टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है। इस टूर्नामेंट में सभी टीमें ख़िताब जीतने के लिए ज़ोर-आजमाइश करती हुई नज़र आएँगी। दो दशक में इस फ़ॉर्मेट में काफ़ी ज़्यादा बदलाव आए हैं।
अब खिलाड़ी सेट होने का मौका नहीं लेते बल्कि आते ही मारने लगते हैं, जिसके चलते अब एवरेज स्कोर काफ़ी ज़्यादा बढ़ गया है। टी20 वर्ल्ड कप में कई शतक लग चुके हैं और बहुत से खिलाड़ियों ने शानदार पारियाँ खेली हैं। तो चलिए जानते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले टॉप 5 बल्लेबाज़ कौन हैं।
टी20 वर्ल्ड कप में खेली गई टॉप 5 सबसे बड़ी पारियाँ
5. राइली रूसो (Rilee Rossouw) – 109 रन

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज़ राइली रूसो ने साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया में हुए टूर्नामेंट में काफ़ी तूफ़ानी बल्लेबाज़ी की थी। सिडनी के ऐतिहासिक सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कमाल की पारी खेली थी।
राइली ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 56 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 109 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 194.64 का था।
4. अहमद शहज़ाद (Ahmad Shahzad) – 111 रन

पाकिस्तान के बल्लेबाज़ अहमद शहज़ाद एक समय काफ़ी ज़्यादा टैलेंटेड खिलाड़ी माने जाते थे। उन्होंने शुरुआती समय में उसकी झलकियाँ भी दिखाई थीं, लेकिन बाद में वो अपनी लय भटक गए और उनका करियर वैसा नहीं रहा जैसा होना चाहिए था।
अहमद शहज़ाद ने 2014 के टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए शतक लगाया था। अहमद ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में 62 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 5 छक्कों की मदद से 111 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 179.03 का था।
3. एलेक्स हेल्स (Alex Hales) – 116 रन

इंग्लैंड के बल्लेबाज़ एलेक्स हेल्स टी20 क्रिकेट के ताबड़तोड़ ओपनिंग बल्लेबाज़ों में से माने जाते हैं। उसकी झलक वो बहुत बार दिखा भी चुके हैं। वो छोटे फ़ॉर्मेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में से जाने जाते हैं।
एलेक्स ने साल 2014 में बांग्लादेश में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में धमाल मचाया था। चटग्राम में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मैच में 64 गेंदों का सामना करते हुए 181.25 के स्ट्राइक रेट से 116 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 11 चौके और 6 छक्के निकले थे।
2. क्रिस गेल (Chris Gayle) – 117 रन

वेस्टइंडीज के धाकड़ ओपनिंग बल्लेबाज़ क्रिस गेल अपनी तूफ़ानी बल्लेबाज़ी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज़ से विंडीज़ टीम को बहुत से मैच जिताए हैं। भले ही वो आक्रामक बल्लेबाज़ी की वजह से टी20 क्रिकेट के बल्लेबाज़ माने जाते थे, लेकिन उन्होंने तीनों फ़ॉर्मेट में धूम मचाई थी।
गेल ने साल 2007 में साउथ अफ्रीका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में काफ़ी शानदार पारी खेली थी। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोबर्ग में खेले गए मैच में 57 गेंदों में 205.26 के दमदार स्ट्राइक रेट से 117 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के भी लगाए थे।
1. ब्रेंडन मैकुलम (Brendon Mccullum) – 123 रन

न्यूज़ीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ और टी20 क्रिकेट के सबसे तूफ़ानी खिलाड़ियों में से एक ब्रेंडन मैकुलम ने अपनी धमाकेदार खेल से गेंदबाज़ों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी थी। मैकुलम ने साल 2012 में श्रीलंका में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ शानदार पारी खेली थी।
मैकुलम ने पल्लेकेले में खेले गए मैच में 58 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और 7 छक्कों की मदद से 123 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 212.06 का था।

