विजय हजारे ट्रॉफी में कुछ बल्लेबाजों ने एक ही सीजन में कई शतक लगाकर भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है।
विजय हजारे ट्रॉफी भारतीय घरेलू वनडे क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक है। इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अक्सर राष्ट्रीय टीम की दहलीज तक पहुंचते हैं।
विजय हजारे ट्रॉफी के हर सीजन में कई बल्लेबाज शतक जमाते हैं, लेकिन बहुत कम ऐसे होते हैं जो एक ही सीजन में बार-बार शतक लगाकर इतिहास रच देते हैं। इस लिस्टिकल में हम उन टॉप 10 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं।
ये हैं विजय हजारे ट्रॉफी के एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले टॉप 10 बल्लेबाज
1. नारायण जगदीशन (तमिलनाडु) – 5 शतक (2022-23)
नारायण जगदीशन के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने 2022-23 सीजन में 8 मैचों में 830 रन बनाए और 5 शतक लगाए। इस दौरान उन्होंने 277 रन की की वर्ल्ड रिकॉर्ड वाली पारी भी खेली। हालाँकि, उस सीजन उनकी टीम क्वार्टरफाइनल तक ही पहुँच सकी थी, जहाँ उन्हें टूर्नामेंट की चैंपियन सौराष्ट्र से हार झेलनी पड़ी थी।
2. करुण नायर (विदर्भ) – 5 शतक (2024-25)
करुण नायर ने 2024-25 सीजन में 9 मैचों की 8 पारियों में 779 रन बनाए और 5 शतक जड़े। छह बार नाबाद रहने के चलते उनका औसत अविश्वसनीय (389.50) रहा। इस सीजन में उन्होंने कई मैचों में टीम को अकेले दम पर जीत दिलाई और विदर्भ को फाइनल तक भी पहुँचाया था।
3. अमन मोखाड़े (विदर्भ) – 5 शतक (2025-26)
अमन मोखाड़े ने 2025-26 सीजन में 10 मैचों में 814 रन बनाए और 5 शतक लगाए। उनका औसत 90.44 रहा, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में कई बड़ी पारियां खेलीं और विदर्भ को खिताब जिताने में बड़ा योगदान दिया।
4. ऋतुराज गायकवाड़ (महाराष्ट्र) – 4 शतक (2022-23)
ऋतुराज गायकवाड़ ने 2022-23 सीजन में केवल 5 मैचों में 660 रन बनाए और 4 शतक लगाए। इस दौरान उन्होंने 220 रनों की एक नाबाद पारी भी खेली और महाराष्ट्र को फाइनल तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई। यह लगातार दूसरा सीजन था जब गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में चार शतक लगाए थे।
5. ऋतुराज गायकवाड़ (महाराष्ट्र) – 4 शतक (2021-22)
ऋतुराज गायकवाड़ ने 2021-22 सीजन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 मैचों में 603 रन बनाए थे और 4 शतक लगाए थे। हालाँकि, इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के बावजूद वह अपनी टीम को नॉकआउट स्टेज तक नहीं पहुंचा सके थे।
6. विराट कोहली (दिल्ली) – 4 शतक (2008-09)
विराट कोहली ने 2008-09 सीजन में 7 मैचों में 534 रन बनाए थे और 4 शतक जड़े थे। यही प्रदर्शन उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की मजबूत नींव बना और आगे चलकर वह वर्ल्ड क्रिकेट के महान बल्लेबाजों में शामिल हुए। हालाँकि, उस सीजन उनकी टीम क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बंगाल से हारकर बाहर हो गई थी।
7. देवदत्त पडिक्कल (कर्नाटक) – 4 शतक (2020-21)
देवदत्त पडिक्कल ने 2020-21 सीजन में 7 मैचों में 737 रन बनाए और 4 शतक लगाए थे। उनका औसत 147.40 रहा, जो इस टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक है। उन्होंने लगातार बड़े स्कोर बनाकर कर्नाटक को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी, जहाँ उन्हें टूर्नामेंट की विजेता मुंबई से हार झेलनी पड़ी थी।
8. पृथ्वी शॉ (मुंबई) – 4 शतक (2020-21)
पृथ्वी शॉ ने 2020-21 सीजन में 8 मैचों की 8 पारियों में 827 रन बनाए और 4 शतक जड़े, जिसमें 227 रनों की एक नाबाद बड़ी पारी भी शामिल थी। उन्होंने इस सीजन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर मुंबई को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
9. देवदत्त पडिक्कल (कर्नाटक) – 4 शतक (2025-26)
देवदत्त पडिक्कल ने 2025-26 सीजन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 मैचों की 9 पारियों में 725 रन बनाते हुए 4 शतक लगाए। उनके इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत कर्नाटक ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जहाँ उन्हें बाद में चैंपियन बनी विदर्भ के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
10. मयंक अग्रवाल (कर्नाटक) – 4 शतक (2024-25)
मयंक अग्रवाल ने 2024-25 सीजन में 10 मैचों में 651 रन बनाए और 4 शतक लगाए। अनुभवी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने टीम को स्थिरता दी और कई अहम मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलीं। उनकी कप्तानी में कर्नाटक ने उस सीजन फाइनल में विदर्भ को हराकर खिताब भी जीता था।
विजय हजारे ट्रॉफी में एक ही सीजन में कई शतक लगाना बेहद कठिन होता है, क्योंकि टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा बहुत कड़ी रहती है। नारायण जगदीशन से लेकर मयंक अग्रवाल तक, इन सभी बल्लेबाजों ने अलग अलग दौर में अपने शानदार प्रदर्शन से घरेलू क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







