कगिसो रबाडा ने आईपीएल 2026 में नया रिकॉर्ड बनाया है।
आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में अब अक्सर बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है। पिछले कुछ सालों से इस टूर्नामेंट में लगातार बड़े स्कोर बनते और चेज होते रहे हैं। आईपीएल 2026 में तो सबसे ज्यादा बार 200+ टोटल और सबसे ज्यादा 200+ रन चेज का रिकॉर्ड तक बन गया।
हालाँकि, इन सब के बीच कुछ गेंदबाज लगातार बेहतरीन गेंदबाजी करने अपनी टीम को सफलता दिलाते रहे हैं। 2026 के हाई-स्कोरिंग और बल्लेबाजों के दबदबे वाले सीजन में कगिसो रबाडा ने पॉवरप्ले में लगातार विकेट चटकाया और अपनी टीम को कई अहम जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
रबाडा ने 2026 में आईपीएल के एक सीजन में पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इससे पहले यह रिकॉर्ड मोहम्मद शमी के नाम दर्ज था, जब वह 2023 में पर्पल कैप होल्डर बने थे। इसी कड़ी में, यहाँ हम आपको IPL के एक सीजन में पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।
ये हैं IPL के एक सीजन में पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप 5 गेंदबाज
5. भुवनेश्वर कुमार – 16 विकेट (2026)*
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अब तक आईपीएल में अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके हैं और वह आईपीएल इतिहास में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हैं। वह आईपीएल 2026 में भी शानदार लय में नजर आए हैं और पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं।
भुवी ने आईपीएल 2026 में अब तक पॉवरप्ले में 15 पारियों में 14.06 की औसत से 16 विकेट चटका चुके हैं, जबकि फाइनल में उनके पास इन आंकड़ों में इजाफा करने का मौका है। क्योंकि उनकी टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने क्वालीफायर 1 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है।
4. मिचेल जॉनसन – 16 विकेट (2013)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल जॉनसन ने आईपीएल 2013 में मुंबई इंडियंस को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस सीजन 17 मैचों में 24 विकेट हासिल किए थे, जिसमें से 16 विकेट पॉवरप्ले में आए थे।
मुंबई के लिए वह सीजन काफी यादगार रहा था, क्योंकि उन्होंने पहले हाफ में रिकी पोंटिंग की कप्तानी में काफी ख़राब प्रदर्शन किया था। हालाँकि, इसके बाद फ्रेंचाइजी ने बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को कप्तान बनाया और फिर दूसरे हाफ में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया था।
3. ट्रेंट बोल्ट – 16 विकेट (2020)
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने आईपीएल 2020 में मुंबई इंडियंस को पांचवीं बार चैंपियन बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। बोल्ट ने उस सीजन पॉवरप्ले में 15.12 की औसत से सबसे ज्यादा 16 विकेट झटके थे और पुराने रिकॉर्ड की बराबरी की थी।
NOTE: भुवनेश्वर कुमार, मिचेल जॉनसन और ट्रेंट बोल्ट के अलावा धवल कुलकर्णी भी आईपीएल के एक सीजन में पॉवरप्ले में 16 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। उन्होंने आईपीएल 2016 में गुजरात लायंस की ओर से खेलते हुए यह कारनामा किया था। उस समय उन्होंने मिचेल जॉनसन द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली थी।
2. मोहम्मद शमी – 17 विकेट
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए पॉवरप्ले में 17 विकेट लेकर पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। उनकी इस शानदार गेंदबाजी की बदौलत गुजरात ने लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई थी।
हालाँकि, फाइनल मुकाबले में हास्दिक पांड्या की कप्तानी में उनकी टीम ने पूरे मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी, लेकिन रविंद्र जडेजा ने अंतिम दो गेंदों पर 10 रन (6 और 4 रन) बनाकर चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार चैंपियन बना दिया था, लेकिन शमी उस सीजन 28 विकेटों के साथ पर्पल कैप होल्डर रहे।
1. कगिसो रबाडा – 18 विकेट
दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा अब आईपीएल के एक सीजन में पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए पॉवरप्ले में गेंदबाजी करते हुए अब तक 21.16 की औसत से 18 विकेट चटकाए हैं।
हालाँकि, रबाडा ने पॉवरप्ले में 9.52 की इकॉनमी से जरूर रन खर्च किए, लेकिन वह समय-समय पर विकेट चटकाते रहे। इसी की बदौलत गुजरात टाइटंस ने दूसरे स्थान पर रहकर प्लेऑफ में जगह बनाई थी।
हालाँकि, रबाडा के पास अभी इन आंकड़ों में इजाफा करने का पूरा मौका है, क्योंकि उन्हें अभी क्वालीफायर 2 खेलना है और उस मैच में जीत हासिल रकरने के बाद वह फाइनल भी खेल सकते हैं।
(NOTE: यहाँ दिए गए सभी आंकड़े 27/05/2026 तक अपडेटेड हैं)
आईपीएल 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

