आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दुबई में हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में जिस विकेट का इंतजार भारतीय फैंस को बेसब्री से था, वह था ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड का।
शुरुआती ओवरों में धीमी बल्लेबाजी करने वाले हेड ने बाद में भारतीय गेंदबाजों पर अटैक करना शुरू कर दिया। 9 गेंदों पर महज 1 रन बनाने के बाद हेड ने तेजी पकड़ी और 32 गेंदों पर 39 रन जड़ दिए। लेकिन इसी बीच भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर ट्रैविस हेड को बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में शुभमन गिल के हाथों कैच करवा दिया।
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल मुकाबले में छाया कोहली का गुस्सा
ट्रैविस हेड के विकेट के बाद भारतीय खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई, लेकिन जो सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहा वो था विराट कोहली का आक्रामक अंदाज। कोहली ने मैदान पर फायर वाला Send-Off देते हुए यह जता दिया कि यह विकेट भारत के लिए कितना जरूरी था।
यहाँ देखें वीडियो:
https://twitter.com/AkshatOM10/status/1896862048346308944
ऑस्ट्रेलिया की पारी संभली लेकिन खतरा बरकरार
शुरुआती झटकों के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी को स्टीव स्मिथ और मार्नस लैबुशेन ने संभाला। दोनों के बीच 56 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन रविंद्र जडेजा ने लैबुशेन (29) को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई।
हालांकि, स्टीव स्मिथ ने शानदार अर्धशतक जमाया, लेकिन बाद में वह भी मोहम्मद शमी की गेंद का शिकार बने। इसके तुरंत बाद ही वरुण चक्रवर्ती ने ग्लेन मैक्सवेल का विकेट लेकर भारत की मजबूत वापसी कराई। एलेक्स कैरी ने अर्धशतक लगाकर टीम इंडिया को थोड़ी देर के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया था, लेकिन वह श्रेयस अय्यर के डायरेक्ट हिट के चलते रनआउट होकर पवेलियन लौट गए।
भारतीय गेंदबाजों द्वारा 35 ओवरों के बाद शानदार गेंदबाजी ने टीम इंडिया को मजबूत वापसी कराई और ऑस्ट्रेलिया को 264 रनों पर ऑलआउट कर दिया। अब सभी की नजरें रोहित शर्मा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर जैसे बल्लेबाजों पर होगी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







