राजस्थान महाराणा प्रताप राणबांकुरे ने शानदार प्रदर्शन के दम पर मध्य प्रदेश अहिल्या माता गार्जियंस को हराकर Sanatan Premier League 2026 का खिताब जीत लिया।
सनातन प्रीमियर लीग 2026 (SPL 2026) के फाइनल मुकाबले में राजस्थान महाराणा प्रताप राणबांकुरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश अहिल्या माता गार्जियंस को 34 रनों से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ राजस्थान की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना अजेय प्रदर्शन जारी रखा और चैंपियन बनने में सफल रही। वहीं मध्य प्रदेश की टीम फाइनल तक शानदार सफर तय करने के बाद उपविजेता रही।
राजस्थान महाराणा प्रताप राणबांकुरे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 73 रन

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान महाराणा प्रताप राणबांकुरे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान लक्ष्मी नारायण सिर्फ 1 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए।
इसके बाद राकेश प्रजापति ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 52 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।
अन्य बल्लेबाजों में पंकज कुमार ने 4 रन, अनुभव गहलोत ने 6 रन और हेमराज सोनी ने 1 रन का योगदान दिया। राजस्थान की पूरी टीम 9.4 ओवर में 73 रन पर ऑलआउट हो गई।

मध्य प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में शांतनु मालवीय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। उनके अलावा गौरव सिंह ने 2 विकेट लिए, जबकि रोहित मीणा और मयंक दुबे को एक-एक सफलता मिली।
मध्य प्रदेश अहिल्या माता गार्जियंस की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी

74 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश अहिल्या माता गार्जियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के बल्लेबाज लगातार अंतराल पर आउट होते रहे और टीम कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई।
देवेंद्र मुक्सिया ने 2 रन बनाए, विवेक मीना 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान दर्शन राठौर सिर्फ 5 रन ही बना सके। रोहित मीना ने 15 रन बनाकर थोड़ा संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके। पूरी टीम 10 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 39 रन ही बना सकी।
राजस्थान के गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन

राजस्थान महाराणा प्रताप राणबांकुरे की जीत में गेंदबाजों की भूमिका सबसे अहम रही। लक्ष्मी नारायण ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
इसके अलावा अनुभव गहलोत ने 2 ओवर में केवल 3 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि दीपक कुमार, हेमराज सोनी और नरेश कुमार ने भी एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
राकेश प्रजापति बने प्लेयर ऑफ द मैच

फाइनल मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए राकेश प्रजापति को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 27 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली, जिसने राजस्थान को जीत दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
उनकी इस पारी की बदौलत राजस्थान की टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची और गेंदबाजों को मैच में दबाव बनाने का मौका मिला।
SPL 2026 में इन खिलाड़ियों और टीमों को मिले बड़े अवॉर्ड और प्राइज मनी
सनातन प्रीमियर लीग 2026 (SPL 2026) में पूरे टूर्नामेंट के दौरान कई खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अवॉर्ड के साथ-साथ आकर्षक प्राइज मनी भी दी गई।

सबसे ज्यादा रन: राकेश प्रजापति (राजस्थान महाराणा प्रताप रणबांकुरे) – 99 रन (बाइक)

सबसे ज्यादा विकेट: लक्ष्मी नारायण (राजस्थान महाराणा प्रताप रणबांकुरे) – 15 विकेट (बाइक)

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: लक्ष्मी नारायण (राजस्थान महाराणा प्रताप रणबांकुरे) – 15 विकेट और कप्तान के रूप में टीम को खिताब जिताया (कार)

टूर्नामेंट की विजेता टीम: राजस्थान महाराणा प्रताप रणबांकुरे (31 लाख रुपये)

उपविजेता टीम: मध्य प्रदेश अहिल्या माता गार्जियंस (15 लाख रुपये)
समाज सेवा के लिए संस्थाओं और जरूरतमंदों को भी दी गई आर्थिक सहायता
Sanatan Premier League 2026 के फाइनल के बाद एक खास सामाजिक पहल भी देखने को मिली। टूर्नामेंट के समापन पर सनातन न्यास फाउंडेशन को 12 लाख रुपये का चेक सौंपा गया, जिसे समाज सेवा से जुड़े कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा।

इसके अलावा स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती चैरिटेबल ट्रस्ट को अस्पताल निर्माण के लिए 7 लाख 51 हजार रुपये का चेक भी दिया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जा सकें।

इसी कड़ी में इंदौर की 3 साल की बच्ची अनिका शर्मा, जो SMA टाइप 2 नाम की दुर्लभ बीमारी से जूझ रही हैं, उनके इलाज के लिए भी 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक दिया गया।

इसके साथ ही देश की सेवा में शहीद हुए तीन जवानों की पत्नियों को भी 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
वहीं अन्य सेवा कार्यों के लिए भी 2 लाख 51 हजार रुपये का चेक सौंपा गया, ताकि जरूरतमंद लोगों की मदद और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सके। वहीं छाँव फाउंडेशन को एसिड अटैक पीड़िताओं की मदद के लिए 2 लाख 51 हजार रुपये का चेक भी सौंपा गया, ताकि उनके इलाज और पुनर्वास में सहयोग मिल सके।
दरअसल, देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज ने टूर्नामेंट के दौरान घोषणा की थी कि मैचों में बनने वाले हर रन पर 500 रुपये समाज सेवा के लिए दिए जाएंगे। इसी पहल के तहत पूरे टूर्नामेंट में बने रनों के आधार पर यह राशि एकत्रित की गई और फाइनल के बाद अलग-अलग संस्थाओं और जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी गई। इस पहल का उद्देश्य क्रिकेट के जरिए समाज सेवा को बढ़ावा देना और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

