साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में चार देशों के 11 खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से ऐसी छाप छोड़ी कि वह Sports Digest Hindi द्वारा चुनी गई बेस्ट टेस्ट XI का हिस्सा बन गए।
साल 2025 टेस्ट क्रिकेट के लिए बेहद रोमांचक साबित हुआ, जहां वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से लेकर इंग्लैंड और भारत की पांच मैचों वाली टेस्ट सीरीज और एशेज सीरीज ने क्रिकेट फैंस को लगातार शानदार पल दिए। इतने बड़े कैलेंडर में कई खिलाड़ियों ने चमकदार प्रदर्शन किया और कई ने लगातार अच्छा खेल दिखाते हुए अपनी टीमों को मुश्किल हालात में बचाया।
ऐसे में अब साल के अंत में Sports Digest Hindi ने उन 11 खिलाड़ियों का चयन किया है, जिन्होंने पूरे साल टेस्ट क्रिकेट में निरंतरता, प्रभाव और क्लास दिखाया। यह टीम सिर्फ नामों पर आधारित नहीं है, बल्कि उन खिलाड़ियों पर आधारित है, जिन्होंने साल भर अपनी तकनीक, फिटनेस, मानसिक मजबूती और मैच सिचुएशन को समझते हुए टीम के लिए योगदान दिया।
इस टीम की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ चार देशों के खिलाड़ी शामिल हुए, जो यह दिखाता है कि 2025 में भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने किस तरह बाकी देशों से बेहतर प्रदर्शन किया। अब चलते हैं उन खिलाड़ियों की तरफ, जिन्होंने 2025 की बेस्ट टेस्ट XI में जगह बनाई और पूरे साल खुद को साबित किया।
ये है Sports Digest Hindi द्वारा चुनी गई 2025 की बेस्ट टेस्ट XI
1. केएल राहुल (भारत)
केएल राहुल ने साल 2025 में ओपनर के रूप में निरंतरता दिखाई। जहां इंडिया को मजबूत शुरुआत चाहिए थी, वहां राहुल ने क्रीज पर समय बिताकर टीम को स्थिरता दी। उन्होंने इस साल 45.16 की औसत से 813 रन बनाया, जो यह साबित करता है कि उन्होंने परिस्थितियों और टीम की जरूरत के हिसाब से खेला।
राहुल ने कई बार ठंडी शुरुआत को मजबूत पारी में बदलते हुए टीम को आगे बढ़ाया और इसी स्थिरता के चलते उन्हें ओपनर के रूप में इस XI में जगह दी गई है।
2. रयान रिकेलटन (दक्षिण अफ्रीका)
रिकेलटन ने शांत तरीके से लेकिन मजबूती के साथ अपनी पहचान बनाई और इस साल टेस्ट क्रिकेट में 54.00 की औसत से 540 रन बनाते हुए यह दिखाया कि वह लंबे समय तक क्रीज पर टिकने की क्षमता रखते हैं।
पाकिस्तान के खिलाफ उनकी 259 रनों की एक बड़ी पारी भले ही उनके आंकड़ों पर सबसे ज्यादा प्रभाव डालती है, लेकिन जिस तरह उन्होंने मजबूत गेंदबाजी के सामने धैर्य दिखाया, उसने उन्हें साल के सर्वश्रेष्ठ ओपनिंग विकल्पों में शामिल किया।
3. ओली पोप (इंग्लैंड)
ओली पोप ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के लिए अहम भूमिका निभाई और इस साल 602 रन बनाए। उन्होंने कई अहम परिस्थितियों में टीम को बैलेंस दिया। कई बार जहां इंग्लैंड की टॉप ऑर्डर लड़खड़ाती नजर आई, वहां पोप ने मजबूत साझेदारी की और मैच में वापसी कराई। उनकी तेज, लेकिन जिम्मेदार बल्लेबाजी ने उन्हें इस XI में टिकाऊ बल्लेबाज के रूप में जगह दिलाई है।
4. शुभमन गिल (भारत, कप्तान)
वर्तमान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पूरे साल अपनी क्लास और आत्मविश्वास से दुनिया को प्रभावित किया और 85 से ज्यादा की औसत से 939 रन बनाते हुए 2025 में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने तेज गेंदबाजी हो या स्पिन, हर परिस्थिति में आत्मविश्वास दिखाया और कप्तानी की क्षमता भी प्रदर्शित की।
गिल की कप्तानी में टीम इंडिया ने इंग्लैंड में 2-2 से सीरीज भी ड्रॉ कराई थी। उनके शांत स्वभाव और मैच रीडिंग की क्षमता के चलते उन्हें इस टीम का कप्तान बनाया गया है।
5. ऋषभ पंत (भारत, विकेटकीपर)
