ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच इन दिनों टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। शुरुआती दो मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से मैच जीतते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। दोनों टीमों के एशेज का तीसरा मुकाबला 17 दिसंबर से एडिलेड के एडिलेड ओवल में खेला जाना है। ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी जोश हेज़लवुड की चोट से उभरी भी नहीं थी कि अचानक से उनके कप्तान ने संन्यास का फैसला कर लिया है। तो चलिए जानते हैं कि क्या है पूरा माजरा?
ऑस्ट्रेलियाई टी20 कप्तान मिच मार्श ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से लिया संन्यास

आपको बता दें, कि यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श हैं। उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। उनका यह निर्णय उनके व्हाइट बॉल करियर को लंबा करने के उद्देश्य से लिया गया है। वे फिलहाल इस समय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं, जिसके चलते ही उन्होंने यह फैसला लिया है।
मिचेल को पिछले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में खराब फॉर्म के चलते टीम से ड्रॉप कर दिया गया था और उसके बाद से वे वापसी करने में सफल नहीं हुए हैं। हालाँकि एशेज के शुरू होने से पहले जब ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ी लगातार चोटिल हो रहे थे, तब उनकी वापसी की खबरें आ रही थीं, लेकिन उन्हें स्क्वाड में जगह नहीं दी गई थी।
मार्श ने 2019 से मात्र 9 मैच खेले थे
मिचेल मार्श ने साल 2009 में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के चलते उन्हें टेस्ट टीम में भी मौका दिया गया था। हालाँकि 2019 से वे लगातार टेस्ट टीम में जगह बनाने में सफल नहीं हो रहे थे, इसलिए उसके बाद से अब तक उन्होंने सिर्फ 9 फर्स्ट क्लास मैच खेले थे।
मिचेल मार्श की निगाहें टी20 वर्ल्ड कप पर
अगले साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन भारत और श्रीलंका में होना है। इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी मिचेल मार्श करेंगे और उनका लक्ष्य खिताब जीतने पर होगा। वे इस समय व्हाइट बॉल में काफी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं और पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है और वे अब तक सिर्फ एक सीरीज हारे हैं। उन्होंने व्हाइट बॉल में खेलने के लिए ही फर्स्ट क्लास से रिटायरमेंट लिया है।

