वीमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 का धमाकेदार अंदाज़ में शुभारंभ हो चुका है। एक ओर जहाँ भारतीय टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है, तो वहीं दूसरी ओर बाकी टीमें भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। हालाँकि आज इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के मुकाबले में अनोखा रिकॉर्ड देखने को मिला है। अफ्रीकी टीम मात्र 69 रनों पर पवेलियन लौट गई है। तो चलिए जानते हैं इस शर्मनाक प्रदर्शन के दौरान कौन से अनचाहे रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम किए हैं।
कप्तान लौरा हुईं फ्लॉप

इंग्लैंड वीमेंस ने अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत काफी शानदार अंदाज़ में की है। उन्होंने पिछले साल के टी20 फाइनलिस्ट को कम स्कोर पर चलता कर दिया है। इंग्लिश टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। लेकिन अफ्रीकी टीम शुरुआत से ही मुकाबले में नज़र नहीं आई। दूसरे ओवर में ही कप्तान लौरा वोल्वार्ट पवेलियन लौट गईं।
पॉवरप्ले में ही आधे बल्लेबाज़ लौटे पवेलियन
लौरा के आउट होने के बाद “तू चल, मैं आता हूँ” वाली कहानी रह गई। उनके बाद कोई भी बल्लेबाज़ टिकने को तैयार नहीं हुआ और लगातार गैरज़िम्मेदाराना शॉट्स खेलकर अपना विकेट गंवाते रहे। पॉवरप्ले के अंदर ही अफ्रीका की आधी टीम मात्र 38 रनों पर पवेलियन लौट चुकी थी। इसमें सबसे अहम योगदान इंग्लिश स्पिनर लिंसी स्मिथ का था, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए थे।
69 रनों पर सिमटी साउथ अफ्रीका
विकेटकीपर सिनालो जाफ़्ता अकेले ही इंग्लिश गेंदबाज़ों का सामना करती रहीं लेकिन बाकी कोई भी उनका साथ देने को राज़ी नहीं था। जिसका नतीजा यह हुआ कि अफ्रीका की टीम मात्र 69 रन पर सिमट गई।
जाफ़्ता ने ही सबसे ज़्यादा 22 रन बनाए और उसके अलावा बाकी कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। यह उनका वनडे क्रिकेट में तीसरा सबसे कम स्कोर है। इंग्लैंड की टीम से सबसे ज़्यादा विकेट लिंसी स्मिथ ने लिए। उन्होंने 3, तो कप्तान नेट सिवर-ब्रंट ने 2 विकेट लिए।
वनडे क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका का सबसे कम स्कोर
51- बनाम न्यूजीलैंड, बोरल, 2009 वर्ल्ड कप
62- बनाम पाकिस्तान, पोटचेफस्ट्रूम, 2019
69- बनाम इंग्लैंड, गुवाहाटी, 2025 वर्ल्ड कप
75- बनाम बांग्लादेश, मीरपुर, 2012
77- बनाम इंग्लैंड, कटक, 2013 वर्ल्ड कप
वर्ल्ड कप के शुरुआती 10 ओवरों के अंदर सबसे ज़्यादा विकेट गंवाने वाली टीम
5 – इंग्लैंड- बनाम ऑस्ट्रेलिया, मुंबई, 2013
5 – वेस्टइंडीज- बनाम दक्षिण अफ्रीका, लीसेस्टर, 2017
5 – दक्षिण अफ्रीका- बनाम इंग्लैंड, गुवाहाटी, 2025*







