IPL 2026 के 63वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से हार झेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की राह काफी मुश्किल हो गई है।
आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को अपने घरेलू मैदान चेन्नई में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद उनके खाते में 13 मैचों में सिर्फ 12 अंक हैं और उसका नेट रन रेट भी -0.016 पर पहुंच गया है। हालांकि, इतने खराब हालात के बावजूद CSK अभी भी आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है।
बता दें कि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। इसीलिए, अब प्लेऑफ के लिए सिर्फ एक जगह ही बची हुई है, जिसके लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला चल रहा है।
हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स का नेट रन रेट काफी खराब है, जिसको एक मैच में पॉजिटिव में लाना उनके लिए लगभग नामुमकिन है। इसीलिए, चेन्नई सुपर किंग्स को तीन टीमों के रिजल्ट पर खासा निर्भर रहना होगा। इसी कड़ी में, यहाँ हम आपको IPL 2026 के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद से हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स का नया क्वालिफिकेशन समीकरण बताने जा रहे हैं।
ये है IPL 2026 में SRH के खिलाफ हार के बाद CSK का प्लेऑफ क्वालिफिकेशन समीकरण
गुजरात टाइटंस के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करना होगा
चेन्नई सुपर किंग्स का आखिरी लीग मुकाबला 21 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला जाएगा। यह मैच CSK के लिए करो या मरो जैसा रहने वाला है। अगर चेन्नई यह मुकाबला हार जाती है, तो टीम उसी समय प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। वहीं जीत की स्थिति में CSK के 14 अंक हो जाएंगे।
हालांकि, उन्हें यह मैच बड़े अंतर से जीतकर अपना नेट रन रेट भी राजस्थान रॉयल्स से ज्यादा बेहतर करना होगा, ताकि वह आगे की स्थिति के लिए पूरी तरह से तैयार रहें।
पंजाब किंग्स किसी भी हाल में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच भी हारे
चेन्नई सुपर किंग्स की उम्मीदें सिर्फ अपने प्रदर्शन पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि उन्हें पंजाब किंग्स के नतीजे का भी इंतजार रहेगा। क्योंकि यदि चेन्नई किसी तरह से गुजरात के खिलाफ जीत जाती है, तो भी उसे पंजाब किंग्स की हार की जरूरत पड़ेगी।
इस समय पंजाब किंग्स के खाते में 13 मैचों में 13 अंक हैं और उनका आखिरी मुकाबला 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ है। अगर पंजाब वह मैच जीत जाती है, तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और फिर CSK की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। यही वजह है कि चेन्नई के फैंस उस मैच में लखनऊ की जीत की दुआ करेंगे।
राजस्थान रॉयल्स भी लखनऊ सुपर जायंट्स या मुंबई इंडियंस में से किसी एक के खिलाफ बड़े अंतर से हारे
अभी राजस्थान रॉयल्स के खाते में 12 मैचों में 12 अंक हैं और उनके दो मुकाबले बाकी हैं। फिलहाल उनका नेट रन रेट CSK से बेहतर है, इसलिए चेन्नई को यहां भी उनके मन मुताबिक रिजल्ट की उम्मीद करनी होगी।
सबसे पहले राजस्थान को 19 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अच्छे अंतर से हारना होगा, ताकि उसका नेट रन रेट नीचे आए। अगर राजस्थान यह मुकाबला जीत जाती है, तो फिर 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ उसे बड़े अंतर से हारना पड़ेगा, ताकि किसी भी हाल में उसका नेट रन रेट CSK से कम रहे।
हालांकि, अगर राजस्थान रॉयल्स अपने अगले दोनों मुकाबले जीत जाती है, तो वह सीधे 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी और बाकी सभी टीमों का सफर सीधे-सीधे खत्म हो जाएगा।
कोलकाता नाइट राइडर्स भी मुंबई इंडियंस या दिल्ली कैपिटल्स में से किसी एक के खिलाफ हारे
वर्तमान समय में आईपीएल 2026 के पॉइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स के खाते में 12 मैचों में 11 अंक हैं और उन्हें अभी दो मुकाबले खेलने हैं। KKR का अगला मैच 20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ है, जबकि आखिरी मुकाबला 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए जरूरी है कि कोलकाता इन दो मैचों में से कम से कम एक मैच जरूर हारे। अगर KKR दोनों मुकाबले जीत जाती है, तो उसके 15 अंक हो जाएंगे और फिर CSK प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी।
दिल्ली कैपिटल्स को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ करीबी जीत मिले
दिल्ली कैपिटल्स भी अभी गणितीय रूप से रेस में बनी हुई है, लेकिन टीम की स्थिति काफी खराब नजर आ रही है। DC के खाते में 13 मैचों में 12 अंक हैं, जबकि उनका नेट रन रेट -0.871 है।
दिल्ली को अब सिर्फ एक मुकाबला खेलना है और इतने खराब नेट रन रेट को सिर्फ एक मैच में सुधारना लगभग नामुमकिन माना जा रहा है। इस सीजन उनका आखिरी लीग मुकाबला 24 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा, जहां उसकी करीबी जीत KKR को रेस से बाहर कर देगी और सब कुछ समीकरण के अनुसार रहा तो CSK प्लेऑफ में जगह बना सकती है।
19 मई को राजस्थान बनाम लखनऊ मुकाबला रहेगा सबसे अहम
19 मई को जयपुर में खेला जाने वाला राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मुकाबला प्लेऑफ की रेस की तस्वीर काफी हद तक साफ कर सकता है। इसीलिए, चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस की नजरें खास तौर पर इसी मैच पर रहने वाली हैं।
फिलहाल स्थिति ऐसी है कि CSK को सिर्फ अपना मैच जीतने से काम नहीं चलेगा। उन्हें पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के नतीजों की भी जरूरत पड़ेगी। अगर ये सभी समीकरण चेन्नई सुपर किंग्स के पक्ष में जाते हैं, तभी वह IPL 2026 के प्लेऑफ में अपनी जगह बना पाएगी।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

