Top 5 Highest Team Totals in T20 Cricket: टी20 क्रिकेट का इतिहास लगभग 22 साल पुराना है। तब से लेकर अब तक कई सारी टीमों ने टी20 क्रिकेट में 250 से ज्यादा टोटल बनाया है। हालाँकि, टी20 क्रिकेट इतिहास में अब तक सिर्फ दो टीमें ही ऐसी रही हैं, जिन्होंने 300 से ज्यादा का टोटल बनाया है। हाल ही में इस क्लब में जिम्बाब्वे की भी एंट्री हो चुकी है।
नेपाल ने टी20 क्रिकेट में सबसे पहले 300 से ज्यादा का टोटल खड़ा किया था और उनका यह रिकॉर्ड लगभग एक साल तक बचा रहा। लेकिन 23 अक्टूबर 2024 को जिम्बाब्वे ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। अब यह देखना बेहद ही दिलचस्प रहेगा कि, टी20 क्रिकेट में कौन सी टीम सबसे पहले 350+ रनों का आंकड़ा पार करती है।
टी20 क्रिकेट इतिहास में टॉप 5 सबसे बड़े टीम टोटल | Highest Team Totals in T20 Cricket
5. जिम्बाब्वे – 286/5 vs सेशेल्स (2024)

जिम्बाब्वे ने आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर में सेशेल्स के खिलाफ नैरोबी (जिमखाना) में खेले गए मुकाबले में 286/5 का स्कोर खड़ा किया था। इस मुकाबले में उन्हें डकवर्थ लुईस-स्टर्न मेथड के जरिए 76 रनों के अंतर से जीत हासिल हुई थी।
इस मुकाबले में ब्रायन बेनेट ने 35 गेंदों पर 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 91 और तदिवानाशे मरुमानी ने 37 गेंदों पर 10 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 86 रनों की पारी खेली थी। उनके अलावा, कप्तान सिकंदर रज़ा ने 13 गेंदों पर 36* रनों का योगदान दिया था।
4. सनराइजर्स हैदराबाद – 287/3 vs रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (2024)

आईपीएल 2024 में सनराइजर्स ने एक अलग ही स्तर की बल्लेबाजी की। उन्होंने इस टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल खड़ा किया और लगभग ढाई हफ्ते बाद 287/3 का स्कोर बनाकर अपना पिछ्ला रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया।
3. भारत – 297/6 vs बांग्लादेश (2024) | India vs Bangladesh

भारत ने 12 अक्टूबर 2024 को हैदराबाद में खेले गए एक टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 297/6 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था, जो किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर भी है। उस मुकाबले में भारत को 133 रनों से जीत हासिल हुई थी।
हैदराबाद में खेले गए उस ऐतिहासिक मुकाबले में संजू सैमसन ने 40 गेंदों पर भारत के लिए दूसरा सबसे तेज अन्तर्राष्ट्रीय शतक जड़ते हुए 47 गेंदों पर 111 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनके अलावा, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों पर 75 और हार्दिक पांड्या ने 18 गेंदों पर 47 रन बनाए थे।
2. नेपाल – 314/3 vs मंगोलिया (2023) | Nepal vs Mangolia

साल 2023 के एशियाई गेम्स में क्रिकेट को पहली बार शामिल किया गया था। उस टूर्नामेंट में नेपाल ने मंगोलिया के खिलाफ (Nepal vs Mangolia) टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा टोटल खड़ा किया था, जो रिकॉर्ड अब टूट चुका है।
22 सालों तक टी20 क्रिकेट में किसी भी टीम ने कभी भी 300 से ज्यादा का टोटल नहीं बनाया था, लेकिन नेपाल ने हांगझू में मंगोलिया के खिलाफ 314/3 का टोटल खड़ा करके इतिहास रच दिया था। इस मुकाबले में मंगोलिया की टीम मात्र 41 रनों पर ढेर हो गई थी।
इस मुकाबले में कुशल भुर्तल ने 34 गेंदों पर शतक जड़ा था, जो उस समय टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे बड़ा शतक था, लेकिन बाद में यह रिकॉर्ड भी टूट गया। इसके अलावा, दीपेंद्र सिंह ऐरी ने उस मुकाबले में मात्र 10 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था, जो टी20 क्रिकेट का अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है।
1. जिम्बाब्वे – 344/4 vs गाम्बिया (2024) | Zimbabwe vs Gambia

जिम्बाब्वे ने आईसीसी पुरूष टी20 विश्व कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर में गाम्बिया के खिलाफ नैरोबी (रुआराका) में खेले गए मुकाबले में 344/4 का स्कोर खड़ा किया था। इस मुकाबले में उन्हें 290 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल हुई थी।
इस मुकाबले में सिकंदर रज़ा ने 43 गेंदों पर 7 चौकों और 15 छक्कों की मदद से 133* रनों की पारी खेली थी। उन्होंने अपनी पारी में मात्र 33 गेंदों पर ही शतक जड़ दिया था, जो टी20 अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी है।
Latest Cricket News in Hindi, Latest Football News in Hindi, Latest Tennis News in Hindi और सभी Latest Sports News in Hindi के लिए हमारी वेबसाइट Sports Digest Hindi पर विजिट करें। इसके अलावा, खेल से सम्बंधित सभी ताजा खबरों पाने के लिए हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।








