL 15) पाकिस्तान के खिलाड़ियों के लिए कुछ ख़ास अच्छा नहीं गुजरा है। यदि हारिस रऊफ और अनकैप्ड हसन खान को छोड़ दें, तो अब तक कोई भी खिलाड़ी कुछ ख़ास कारनामा नहीं कर सका है। हाल ही में मोहम्मद रिजवान के साथ उनकी टीम मेलबर्न रेनेगेड्स ने कुछ ऐसा कर दिया कि अब उनका जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है।
बता दें कि, सिडनी थंडर और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच एक मुकाबला आज सिडनी शोग्राउंड स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें रेनेगेड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 170 रन बनाए हैं। एक समय रेनेगेड्स 9 ओवरों में 2 विकेट के नुक्सान पर 86 रन बना चुकी थी और ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से 200 का स्कोर पार कर लेगी।
हालाँकि, सिडनी के गेंदबाजों ने 9वें ओवर के बाद शानदार वापसी की और अगले 11 ओवरों में टीम को मात्र 84 रन ही बनाने दिया और इस बीच उनके 6 विकेट गिरा डाले। जैक फ्रेजर मैकगर्क के आउट होने के बाद टीम मुश्किल में दिख रही थी और उसने 90 के स्कोर पर 4 विकेट गँवा दिए।
इसके बाद मोहम्मद रिजवान और हसन खान के बीच 64 रनों की एक अच्छी साझेदारी हुई। इस बीच रिजवान 23 गेंदों पर 2 चौके और एक छक्के के साथ सिर्फ 26 रन ही बना सके। वह इससे पहले भी कई मैचों में बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं हुए हैं।
18 ओवर बाद मोहम्मद रिजवान को किया गया रिटायर्ड आउट
18 ओवर में मेलबर्न रेनेगेड्स का स्कोर 154/5 था और तब रिजवान 26 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद उन्हें रिटायर्ड आउट कर दिया गया, ताकि दूसरे बल्लेबाज आकर बड़ा शॉट खेल सकें। दूसरे छोर से हसन खान बड़ी-बड़ी हिट लगा रहे थे, जिसे देखकर टीम मैनेजमेंट ने यह फैसला लिया था।
हालाँकि, रेनेगेड्स का फैसला कुछ ख़ास काम नहीं आया, क्योंकि टीम अगले दो ओवरों में सिर्फ 16 रन ही बना सकी और इस बीच 3 विकेट भी गंवाए। हसन खान 31 गेंदों पर 1 चौका और 4 छक्के लगाकर 46 रन बनाए, जबकि सैम इलियॉट 2 गेंदों पर 4 रन बना सके। लेकिन इन सब में रिजवान की भारी बेइज्जती जरूर हुई।
यहाँ देखें वीडियो
Muhammad Rizwan has been retired out by the Melbourne Renegades 👀 #BBL15 pic.twitter.com/AuTGoTIHqb
— KFC Big Bash League (@BBL) January 12, 2026
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

