टीम इंडिया के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने चोट से वापसी कर ली है और पहले मैच में शानदार फॉर्म में भी नज़र आए थे। हालाँकि वह अर्धशतक लगाने से एक रन से चूक गए थे। टीम इंडिया का अगला मुकाबला 14 जनवरी को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच के लिए दोनों टीमें पूरी तरह से तैयार हैं।
भारतीय टीम के वनडे में उपकप्तान श्रेयस अय्यर के पास राजकोट में खेले जाने वाले दूसरे वनडे में ख़ास उपलब्धि हासिल करने का मौका है। वह दो भारतीय दिग्गज विराट कोहली और शिखर धवन को इस मामले में पीछे छोड़ सकते हैं।
शिखर के नाम पर है वनडे में सबसे तेज़ 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड

भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ 3000 रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज़ शिखर धवन के नाम पर है। उन्होंने 72 पारियों में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली थी। उसके बाद दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली का नंबर आता है, जिन्होंने 75 पारियों में 3000 रनों का आँकड़ा छुआ था। अब श्रेयस के पास इन दोनों से आगे निकलने का मौका है।
वनडे में सबसे तेज़ 3000 रन बनाने वाले भारतीय बन सकते हैं श्रेयस
श्रेयस अय्यर ने वनडे में 74 मैच खेले हैं, जिनकी 68 पारियों में 47.83 की एवरेज और 99 के स्ट्राइक रेट से 2966 रन बनाए हैं। उन्हें तीन हज़ार रन बनाने के लिए सिर्फ 34 रनों की ज़रूरत है। अगर श्रेयस दूसरे मैच में 34 रन बना लेते हैं तो वह वनडे क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे तेज़ 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन जाएंगे। वह 69 पारियों में यह कीर्तिमान अपने नाम कर सकते हैं।
श्रेयस का न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ट्रैक रिकॉर्ड भी काफ़ी अच्छा है। कीवी टीम के खिलाफ अगर श्रेयस की पिछली 10 पारियाँ देखें तो वह एक बार भी 30 रन से कम स्कोर पर आउट नहीं हुए हैं।

