SL vs IND: Team India lost in ODI series due to these 3 reasons
श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। भारत को 27 सालों बाद श्रीलंका के खिलाफ किसी वनडे सीरीज में हार झेलनी पड़ी। इस सीरीज में भारतीय टीम की तरफ से कई गलतियां हुईं, जिसके लिए टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं को भी जिम्मेदार माना जा सकता है।

भारतीय टीम के गेंदबाजों ने इस सीरीज में अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन वह बल्लेबाजी में बेहद कमजोर दिखे। रोहित शर्मा और अक्षर पटेल के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज उतना प्रभावशाली नहीं दिखा। इसके अलावा, बल्लेबाजी क्रम में भी कई बदलाव किए गए और चयनकर्ताओं द्वारा कई अनुभवी खिलाड़ियों को वनडे सीरीज के लिए ना चुनना भी टीम इंडिया के हार के कारणों में से एक रहा। आइए, अब हम वनडे सीरीज में टीम इंडिया के हारने की 3 वजहों पर एक नजर डालते हैं।
SL vs IND: वनडे सीरीज में इन 3 वजहों से हारी टीम इंडिया
1. खराब बल्लेबाजी और बैटिंग ऑर्डर में लगातार बदलाव
कोलंबो में खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में भारत की बल्लेबाजी बेहद खराब दिखी। रोहित शर्मा के अलावा, अन्य कोई भारतीय बल्लेबाज इस सीरीज में एक अर्धशतक नहीं लगा सका। हालांकि, अक्षर पटेल थोड़े अच्छे दिखे और उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया, लेकिन वह काफी नहीं था।
इसके अलावा, टीम मैनेजमेंट ने भारत की बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव किया। वह लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन बनाने के चक्कर में लगातार बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करते रहे, जिसका खामियाजा उन्हें सीरीज गंवाकर भुगतना पड़ा। टीम मैनेजमेंट ने टी20 की तरह लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन को वरीयता दी, जबकि वनडे क्रिकेट में ओपनिंग में इस कॉम्बिनेशन के अलावा अन्य फॉर्मेट में इसकी कोई खास जरूरत नहीं पड़ती है।
2. भारतीय स्पिनरों का पिच की परिस्थितियों के हिसाब से गेंदबाजी ना करना
कोलंबो की पिच पिछले कुछ सालों से धीमी गति के गेंदबाजों के लिए मददगार साबित होती है। मेजबान टीम के स्पिनरों ने उन परिस्थितियों को समझते हुए अच्छी तरह से उसका उपयोग किया और बेहद धीमी गति से गेंद डालते रहे, जिसके चलते भारतीय बल्लेबाजों को गेंद को टाइम करने में मुश्किल हुई।

दूसरी ओर, भारतीय स्पिनर अपनी गति से गेंद फेंकते रहे, इसीलिए उन्हें इन परिस्थितियों का उतना अधिक फायदा नहीं मिल सका, जितना उन्हें मिलना चाहिए था। इसीलिए, अंतिम वनडे में रियान पराग (Riyan Parag) विकेट लेने में कामयाब हुए, क्योंकि वह पिच के हिसाब से गेंद फेंकते हैं। अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने भी उस हिसाब से गेंदबाजी नहीं की, जिसके चलते उन्हें मुश्किल हुई।
3. चयनकर्ताओं द्वारा कई अनुभवी खिलाड़ियों को मौका ना देना
वनडे सीरीज में बड़े ही मुश्किल से रोहित शर्मा और विराट कोहली की उपस्थिति हो पाई थी, जबकि, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली। भारतीय चयनकर्ताओं की सबसे बड़ी गलती यह रही कि उन्होंने कई अनुभवी खिलाड़ियों को वनडे टीम में जगह नहीं दी और श्रीलंका को कमजोर समझने की भूल की।

कोलंबो की स्पिन पिच पर रविंद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या जैसे आलराउंडर बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में अपना अच्छा योगदान दे सकते थे। इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव भी यहाँ अच्छी बल्लेबाजी कर सकते थे, लेकिन इन खिलाड़ियों को मौका नहीं दिया गया। इसी के चलते, भारतीय टीम को सभी मुकाबलों में नुकसान झेलना पड़ा।







