लगातार दो मैचों से बाहर चल रहे हार्दिक पांड्या को लेकर सोशल मीडिया पर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
आईपीएल 2026 (IPL 2026) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) का प्रदर्शन इस बार काफी निराशाजनक रहा है। टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और इसी बीच कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पिछले दो मैचों से प्लेइंग XI में भी नजर नहीं आए हैं। खास बात यह है कि फ्रेंचाइजी ने अब तक उनकी गैरमौजूदगी की असली वजह का खुलासा नहीं किया है।
हार्दिक की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में मुंबई को एक मैच में जीत मिली, जबकि दूसरे मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इन सबके बीच सोशल मीडिया पर अब एक अलग ही चर्चा ने जोर पकड़ लिया है।
CSK CEO के साथ वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई चर्चा
दरअसल, 02 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और मुंबई इंडियंस के बीच चेन्नई में खेले गए मुकाबले के बाद हार्दिक पांड्या का एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में वह मैदान से बाहर निकलते समय CSK के CEO काशी विश्वनाथन से झुककर गले मिलते नजर आए।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब हार्दिक लगातार दो मैचों से बाहर बैठे हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर फैंस अलग-अलग तरह के कयास लगाने लगे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि हार्दिक पांड्या अगले सीजन ट्रेड होकर चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन सकते हैं।
मुंबई इंडियंस में कप्तानी का सफर हार्दिक के लिए नहीं रहा आसान
हार्दिक पांड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में मुंबई इंडियंस से ही की थी। हालांकि, 2022 में वह नई फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस के कप्तान बने और पहले ही सीजन टीम को चैंपियन बना दिया। अगले साल भी गुजरात की टीम फाइनल तक पहुंची थी।
इसके बाद आईपीएल 2024 से पहले हार्दिक फिर से ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस में लौट आए। मुंबई ने रोहित शर्मा को हटाकर उन्हें कप्तान बनाया, जिसके बाद फैंस ने इस फैसले की काफी आलोचना की थी।
मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी हार्दिक की कप्तानी में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। 2024 में खराब प्रदर्शन के कारण वह पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें स्थान पर रही। हालांकि, उसी साल भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद हार्दिक को फैंस का काफी समर्थन मिला और 2025 में मुंबई दूसरे क्वालीफायर तक भी पहुंची।
लेकिन IPL 2026 में एक बार फिर मुंबई का प्रदर्शन खराब रहा। टीम ने शुरुआती मैच जीतने के बाद लगातार मुकाबले गंवाए और 11 मैचों में सिर्फ 3 जीत ही हासिल कर सकी। इसमें पांड्या की कप्तानी में मुंबई 9 में से सिर्फ 2 मैच ही जीत सकी।
मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर कैसे रहे हैं हार्दिक पांड्या के आंकड़े?
हार्दिक पांड्या अब तक मुंबई इंडियंस के लिए 37 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। इस दौरान टीम को सिर्फ 15 मैचों में जीत मिली है, जबकि 22 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है।
उनकी गैरमौजूदगी और लगातार वायरल हो रहे वीडियो के बाद अब फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या हार्दिक पांड्या IPL 2027 में मुंबई इंडियंस छोड़ सकते हैं।
एमएस धोनी के साथ भी है पांड्या की अच्छी बॉन्डिंग
हार्दिक पांड्या और एमएस धोनी के बीच भी काफी अच्छी दोस्ती मानी जाती है। हाल ही में CSK और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
इसी वजह से अब फैंस लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या भविष्य में हार्दिक पांड्या चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आ सकते हैं। हालांकि, फिलहाल यह अटकलें सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रही हैं और किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि अगले सीजन के ट्रेडिंग विंडो ओपन होने से पहले ही हो सकती है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

