Fastest Century in T20Is By ICC Full Member Team Players: टी20 क्रिकेट अपने तेज गति वाले खेल के लिए जाना जाता है, जहां बल्लेबाजों से हर ओवर में रन बनाने की मांग होती है। ऐसे में यदि कोई खिलाड़ी कम गेंदों में शतक बनाता है, तो वह तुरंत सुर्खियों में आ जाता है। आईसीसी फुल मेंबर टीमों के कई बल्लेबाजों ने इस फॉर्मेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से दर्शकों और विरोधी टीम को चौंका दिया है।
इस आर्टिकल में हम फुल मेंबर देशों के उन सात खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाया है। इनमें जिम्बाब्वे, भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के अनुभवी बल्लेबाज शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने करियर में केवल व्यक्तिगत रिकॉर्ड ही नहीं तोड़े बल्कि अपनी टीमों के लिए कई महत्वपूर्ण मैच भी जीते।
ये हैं T20I क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले टॉप 7 फुल मेम्बर टीमों के बल्लेबाज
7. जॉनसन चार्ल्स (वेस्टइंडीज) – 39 गेंद
जॉनसन चार्ल्स वेस्टइंडीज़ के सलामी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने मार्च 2023 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मात्र 39 गेंदों में शतक जड़ा था। चार्ल्स ने उस मैच में 46 गेंदों पर 10 चौकों और 11 छक्कों की मदद से 118 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने शुरुआती ओवरों से ही रन बनाने की रफ्तार बढ़ाई और टीम को 258/5 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
हालाँकि, इस मैच में क्विंटन डी कॉक ने भी 44 गेंदों पर 100 रनों की पारी खेली थी और दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 7 गेंदें शेष रहते हुए 6 विकेट से हराया था। यह अब तक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज हैं।
6. फिल साल्ट (इंग्लैंड) – 39 गेंद
इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने सितंबर 2025 में मैनचेस्टर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 39 गेंदों में शतक लगाया। यह उनकी टी20 इंटरनेशनल में चौथी शतकीय पारी थी, जो केवल उनकी 42वीं पारी में आई। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने सबसे तेज़ 4 शतक बनाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, और भारत के सूर्यकुमार यादव (57 पारियों में 4 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा।
साल्ट ने इस मैच में 60 गेंदों पर 15 चौके और 8 छक्के की मदद से 141* रनों की पारी खेली थी और इंग्लैंड का स्कोर रिकॉर्ड 304/2 तक पहुँचाया था। इस मैच में इंग्लैंड को 148 रनों से जीत मिली थी।
5. टिम डेविड (ऑस्ट्रेलिया) – 37 गेंद
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज टिम डेविड ने जुलाई 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 215 रनों का टारगेट चेज करते हुए 37 गेंदों में शतक बनाया था। इस मुकाबले में वह पांचवें स्थान पर बल्लेबाजी करने आए थे और 37 गेंदों पर 6 चौके और 11 छक्के जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।
4. अभिषेक शर्मा (भारत) – 37 गेंद
अभिषेक शर्मा ने फरवरी 2025 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ मात्र 37 गेंदों में शतक बनाया था। इस मैच में उन्होंने 54 गेंदों पर 7 चौकों और 13 छक्कों की मदद से 135 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 247/9 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था और 150 रनों से जीत दर्ज की थी।
3. रोहित शर्मा (भारत) – 35 गेंद
भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने दिसंबर 2017 में इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में शतक बनाया था। यह उनके टी20 करियर का सबसे तेज शतक था। उन्होंने इस मैच में 43 गेंदों पर 12 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 260/5 रन बनाए थे और 88 रनों से जीत हासिल की थी।
2. डेविड मिलर (दक्षिण अफ्रीका) – 35 गेंद
दक्षिण अफ्रीका के डेविड मिलर ने अक्टूबर 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक बनाया था। उन्होंने अपनी 36 गेंदों की पारी में चौकों और छक्कों की मदद से 101 रन बनाए थे। उनकी इस पारी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 224/4 रन बनाए थे और 83 रनों से जीत हासिल की थी।
1. सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) – 33 गेंद
जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज सिकंदर रजा ने अक्टूबर 2024 में गाम्बिया के खिलाफ मात्र 33 गेंदों में शतक बनाया था। उन्होंने इस मैच में 43 गेंदों पर 133 रन बनाए थे, जिसमें 7 चौके और 15 छक्के शामिल थे।
इस मैच में जिम्बाब्वे ने 344/4 का स्कोर बनाया था, जो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ा टोटल है। इसके अलावा, इस मैच में रजा की कप्तानी वाली टीम को 290 रनों से जीत मिली थी, जो इस फॉर्मेट में किसी टीम की सबसे बड़ी जीत है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







