अब तक 9 बल्लेबाज आईपीएल के एक मैच में अकेले विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाने का कारनामा कर चुके हैं।
आईपीएल में अक्सर बल्लेबाजों की ओर से कई बड़े-बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं, लेकिन कुछ पारियां ऐसी होती हैं, जो पूरी तरह से मैच का समीकरण ही बदल देती हैं। खासकर, जब एक बल्लेबाज अकेले ही पहली पारी में इतना रन बना दे, जितना रन चेज में पूरी विपक्षी टीम भी मिलकर ना बना सके, ऐसा बहुत ही कम बार देखने को मिलता है।
हाल ही में तिलक वर्मा ने आईपीएल में यह कारनामा किया, जब उन्होंने 101* रनों की शानदार पारी खेली और विपक्षी टीम सिर्फ 100 रनों पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में एक मैच में विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाने वाले 9वें बल्लेबाज बन गए हैं। इसी कड़ी में यहाँ हम आपको आईपीएल के एक मैच में अकेले विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट बताने जा रहे हैं।
ये है आईपीएल के एक मैच में अकेले विपक्षी टीम से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की पूरी लिस्ट
1. ब्रेंडन मैक्कुलम – 158* बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (82/10), 2008
ब्रेंडन मैक्कुलम ने कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए आईपीएल इतिहास के पहले ही मैच में 73 गेंदों पर 158* रनों की नाबाद पारी खेली थी। ईडन गार्डंस में उस ऐतिहासिक मुकाबले में मेजबान कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम सिर्फ 82 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
2. राहुल द्रविड़ – 66 बनाम राजस्थान रॉयल्स (58/10), 2009
आईपीएल 2009 में राहुल द्रविड़ ने केपटाउन में खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से 48 गेंदों पर 66 रन बनाए थे। उनकी इस पारी के चलते आरसीबी ने 133/8 का स्कोर बनाया था, जबकि राजस्थान रॉयल्स की टीम रन चेज करते हुए मात्र 58 रनों पर ही सिमट गई।
3. क्रिस गेल – 175* बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया (133/10), 2013
क्रिस गेल ने आईपीएल 2013 में बेंगलुरु में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 63 गेंदों पर 175* रनों की बड़ी और विस्फोटक पारी खेली थी, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी पारी भी है।
गेल की इस पारी की बदौलत आरसीबी ने उस समय का सबसे बड़ा टोटल 263/5 बनाया था, जो 2023 सीजन तक अटूट रिकॉर्ड बना रहा। हालाँकि, 264 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया सिर्फ 133 रन ही बना सकी थी।
4. क्रिस गेल – 117 बनाम पंजाब किंग्स (88/10), 2015
गेल ने आईपीएल 2015 में एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 गेंदों पर 117 रन बनाए थे, जिसके चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 226/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में उतरी पंजाब किंग्स मात्र 88 रनों पर ही सिमट गई थी।
5. विराट कोहली – 109 बनाम गुजरात लायंस (104/10), 2016
विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ बेंगलुरु में 55 गेंदों पर 109 रनों शानदार पारी खेली थी, जिसके चलते उनकी टीम ने 248/3 का बड़ा स्कोर बनाया था। जवाब में उतरी गुजरात लायंस की टीम मात्र 104रनों पर ऑलआउट हो गई थी। इसी मैच में डी विलियर्स ने भी शतक लगाया था।
6. एबी डी विलियर्स – 129* बनाम गुजरात लायंस (104/10), 2016
एबी डी विलियर्स विराट कोहली ने आईपीएल 2016 में गुजरात लायंस के खिलाफ बेंगलुरु में 52 गेंदों पर 129* रनों विस्फोटक पारी खेली थी, जिसके चलते उनकी टीम ने 248/3 का बड़ा स्कोर बनाया था। 249 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात लायंस की टीम मात्र 104रनों पर ऑलआउट हो गई थी। यह वही मैच है, जिसमें कोहली ने भी 109 रनों की पारी खेली थी।
7. जॉनी बेयरस्टो – 114 बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (113/10), 2019
जॉनी बेयरस्टो ने आईपीएल 2019 में हैदराबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ ओपनिंग करते हुए 56 गेंदों पर 114 रन बनाए थे। इसी मैच में वॉर्नर ने भी 100* रनों की पारी खेली थी। जवाब में उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बेयरस्टो से एक रन कम यानी 113 रन पर ही सिमट गई थी।
8. केएल राहुल – 132* बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (109/10), 2020
केएल राहुल ने आईपीएल 2020 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दुबई में 69 गेंदों पर 132* रनों की नाबाद पारी खेली थी। उनकी इस बेहतरीन पारी के चलते उनकी टीम ने 206/3 का स्कोर बनाया, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 109 रन ही बना सकी।
9. तिलक वर्मा – 101* बनाम गुजरात टाइटंस (100/10), 2026
मुंबई इंडियंस के तिलक वर्मा ने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में 45 गेंदों पर 101* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी, जिसके चलते मुंबई इंडियंस ने 199/5 का स्कोर बनाया।
दूसरी ओर, गुजरात की टीम रन चेज में मात्र 100 रनों पर ही सिमट गई। इस तरह से तिलक ने इस मुकाबले में अकेले गुजरात टाइटंस से ज्यादा रन बनाए। इतना ही नहीं, मुंबई इंडियंस ने पहली बार गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में पहली बार जीत भी हासिल की।
यह भी पढ़ें: GT vs MI: तिलक वर्मा ने 45 गेंदों पर शतक जड़कर रचा इतिहास, जयसूर्या का अब तक अटूट रिकॉर्ड किया बराबर
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

