अंडर 19 क्रिकेट का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और इसकी शुरुआत 15 जनवरी से होनी है और इसका फाइनल मैच 6 फरवरी को खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन ज़िम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट के लिए सभी टीमों ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। इस बार कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4 ग्रुप में बांटा गया है।
अंडर 19 वर्ल्ड कप में हमेशा से भारत का दबदबा रहा है और वो सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट को अपने नाम कर चुकी है। भारत ने अब तक पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में) अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। क्योंकि उनके पास अपार टैलेंट है और इस बार भी कई ऐसे खिलाड़ी टीम में खेल रहे हैं जिन पर दुनिया की नजर टिकी हुई है। तो चलिए जानते हैं भारत के उन 5 खिलाड़ियों के बारे में जो अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान अपनी तरफ खींच सकते हैं।
ये हैं अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारत के वो 5 खिलाड़ी जिन पर होंगी सभी की निगाहें

1. आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre)
अंडर 19 में टीम इंडिया के कप्तान आयुष म्हात्रे भी अपने टैलेंट से प्रभावित कर चुके हैं। आयुष ने 2024 में डोमेस्टिक क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था और उसी सीजन उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को काफी इम्प्रेस किया, लेकिन उनकी किस्मत तब खुल गई जब चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर बाहर हो गए और उन्हें उनकी जगह रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया गया।
आयुष ने मुंबई के खिलाफ डेब्यू मैच में छोटी पारी खेली लेकिन आरसीबी के खिलाफ 94 रन बनाकर अपने टैलेंट की झलक वर्ल्ड लेवल पर दी। हालांकि उसके बाद से वो उस निरंतरता के साथ रन नहीं बना पाए हैं, लेकिन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके बल्ले से दो मैचों में लगातार दो शतक निकले थे। एक बार फिर उनसे फ्रंट से लीड करने की उम्मीद होगी।
2. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi)
बिहार के 14 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने अपने टैलेंट से सभी का ध्यान अपनी तरफ किया था जब उन्होंने आईपीएल जैसी दुनिया की सबसे बड़ी लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शतक मारा था। उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वैभव ने उसके बाद यूथ और डोमेस्टिक क्रिकेट में अपने बल्ले से धमाल मचा दिया। वो ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए शतक के ऊपर शतक जड़ रहे हैं। यह पहला मौका है जब वो अंडर 19 वर्ल्ड कप खेलेंगे और सभी की निगाह उनके ऊपर ही टिकी हैं।
3.विहान मल्होत्रा (Vihaan Malhotra)
अंडर 19 में टीम इंडिया के उपकप्तान विहान ने अपने टेम्परामेंट और तकनीक से सभी को काफी प्रभावित किया है। उन्होंने यूथ क्रिकेट में वनडे और फोर-डे फॉर्मेट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है।
विहान ने बड़े मैचों में प्रेशर सिचुएशन में जिस टेम्परामेंट को दिखाया है, वो उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। विहान को अंडर 19 में उनके शानदार प्रदर्शन के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने खरीदा था और वो एक बार फिर से इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से सभी को काफी इम्प्रेस करना चाहेंगे।
4. कनिष्क चौहान (Kanishk Chauhan)
युवा ऑलराउंडर कनिष्क चौहान भारतीय टीम के लिए काफी अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वो टीम को बैलेंस देने का काम करते हैं। व्हाइट बॉल क्रिकेट में ऑलराउंडर की भूमिका बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण होती है।
कनिष्क ने यूथ क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से काफी नाम कमाया है और एक बार फिर से सभी की निगाहें इस अंडर 19 वर्ल्ड कप में उनके ऊपर टिकी होंगी।
5. एरोन जॉर्ज (Aaron George)
भारत के युवा बल्लेबाज एरोन जॉर्ज को उतनी पहचान नहीं मिल पाई जितनी उन्हें मिलनी चाहिए थी क्योंकि टॉप ऑर्डर से लेकर मिडिल ऑर्डर में आकर उन्होंने कई अच्छी पारियां खेली थीं। अंडर 19 एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में लगाया गया उनका अर्धशतक काफी खास था। इस अंडर 19 वर्ल्ड कप में भी सभी को उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

