PAK vs SA: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बुधवार (12 फरवरी) को कराची में खेले गए ट्राई-सीरीज के तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज करते हुए 6 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 352/5 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। 353 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 91 के स्कोर पर 3 विकेट गँवा दिए, लेकिन उसके बाद कप्तान मोहम्मद रिजवान और उप-कप्तान सलमान अली आगा ने चौथे विकेट के लिए 260 रनों की बड़ी साझेदारी की। उनकी इस साझेदारी के चलते पाकिस्तान ने 49 ओवरों में 6 विकेट से जीत हासिल कर ली, जो वनडे क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा रन चेज रहा।
कराची में खेले गए इस वनडे मुकाबले में जहां एक ओर मोहम्मद रिजवान ने 128 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 122* रनों की नाबाद पारी खेली, तो वहीं दूसरी ओर सलमान अली आगा ने 103 गेंदों पर 130.1 की स्ट्राइक रेट से 134 रनों की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 2 छक्के लगाए। आगा को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए इस मुकाबले में कई सारे रिकॉर्ड भी बने, जिसमें मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा ने ढेर सारे रिकॉर्ड अपने नाम किए। यहाँ हम आपको कराची में खेले गए पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका वनडे मुकाबले में बने प्रमुख रिकॉर्ड्स की जानकारी देने जा रहे हैं।
PAK vs SA: कराची में खेले गए पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका वनडे मुकाबले में बने प्रमुख रिकॉर्ड्स पर एक नजर
1. इस मुकाबले में पाकिस्तान ने 353 रनों का टारगेट चेज किया, जो वनडे क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा सफल रन चेज है। उन्होंने इस मामले में 2022 में लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 349 रन के रन चेज को पीछे छोड़ा। यह वनडे में पाकिस्तान का 300 या उससे अधिक रनों का 12वां सफल चेज भी रहा।
2. पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा सफल रन-चेज किया। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया द्वारा 2002 में ग्केबेरहा में किए गए 327 रनों का टारगेट चेज करने के रिकॉर्ड को तोड़ा।
3. इस मुकाबले में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 707 रन बनाए, जो पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच किसी वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन हैं। उन्होंने इस मामले में 2021 में जोहान्सबर्ग में बने 665 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
4. इस मैच में रन चेज के दौरान मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा की चौथे विकेट के लिए 260 रनों की साझेदारी की, जो पाकिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट में रन चेज के दौरान सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले, मोहम्मद हफीज़ और इमरान फरहत ने 2011 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 228* रनों की नाबाद साझेदारी की थी।
5. इस मुकाबले में मोहम्मद रिजवान ने नंबर चार पर और सलमान अली आगा ने नंबर पांच पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। यह पहली बार था, जब पाकिस्तान के दो बल्लेबाजों ने एक ही वनडे पारी में नंबर 4 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा।
6. कप्तान मोहम्मद रिज़वान ने इस मुकाबले में 122* रनों की पारी खेली, जो वनडे क्रिकेट में रन चेज के दौरान किसी भी पाकिस्तानी कप्तान द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है।
7. रिजवान की 122* रनों की पारी किसी भी वनडे क्रिकेट में रन चेज के दौरान किसी विकेटकीपर कप्तान द्वारा खेली गई सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने इस मामले में ब्रेंडन टेलर (121 बनाम आयरलैंड, 2015) का रिकॉर्ड का रिकॉर्ड तोड़ा।
8. रिजवान की 122* रनों की पारी किसी पाकिस्तानी विकेटकीपर द्वारा वनडे में खेली गई तीसरी सबसे बड़ी पारी है। इस सूची में खुद उनकी ही 131* (श्रीलंका, 2023) रनों की पारी पहले स्थान पर और कामरान अकमल की 124* (वेस्टइंडीज, 2005) रनों की पारी दूसरे स्थान पर हैं।
9. ऐसा छठी बार हुआ, जब किसी पाकिस्तानी कप्तान ने वनडे क्रिकेट में सफल रन चेज के दौरान शतक लगाया। रिजवान ने पहली बार वनडे रन चेज में जिताऊ शतक लगाया, जबकि बाबर आजम चार बार और अजहर अली एक बार यह कारनामा कर चुके हैं।
10. सलमान अली आगा ने इस मुकाबले में नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए 134 रनों की बड़ी पारी खेली, जो नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज द्वारा वनडे क्रिकेट में खेली गई सबसे बड़ी पारी है। आगा ने इस मामले में बासित अली के 127* (वेस्टइंडीज, 1993) रनों की पारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
11. मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने अपने वनडे करियर के पहले दो मैचों में कुल 233 रन बनाए, जो किसी भी बल्लेबाज के लिए करियर के शुरूआती दो वनडे मैचों में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं।
12. इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के तीन बल्लेबाज – टेम्बा बावुमा (82), मैथ्यू ब्रीट्ज़के (83) और हेनरिक क्लासेन (87) – 80s में (80 से 89 रनों के बीच) आउट हुए। यह वनडे इतिहास क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ, जब किसी टीम के तीन बल्लेबाज एक ही पारी में 80s में आउट हुए।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरें पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







