IPL 2026 में टॉप ऑर्डर मजबूत होने के बावजूद राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ CSK की बल्लेबाजी फिर से फेल हो गई।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की बल्लेबाजी कागज पर बेहद मजबूत दिख रही थी। टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी शामिल थे।
आंकड़ों के हिसाब से भी यह टॉप-5 बाकी टीमों से आगे था। इस ग्रुप का औसत 35.85 था, जो IPL 2026 की सभी टीमों में सबसे ज्यादा था, जबकि स्ट्राइक रेट 162.90 था, जो दूसरे नंबर पर था। लेकिन मैदान पर कहानी पूरी तरह उलटी नजर आई।
2025 से ही शुरू हुई गिरावट, 2026 में भी जारी
अगर पिछले सीजन यानी IPL 2025 के आंकड़ों को देखें, तो CSK लगभग हर बल्लेबाजी पैरामीटर में सबसे नीचे रही थी। यानी समस्या नई नहीं थी, बल्कि टीम पहले से ही संघर्ष कर रही थी।
- पहली पारी का औस स्कोर: 173 (10वां स्थान)
- रन रेट: 8.79 (सबसे खराब)
- बाउंड्री प्रतिशत: 17.98%
- औसत पॉवरप्ले स्कोर: 52
- ओपनिंग पार्टनरशिप: 21.85
RR के खिलाफ मैच में फिर वही कमजोरी सामने आई
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में यह कमजोरी फिर खुलकर सामने आई। CSK की टीम सिर्फ 127 रन पर ऑलआउट हो गई, और उन्हें सबसे बड़ा झटका पॉवरप्ले में लगा, जहां टीम 41/4 पर सिमट गई।
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाजों जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने अपनी पेस और बाउंस से टॉप ऑर्डर को पूरी तरह तोड़ दिया। खास बात यह रही कि गुड लेंथ गेंदों पर CSK के बल्लेबाज सबसे ज्यादा संघर्ष करते दिखे।
टॉप ऑर्डर मजबूत, लेकिन मिडिल और लोअर ऑर्डर पूरी तरह कमजोर
CSK की सबसे बड़ी समस्या यह है कि टीम का टॉप ऑर्डर तो मजबूत दिखता है, लेकिन उसके बाद कोई भरोसेमंद बल्लेबाज नहीं है। इस मैच में भी यही हुआ, टॉप ऑर्डर जल्दी आउट हो गए, मिडिल ऑर्डर दबाव में बिखर गया और लोअर ऑर्डर मैच संभाल नहीं पाया।
यहां तक कि 10वें विकेट के लिए 33 रन की साझेदारी टीम की सबसे बड़ी पार्टनरशिप रही, जो अपने आप में बड़ी समस्या दिखाती है।
बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने बढ़ाई परेशानी
इस मैच में डेवाल्ड ब्रेविस चोट के कारण बाहर थे, जबकि एमएस धोनी भी टीम में नहीं थे। इन दोनों की गैरमौजूदगी ने टीम के बैलेंस को पूरी तरह बिगाड़ दिया। CSK अब कुछ चुनिंदा खिलाड़ियों पर ही निर्भर नजर आ रही है, जो लगातार प्रदर्शन नहीं कर पा रहे।
पेस और स्पिन दोनों के खिलाफ कमजोर दिखी CSK
आंकड़े साफ बताते हैं कि CSK की बल्लेबाजी हर तरह की गेंदबाजी के खिलाफ संघर्ष कर रही है। यानी टीम किसी एक कमजोरी से नहीं, बल्कि हर एरिया में पीछे है।
- पेस के खिलाफ औसत: 27.37
- स्पिन के खिलाफ औसत: 21.46
- स्पिन के खिलाफ स्ट्राइक रेट: 124.36
क्या राजस्थान रॉयल्स से हार के बाद IPL 2026 में वापसी कर पाएगी CSK?
कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने मैच के बाद कहा कि “अभी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है”, लेकिन आंकड़े कुछ और ही कहानी बता रहे हैं। टीम को अपनी बल्लेबाजी में बड़ा बदलाव करना होगा। खासकर मिडिल ऑर्डर और लोअर ऑर्डर में उन्हें ज्यादा ध्यान देना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो IPL 2026 में भी CSK की कहानी 2025 जैसी ही रह सकती है।
CSK की समस्या सिर्फ एक खराब मैच नहीं है, बल्कि यह एक लंबी चल रही कमजोरी है। टॉप ऑर्डर के अच्छे आंकड़े सिर्फ कागज पर अच्छे लगते हैं, लेकिन जब मैच में दबाव आता है, तो टीम बार-बार टूट जाती है। IPL 2026 में अगर CSK को वापसी करनी है, तो उन्हें सिर्फ खिलाड़ियों पर नहीं, बल्कि अपनी पूरी बल्लेबाजी रणनीति पर काम करना होगा।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