ऋषभ पंत अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग दोनों के कारण हर टेस्ट टीम में खास पहचान रखते हैं। उन्होंने इस साल 55 से ज्यादा की औसत से 607 रन बनाए, जो यह दर्शाता है कि वह मिडिल ऑर्डर में मैच की दिशा बदलने वाले खिलाड़ी हैं। स्पिन के सामने आक्रामक बल्लेबाजी करने की उनकी क्षमता और स्टंप्स के पीछे की फुर्ती उन्हें बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज इस XI में जगह दिलाती है।
6. बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
बेन स्टोक्स का साल आंकड़ों से नहीं, बल्कि उनके प्रभाव से मापा जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने 496 रन और 33 विकेट के साथ मैच की दिशा बदलने वाले योगदान दिए। चाहे गेंद से स्पेल में ब्रेकथ्रू हो या बल्ले से टीम को मुश्किल से निकालना हो, स्टोक्स इस XI के बाकियों से अलग दिखते हैं, क्योंकि वह दबाव के क्षणों में टीम को खड़ा करना जानते हैं।
7. रविंद्र जडेजा (भारत)
भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने इस साल 10 मैचों में 764 रन और 25 विकेट के साथ यह साबित किया कि वह टीम में बैलेंस लाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर बल्ले से खूब रन बनाए और गेंद से मैच में नियंत्रण रखा। उनकी फिटनेस और फील्डिंग इस XI को और मजबूत बनाती है और ऑलराउंड विकल्प के रूप में वह किसी भी टीम का अहम हिस्सा हो सकते हैं।
8. मार्को यांसिन (दक्षिण अफ्रीका)
यांसिन ने अपनी हाईट और गति का उपयोग करते हुए गेंद से लगातार खतरा पैदा किया और 19 विकेट लेकर अपनी अहमियत साबित की। इसके साथ ही निचले क्रम में 180 रन बनाकर उन्होंने टीम को मजबूत समाप्ति दी और यह दिखाया कि वह भविष्य में बड़े ऑलराउंडर के रूप में उभर सकते हैं। उनका भारत दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज जिताने में अहम योगदान रहा, जहाँ उनकी टीम ने 2-0 से सीरीज अपने नाम किया था।
9. जसप्रीत बुमराह (भारत)
जसप्रीत बुमराह पूरे साल टेस्ट क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज बने रहे और 31 विकेट लेकर हर परिस्थिति में सफल दिखे। नई गेंद पर शुरुआती झटके देना और पुराने गेंद से रिवर्स स्विंग पैदा करना उनकी खासियत रही। उनकी फिटनेस और रफ्तार गेंदबाजी आक्रमण की रीढ़ मानी जाती है और इस XI में भी वही भूमिका निभाते हैं।
10. मिशेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)
मिशेल स्टार्क ने 55 विकेट लेकर खुद को 2025 का सबसे प्रभावी तेज गेंदबाज साबित किया और इसी साल वह टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले लेफ्ट आर्म पेसर बनने का गौरव भी हासिल किया। इतना ही नहीं, वह टेस्ट क्रिकेट में इस साल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी रहे।
उनकी तेज गति, स्विंग और पुराने गेंद के साथ घातक रिवर्स स्विंग उन्हें हर बल्लेबाज के लिए चुनौती बनाती है। स्टार्क अपने दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं और इस टीम के प्रमुख स्ट्राइक गेंदबाज हैं।
11. साइमन हार्मर (दक्षिण अफ्रीका)
हार्मर ने इस साल टेस्ट क्रिकेट में 30 विकेट लेकर स्पिन की अहमियत याद दिलाई। बेहतरीन कंट्रोल के साथ निरंतरता के साथ गेंदबाजी करने की क्षमता ने उन्हें इस टीम में एकमात्र स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में जगह दिलाई। जब भी पिच से मदद मिली उन्होंने विकेट निकालकर मैच में दबाव बनाया और बीच के ओवरों में टीम को मजबूती दी। उन्होंने इस साल पाकिस्तान और भारत दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
Sports Digest Hindi की बेस्ट टेस्ट XI 2025 यह बताती है कि किस तरह गेंदबाजों और बल्लेबाजों के बीच सही संतुलन इस साल टेस्ट क्रिकेट में सफलता की चाबी रहा। चार देशों के 11 खिलाड़ियों ने यह दिखाया कि तकनीक, मानसिकता और टीम की जरूरत समझना ही लंबे फॉर्मेट में असली परीक्षा है और यही वजह है कि इन खिलाड़ियों ने 2025 के टेस्ट क्रिकेट को यादगार बनाया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







