Top 10 Players with Most Half Centuries in IPL 2025: आईपीएल 2025 में बल्लेबाज़ों का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिला। इस सीजन कई खिलाड़ियों ने लगातार बेहतरीन पारियाँ खेलते हुए न सिर्फ अपनी टीम को मज़बूती दी बल्कि टूर्नामेंट को रोमांचक भी बना दिया। इस सीजन में एक से बढ़कर एक शानदार अर्धशतक देखने को मिले। किसी ने तेज़ शुरुआत दी, तो किसी ने पारी को संभालते हुए लंबे समय तक टिक कर रन बनाए।
इस लिस्ट में सबसे आगे रहे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विराट कोहली, जिन्होंने आईपीएल 2025 में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाए और अपनी टीम को पहली बार चैंपिपन बनाने में अहम भूमिका निभाई। यहाँ हम आपको आईपीएल 2025 में सबसे ज़्यादा अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं।
IPL 2025 में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
10. सूर्यकुमार यादव (मुंबई इंडियंस) – 5 अर्धशतक
मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव ने इस सीजन 16 मैचों में 717 रन बनाए। उन्होंने इस सीजन 5 अर्धशतक भी जड़े, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन रहा। मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल इतिहास में किसी एक सीजन पहली बार 700 से ज्यादा रन बनाने वाले सूर्या ने पूरे सीजन 69 चौके और 38 छक्के भी लगाए।
9. निकोलस पूरन (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 5 अर्धशतक
लखनऊ सुपर जायंट्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ निकोलस पूरन ने आईपीएल 2025 में 14 पारियों में 524 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 196.25 रहा जो उन्हें सबसे ख़तरनाक फिनिशर्स में शुमार करता है। उन्होंने इस सीजन 5 मैचों में अर्धशतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 87* रन रहा।
8. एडेन मार्कराम (लखनऊ सुपर जायंट्स) – 5 अर्धशतक
लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने वाले एडेन मार्कराम ने 13 पारियों में 445 रन बनाए। उनका औसत 34.23 और स्ट्राइक रेट 148.82 रहा। उन्होंने इस सीजन 5 अर्धशतक लगाए और 38 चौके के साथ 22 छक्के भी जड़े।
7. जोस बटलर (गुजरात टाइटंस) – 5 अर्धशतक
आईपीएल 2025 में पहली बार गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए जोस बटलर ने 13 पारियों में 59.77 की औसत और 160.03 की स्ट्राइक रेट से 538 रन बनाए। उन्होंने इस सीजन शानदार बल्लेबाजी करते हुए 5 अर्धशतक भी लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रहा।
6. श्रेयस अय्यर – 6 अर्धशतक
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में अपनी शानदार बल्लेबाजी और कप्तानी के दम पर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया। अय्यर ने इस सीजन 17 पारियों में 50.33 की औसत और 175.07 की स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक भी लगाया, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रहा।
5. शुभमन गिल – 6 अर्धशतक
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने इस सीजन 15 मैचों में 50.0 की औसत और 155.87 की स्ट्राइक रेट से 650 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 93 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ 6 अर्धशतक भी निकले।
4. यशस्वी जायसवाल – 6 अर्धशतक
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इस सीजन 14 मैचों में 43.0 की औसत और 159.71 की स्ट्राइक रेट से 559 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 75 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी सहित 6 अर्धशतक लगाया।
3. साईं सुदर्शन – 6 अर्धशतक
गुजरात टाइटंस के साईं सुदर्शन आईपीएल 2025 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 15 पारियों में 54.21 की औसत और 156.17 की स्ट्राइक रेट से 759 रन बनाए। इस दौरान साईं के बल्ले से एक शतक और 6 अर्धशतक भी निकले।
2. मिशेल मार्श – 6 अर्धशतक
लखनऊ सुपर जायंट्स के सलामी बल्लेबाज मिशेल मार्श ने इस सीजन 48.23 की औसत और 163.70 की स्ट्राइक रेट से 13 पारियों में 627 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक भी लगाया, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117* रन रहा।
1. विराट कोहली – 8 अर्धशतक
विराट कोहली आईपीएल 2025 में सबसे ज़्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज़ रहे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस अनुभवी बल्लेबाज़ ने 15 पारियों में 657 रन बनाए और अपनी टीम को पहली बार खिताब जिताया। उन्होंने इस सीजन 73 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ 8 अर्धशतक लगाए।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।